Ayurvedic Remedies To Get Relief From Chronic Constipation: लंबे समय तक एक ही जगह पर बैठे रहना, खराब खानपान, अनियमित जीवनशैली, तनाव और कम सोने की वजह से कब्ज की समस्या हो सकती हैं। समय बढ़ने के साथ ये परेशानी बढ़ती है और कई तरह की बीमारियों के खतरे को भी बढ़ा सकती हैं। लंबे समय तक कब्ज को ही पुरानी कब्ज या क्रोनिक कब्ज भी कहा जाता है। अक्सर शुरू में कब्ज होने पर लोग इसे हल्के में लेकर नजरअंदाज करते हैं, जिस कारण परेशानी बढ़ सकती हैं। कब्ज रहने के कारण व्यक्ति ठीक से खा भी नहीं पाता है और फ्रेश न होने के कारण उसका मूड भी ठीक नहीं रहता है। कब्ज के कारण किसी काम में मन लगाना भी काफी मुश्किल हो जाता है। अक्सर लोग कब्ज से राहत पाने के लिए कई तरह की दवाइयों और चूर्ण का सेवन करते हैं लेकिन इन चीजों से भी कई बार आराम नहीं मिलता हैं। ऐसे में पुरानी कब्ज से राहत पाने के लिए कई आयुर्वेदिक उपाय किए जा सकते हैं। इन उपायों के बारे में जानने के लिए हमने बात की सुधा क्लीनिक के आयुर्वेदिक डॉक्टर अलका शर्मा से।
दूध और घी
पुरानी कब्ज से राहत पाने के लिए दूध और घी एक अच्छा उपाय है। ये पेट को साफ करने में मदद करने के साथ मल को सॉफ्ट बनाता है। इसका सेवन करने के लिए 1 कप गुनगुने दूध में चम्मच देसी को मिलाकर पिएं। इसका सेवन रात को सोने से पहले करने से पाचन-तंत्र मजबूत होने के साथ शरीर भी डिटॉक्स होता है।
भुनी हुई सौंफ
भुनी हुई सौंफ शरीर की कई समस्याओं को दूर करती हैं। ये पाचन को बढ़ावा देने के साथ पेट को साफ करने में मदद करती है। इसमें मौजूद एंजाइम और तेल गैस्ट्रिक समस्याओं को आसानी से दूर करते हैं। इसका सेवन करने के लिए 1 चम्मच भुनी हुई सौंफ को पिसकर 1 गिलास पानी में मिलाकर रोजाना रात को सोने से पहले पिएं।
बेल
बेल फल का गूदा कब्ज से राहत दिलाने में मदद करता है और मल त्याग में भी सुधार करता है। इसका सेवन करने के लिए 1/2 कप बेल का गूदा लेना है और इसमें 1 चम्मच गुड़ मिलाना है। कब्ज से राहत पाने के लिए आप रात के खाने से पहले इसका सेवन करें। बेल पाचन को बढ़ावा देने के साथ गैस, एसिडिटी की समस्या से भी राहत देता है।
इसे भी पढ़ें- लंबे समय से अपच की समस्या का कारण हो सकती हैं 3 गलतियां, जानें बचाव के तरीके
मुलेठी
मुलेठी के चूर्ण का सेवन करने से भी पुरानी कब्ज से राहत पाई जा सकती है। इसका सेवन करने के लिए 1 चम्मच मुलेठी पाउडर और 1 चम्मच गुड को मिलाकर इसका सेवन करें। इसका सेवन करने के बाद गर्म पानी का सेवन अवश्य करें। ऐसा करने से पाचन में सुधार होगा और पेट साफ होने में मदद मिलेगी।
अंजीर
अंजीर का सेवन कब्ज को दूर करने के साथ पेट साफ करने में मदद करता है। अंजीर में मौजूद फाइबर क्रोनिक कब्ज से राहत देने के साथ पाचन-तंत्र को हेल्दी रखता है। इसका सेवन करने के लिए रात को 1 से 2 अंजीर पानी में भिगो दें। सुबह उठकर इसका सेवन करने से पेट आसानी से साफ होगा।
पुरानी कब्ज से राहत पाने के लिए इन आयुर्वेदिक उपायों को किया जा सकता हैं। हालांकि, इन उपायों को करने से पहले डॉक्टर की राय अवश्य लें।
All Image Credit- Freepik