पुराने समय में बालों को साफ करने के लिए इतने उत्पाद मौजूद नहीं थे। उस समय बालों को साफ रखने के लिए लोग प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल किया करते थे। उदाहरण के लिए बालों को साफ करने के लिए नींबू का इस्तेमाल किया जाता था। नींबू के रस में पीएच का स्तर कम होता है और बालों का प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में नींबू फायदेमंद होता है। अन्य कई चीजों का इस्तेमाल बालों को साफ करने के लिए किया जाता था। जानते हैं बाल साफ करने के 5 प्राचीन तरीके।
1. पुराने समय में मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल किया जाता था- Multani Mitti
दादी-नानी बालों को साफ करने के लिए मुल्तानी मिट्टी का प्रयोग करती थीं। बालों को साफ करने के लिए मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल फायदेमंद माना जाता है। बालों को साफ करने के लिए मुल्तानी मिट्टी को पानी में भिगोकर रख दें। सुबह पानी में मिट्टी को घो लें। मिट्टी के पेस्ट से बालों को साफ करें, हल्की मालिश करें और बालों को साफ कर लें। मुल्तानी मिट्टी की मदद से स्कैल्प से गंदगी साफ होती है और मुल्तानी मिट्टी सिर में मौजूद एक्सट्रा ऑयल को एब्सॉर्ब कर लेती है।
इसे भी पढ़ें- बालों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए आसान एक्सपर्ट टिप्स
2. प्राचीन समय में शिकाकाई से धोते थे बाल- Shikakai
प्राचीन समय में शिकाकाई से बाल धोते थे। शिकाकाई को बालों का फल भी कहा जाता है। डैंड्रफ की समस्या, बाल सफेद होने की समस्या, बालों में जूं आदि से बचने के लिए शिकाकाई का इस्तेमाल कर सकते हैं। शिकाकाई से बालों को धोने के लिए शिकाकाई को पानी में उबालें। जब पानी में शिकाकाई का अर्क घुल जाए, तो पानी को ठंडा करके उससे बाल धो सकते हैं। बाजार में शिकाकाई का पाउडर भी मिलता है लेकिन ताजा शिकाकाई ज्यादा फायदेमंद होता है।
3. गुड़हल से साफ होंगे बाल- Hibiscus
पुराने समय में त्वचा या बालों के लिए उत्पादों का चलन ज्यादा नहीं था। जो भी प्राकृतिक चीजें लोगों को अपने आसपास नजर आती थीं, उन्हें ही शरीर की विभिन्न समस्याओं को दूर करने के लिए इस्तेमाल कर लिया जाता था। बालों को साफ करने के लिए पुराने समय में गुड़हल के फूल का इस्तेमाल फायदेमंद माना जाता था। गुड़हल की मदद से डैंड्रफ और हेयरफॉल की समस्या दूर होती है। गुड़हल के इस्तेमाल से बाल मुलायम भी बनते हैं। गुड़हल के फूल को पानी के साथ पीसकर मिश्रण बना लें। उस मिश्रण से बालों को साफ करें। गुड़हल के पत्तों के पानी से भी बालों को साफ कर सकते हैं।
4. बेसन है बाल धोने का प्राचीन तरीका- Besan
दादी-नानी से बाल और त्वचा को साफ करने का तरीका पूछेंगे, तो वो बेसन का नाम बताएंगी। पुराने समय में जब लोगों के पास शैंपू और साबुन के ज्यादा विकल्प मौजूद नहीं थे, तो वो लोग बेसन का इस्तेमाल करते थे। बेसन को क्लीजिंग एजेंट कहा जाता है। बालों को साफ करने के लिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। बेसन को पानी के साथ मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट को बाल और स्कैल्प पर लगाकर छोड़ दें। 5 मिनट बाद बालों को साफ पानी से धो लें। बेसन के इस्तेमाल से न केवल बाल साफ होंगे बल्कि बालों को प्रोटीन भी मिलेगा जिससे बाल मजबूत बनेंगे।
5. रीठा है प्राकृतिक क्लींजर- Reetha
पुराने समय में रीठा की मदद से बालों को साफ किया जाता था। ये एक प्राकृतिक हेयर क्लींजर है। गौर करेंगे, तो कई तरह के शैंपू में भी रीठा पाया जाता है। रीठा में सैपोनिन नाम का तत्व पाया जाता है जिससे बाल साफ होते हैं। रीठा से बाल धोएंगे, तो बाल रूखे नहीं होंगे। बाल धोने के लिए रीठा का इस्तेमाल करना है, तो 2 टेबलस्पून रीठा पाउडर को पानी के साथ मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को 10 मिनट के लिए स्कैल्प और बालों पर लगाकर छोड़ दें। इस पेस्ट से स्कैल्प की मालिश करें और 5 मिनट बाद साफ पानी से बाल धो लें। रीठा के इस्तेमाल से बाल चमकदार बनेंगे और पतले बालों की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
ऊपर बताए प्राकृतिक तरीकों से बाल साफ कर सकते हैं। ये शैंपू के मुकाबले, बालों के लिए सुरक्षित विकल्प है।