गर्मी के मौसम में सभी आम बहुत शौक से खाते हैं। सभी का पसंदीदा फल होता है आम। आम में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होते हैं। आप अकसर आम खाने के बाद उसका छिलका फेंक देते होंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं आम के छिलकों में भी उसी की तरह कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो सेहत के साथ ही त्वचा के लिए भी लाभकारी होते हैं। आप चाहें तो इसके छिलकों का इस्तेमाल अपनी खूबसूरती को बढ़ाने के लिए कर सकते हैं।
दरअसल, आम के छिलकों का इस्तेमाल त्वचा की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए किया जाता है। इसके लिए पहले आम के छिलकों को धूप में सुखाया जाता है, इसके बाद इनका पाउडर तैयार किया जाता है। इस पाउडर का उपयोग त्वचा पर करना लाभकारी माना जाता है। आम के छिलकों से तैयार पाउडर के इस्तेमाल से कील-मुहांसे, दाग-धब्बे, झुर्रियां और टैनिंग दूर हो सकती है। आप भी इसके छिलकों का इस्तेमाल करके अपने चेहरे में निखार ला सकते हैं। चलिए कॉस्मेटोलॉजिस्ट प्रीति सेठ से जानते हैं, आम के छिलकों से त्वचा को होने वाले फायदों और इनके प्रयोग के बारे में-
आम के छिलके में मौजूद पोषक तत्व (Nutrients in Mango Peel)
- विटामिन ए (Vitamin A)
- विटामिन बी6 (Vitamin B6)
- विटामिन सी (Vitamin C)
- फाइबर (Fiber)
- कॉपर (Copper)
- फोलेट (Folate)
इसे भी पढ़ें - सरसों के बीजों से बनाएं ये 5 फेस मास्क, एक्सपर्ट से जानें चेहरे की स्किन के लिए क्यों हैं ये फायदेमंद
1. दाग-धब्बे दूर करे आम का छिलका (Mango Peel to Remove Stains or Mark)
अगर आपके शरीर पर किसी भी स्थान पर दाग-धब्बे हैं, तो आप इन्हें दूर करने के लिए आम के छिलकों का इस्तेमाल कर सकते हैं। आम के छिलकों में पर्याप्त मात्रा में विटामिन सी होता है, जो दाग-धब्बों को हटाने या दूर करने में मददगार होता हैं। विटामिन सी डार्कनेस को भी खत्म करता है। इसके लिए आप आम के छिलकों को सुखाएं और इनका पाउडर तैयार कर लें।
- दाग धब्बों को दूर करने के लिए आप 2 चम्मच आम के छिलकों का पाउडर लें।
- अब इसमें एक चम्मच दही मिला लें।
- इसे प्रभावित स्थान या दाग-धब्बे वाले स्थान पर लगाएं। 15-20 मिनट बाद त्वचा को पानी से साफ कर लें।
- कुछ दिनों तक लगातार इसके उपयोग से समस्या ठीक हो सकती है।
- आम का छिलका दाग-धब्बे दूर कर त्वचा को एकदम साफ करने में मदद करता है।
2. झुर्रियां दूर करने में सहायक आम का छिलका (Mango Peel Helps in Removing Wrinkles)
झुर्रियां चेहरे को खराब कर देती हैं। हर महिला रिंकल्स फ्री स्किन चाहती हैं, एक उम्र के बाद झुर्रियां पड़ना स्वाभाविक होता है। लेकिन कुछ महिलाओं को उम्र से पहले से झुर्रियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में आम के छिलकों का इस्तेमाल करना लाभकारी हो सकता है। आम के छिलकों में विटामिन ए और विटामिन सी उच्च मात्रा में होता है, जो त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
- झुर्रियों को दूर करने के लिए आप आम के छिलकों का पाउडर तैयार कर लें।
- अब एक कटोरी में 2 चम्मच आम के छिलकों का पाउडर डालें।
- इसमें गुलाब जल की कुछ बूंदे डालें। अब दोनों को अच्छे से मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें।
- इसे अपने चेहरे पर लगाएं और सूखने पर चेहरा धो दें।
- लगातार कुछ दिनों तक इसके इस्तेमाल से झुर्रियों की समस्या दूर हो सकती है। यह उम्र से पहले पड़ने वाली झुर्रियों को रोकने में भी मदद करता है।
इसे भी पढ़ें - क्या आपकी त्वचा पर दिखते हैं ये 5 संकेत, तो उम्र से पहले मिल सकता है बुढ़ापा
3. उबटन का काम करे आम का छिलका (Mango Peel Work as Ubtan)
उबटन का इस्तेमाल त्वचा को साफ करने और उसमें निखार लाने के लिए किया जाता है। उबटन कई चीजों से तैयार किया जाता है। आप चाहें तो आम के छिलकों से भी उबटन तैयार कर सकते हैं। सप्ताह में 2-3 बार इस उबटन को त्वचा पर लगाने से आपको कई फायदे मिल सकते हैं।
- आम के छिलकों का उबटन बनाने के लिए पहले इसका पाउडर तैयार कर लें।
- इसके बाद एक कटोरी में 2 चम्मच आम के छिलकों का पाउडर लें।
- इसमें 2 चम्मच गेहूं का आटा मिला दें। साथ ही कुछ बूंदे गुलाब जल की डालें।
- तीनों चीजों को अच्छे से मिक्स करके उबटन (Ubtan) तैयार कर लें।
- इसके इस्तेमाल से त्वचा से जुड़ी सामान्य समस्याएं ठीक हो सकती है।
4. टैनिंग दूर करने में फायदेमंद आम का छिलका (Mango Peel Beneficial in Removing Tanning)
गर्मी, धूप और सूरज की हानिकारक किरणों की वजह से त्वचा पर टैनिंग होना बेहद सामान्य है। लेकिन अगर त्वचा की पूरी सुरक्षा की जाए, तो टैनिंग से बचा जा सकता है। कुछ लोग घर से बाहर निकलने पर सनस्क्रीन का इस्तेमाल नहीं करती हैं, जिससे उन्हें टैनिंग की समस्या फेस करनी पड़ती है। अगर आपके भी टैनिंग हैं, तो आप आम के छिलकों से इसे ठीक कर सकते हैं। आम के छिलकों में मौजूद विटामिन सी टैनिंग को दूर करने में मदद करता है।
- टैनिंग को दूर करने के लिए आप आप के छिलकों को लें।
- इससे प्रभावित स्थान पर हल्के हाथों से मसाज करें।
- इसके बाद साफ पानी से त्वचा को अच्छे से साफ कर लें।
- इससे कुछ ही दिनों में आपकी टैनिंग की समस्या दूर हो जाएगी।
आप भी इन सारी समस्याओं को दूर करने के लिए आम के छिलकों का इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन अगर आपकी त्वचा संवेदनशील या सेंसिटिव है, तो आपको एक्सपर्ट की सलाह पर ही इसका इस्तेमाल करना चाहिए।
Read More Articles on Skin Care in Hindi