टखनों में दर्द कई कारणों से हो सकता है। खासतौर पर मांसपेशियों में खिंचाव, अर्थराइटिस, सूजन और मोच के कारण यह परेशानी हो सकती है। कभी-कभी टखनों में तीव्र दर्द उत्पन्न होता है, जिसे सहन करना काफी मुश्किल हो जाता है। यदि आपको लंबे समय से अर्थराइटिस की परेशानी है, तो टखनों में दर्द हो सकता है। टखनों में दर्द का आयुर्वेदिक या घरेलू तरीकों से इलाज किया जा सकता है। इन आयुर्वेदिक तरीकों से आपको दर्द से काफी हद तक आराम मिल सकता है। सिरसा के आयुर्वेदाचार्य श्रेय शर्मा बताते हैं कि टखनों में दर्द के कारणों का इलाज करके दर्द को दूर करने की कोशिश की जाती है। अर्थराइटिस में कई बार टखनों में दर्द होता है। खासतौर पर सर्दियों के सीजन में यह परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ घरेलू उपायों द्वारा इसका इलाज करने की कोशिश की जाती है। आइए जानते हैं टखनों में दर्द का आयुर्वेदिक इलाज-
1. अदरक से करें टखनों के दर्द का इलाज
आयुर्वेदाचार्य बताते हैं कि अदरक में दर्द निवारक गुण छिपा होता है। यह गठिया की वजह से हुए सूजन, दर्द और जलन को कम करने में आपकी मदद कर सकता है। अगर आपको टखनों में काफी ज्यादा दर्द हो रहा है, तो 1 अदरक का टुकड़ा लें। अब इसे 1 कप पानी के साथ उबाल लें। पानी जब अच्छे से उबल जाए, तो एक कपड़े को इस पानी में भिगोकर अपने प्रभावित हिस्से पर लगाएं। करीब 10 से 15 मिनट तक इस पानी से टखनों की सिंकाई करें। इससे आपको टखने में दर्द से काफी आराम मिलेगा।
टॉप स्टोरीज़
2. हल्दी से करें इलाज
हल्दी कई परेशानियों को दूर करने का गुण रखता है। दरअसल, हल्दी में करक्यूमिन नामक यौगिक होता है, जो एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर है। साथ ही इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी का गुण पाया जाता है, जो दर्द को दूर करने का गुण रखता है। हल्दी से टखनों के दर्द को दूर करने में काफी मदद मिलती है। डॉक्टर श्रेय शर्मा बताते हैं कि टखने में दर्द होने पर 1 चम्मच हल्दी को आधे चम्मच गर्म ऑलिव ऑयल में मिला लें। अब इसे अपने प्रभावित हिस्से पर लगाकर एक कपड़ा या पट्टी बांध लें। इससे आपको टखनों के दर्द से काफी आराम मिलेगा।
इसे भी पढ़ें - टखनों (एंकल) में दर्द के हो सकते हैं ये 8 कारण, जानें इस दर्द से छुटकारा पाने के आसान तरीके
3. पुदीने का तेल है प्रभावी
टखनों के दर्द से छुटकारा दिलाने में पुदीने का तेल काफी प्रभावी हो सकता है। इसे आप अपने खाने और लागने दोनों तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं। यह तेल मोच की वजह से होने वाले दर्द से भी आराम दिला सकता है। पुदीने के तेल में एंटी-इंफ्लेमेटरी का गुण पाया जाता है, जो मांसपेशियों के सूजन और दर्द को दूर करने में आपकी मदद करता है। पुदीने के तेल का प्रयोग करने से अर्थराइटिस के सूजन और दर्द से भी छुटकारा पाया जा सकता है।
अगर आपके टखनों में दर्द हो रहा है, तो सबसे पहले आप पुदीने की कुछ पत्तियां लें। अब इसे अच्छे से पीस लें। पीसे हुए पुदीने के पेस्ट को एक जार में डाल दें। अब इस जार में ऑलिव ऑयल से भरकर कुछ दिनों के लिए छोड़ दें। आप चाहें, तो इसे बीच-बीच में धूप में भी रख सकते हैं। इसके बाद जब भी आपको टखनों या फिर अर्थराइटिस की वजह से ज्वाइंट में दर्द हो, तो इस तेल से करीब 15 मिनट तक अपने प्रभावित हिस्से की मालिश करें। इससे आपको दर्द से काफी आराम मिलेगा।
4. लहसुन से मिलेगा टखने के दर्द से आराम
मोच की वजह से अगर आपके टखनों में दर्द हो रहा है, तो लहसुन आपके लिए काफी प्रभावी हो सकता है। लहसुन में एंटी-इंफ्लेमेटरी का गुण छिपा होता है। यह मांसपेशियों को मुलायम करके दर्द को कम करने का गुण रखता है। साथ ही लहसुन इम्यून पावर को बढ़ाने का कार्य करता है। टखने में दर्द होने पर लहसुन की कुछ कलियों को अच्छे से पीस लें। अब इस पेस्ट को नारियल तेल में मिक्स करके प्रभावित हिस्से पर लगाएं। करीब 10 मिनट तक इस तेल से प्रभावित हिस्से की मालिश करें। इससे आपको दर्द से काफी आराम मिलेगा। दिन में दो बार इस तेल का इस्तेमाल कर सकते हैँ।
5. गर्म पानी से करें सिंकाई
टखनों में दर्द होने पर गर्म पानी से सिंकाई करने से आपको काफी आराम मिलेगा। इसके लिए 1 कटोरी गर्म पानी लें। अब इस पानी में एक सूती कपड़ा भिगोकर प्रभावित हिस्से की सिंकाई करें। दिन में दो से तीन बार टखने की गर्म सिंकाई करने से दर्द से काफी आराम मिल सकता है। गर्म पानी से सिंकाई और अन्य प्रभावित हिस्से के लिए भी कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें - टखनों का कालापन दूर करने के लिए अपनाएं ये 5 घरेलू नुस्खे
6. गर्म सरसों तेल से करें मालिश
टखनों में दर्द का इलाज करने के लिए आप सरसों के तेल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह आपके लिए काफी प्रभावी साबित हो सकता है। इसके लिए सरसों के तेल को हल्का सा गर्म कर लें। तेल को गर्म करते समय इसमें लहसुन की 2 से 3 कलियां डाल दें। इसके बाद इसे थोड़ा ठंडा होने दें। अब इस तेल से अपने टखनों की मालिश करें। इससे आपको दर्द से काफी आराम मिल सकता है। साथ ही टखनों में सूजन और लालिमा से भी छुटकारा मिल सकता है।
7. सेब का सिरका
टखने के दर्द से राहत पाने के लिए सेब के सिरके का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक बाल्टी गर्म पानी लें। इसमें 1 ढक्कन सेब का सिरका डाल दें। अब इस पानी में अपने पैर को कुछ समय के लिए डुबोकर रख दें। दिन में दो से तीन बार इस विधि को अपनाने से टखनों के दर्द से काफी आराम मिलेगा।
8. बर्फ से करें सिंकाई
टखनों में दर्द और सूजन होने पर बर्फ की सिंकाई से भी काफी आराम मिल सकता है। इसके लिए एक सूती कपड़ा लेँ। अब इस कपड़े में बर्फ के कुछ टुकड़े डालकर प्रभावित हिस्से की सिंकाई करें। इससे टखनों के दर्द औस सूजन से आराम मिलेगा। यह अंदरुनी रूप से आपके दर्द को दूर कर सकता है।
टखनों में दर्द से रहत पाने के लिए आप इन घरेलू नुस्खों को आजमा सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि अगर आपकी परेशानी ज्यादा बढ़ रही है, तो अपना समय से इलाज करें। टखनों में तीव्र दर्द होने पर डॉक्टर से तुरंत संपर्क करेँ। ताकि आपकी परेशानी ज्यादा बढ़े नहीं।