कुछ लोग टॉयलेट में घंटों बैठे रहते हैं फिर भी उनका पेट साफ नहीं होता है। ऐसे लोगों को मलत्याग के समय बहुत जोर लगाना पड़ता है और बहुत दर्द का सामना करना पड़ता है। अगर आपको भी रोज सुबह ऐसी समस्या का सामना करना पड़ता है, तो इसका कारण कब्ज हो सकता है। खान-पान की गड़बड़ी और बदली हुई जीवनशैली के कारण आजकल कब्ज की समस्या बहुत आम हो गई है। तमाम तरह के चूरन, सिरप, दवाओं और एक्सरसाइज का प्रयोग करने के बाद भी अगर आपका पेट ठीक तरह से साफ नहीं होता है, तो आप इन टिप्स की मदद ले सकते हैं।
सुबह उठकर गुनगुना पानी पिएं
सुबह उठने के बाद सबसे पहले अपनी जरूरत भर गुनगुना पानी पिएं। गुनगुना पानी पीने से पेट साफ होता है और पेट की चर्बी भी कम होती है। सबसे अच्छी बात है कि अगर आप रोज सुबह उठकर पानी पीते हैं, तो आपके शरीर में मौजूद सभी विषैले तत्व मल और मूत्र के सहारे बाहर निकल जाते हैं। इससे शरीर के अंदरूनी अंग (लिवर, किडनी, हृदय आदि) लंबे समय तक स्वस्थ रहते हैं। इसके अलावा दिन में 3-4 लीटर पानी जरूर पिएं। आप दिनभर जो भी खाते हैं, उसे अच्छी तरह पचाने के लिए और खाने द्वारा मिलने वाले पौष्टिक तत्वों को अंगों तक पहुंचाने के लिए पानी बहुत जरूरी है।
इसे भी पढ़ें:- जानें साइनस के कौन से लक्षण होते हैं गंभीर, इन घरेलू नुस्खों से भी कर सकते हैं इलाज
सही समय से सोएं और जागें
अगर आपके सोने और जागने का समय ठीक नहीं है, तो भी आपको कब्ज की समस्या हो सकती है। सुबह उठने के तुरंत बाद जल्दी-जल्दी तैयार होना और नाश्ता करना ठीक नहीं है। सुबह का नाश्ता उठने के कम से कम 2 घंटे बाद ही करें। इसके पहले थोड़ा व्यायाम करें। व्यायाम से आपके दिन की शुरुआत अच्छी और हेल्दी होगी। इसके अलावा टॉयलेट आने पर कभी भी बहुत देर तक न रोकें, चाहे आपको पब्लिक टॉयलेट में ही जाना पड़े क्योंकि देर तक टॉयलेट रोकने से भी कब्ज की समस्या हो जाती है।
सही होना चाहिए आपका आहार
अगर आप लंबे समय से कब्ज और पेट साफ न होने की परेशानी से गुजर रहे हैं, तो इसका कारण आपका आहार हो सकता है। अपने आहार में ऐसी चीजें शामिल करें जो आसानी से पच जाएं न कि ऐसी चीजें जिन्हें बिना पचाए ही पेट बाहर निकाल दे। अगर आप फाइबर वाले आहारों का सेवन करेंगे, तो आपका पेट अच्छी तरह साफ होगा क्योंकि फाइबर वाले आहार आपकी आंतों को अच्छी तरह साफ करते हैं और मल को मुलायम बनाते हैं।
इसे भी पढ़ें:- सर्दी, जुकाम और बहती नाक की समस्या को चुटकियों में दूर करेगी कच्ची प्याज, जानें तरीका
अपने खाने में फल और सब्जियां शामिल करें
अगर आप खाने में रोज गेंहूं का आटा, चावल और मैदे से बनी चीजें खाएंगे, तो आपको कब्ज की शिकायत हमेशा बनी रहेगी। अच्छे स्वास्थ्य के लिए अपने आहार में ढेर सारे फल और सब्जियां (खासकर हरी सब्जियां) शामिल करें। फलों और सब्जियों में रेशे होते हैं, जो आपके पेट को अच्छी तरह साफ करने में मदद करते हैं।
रोजाना थोड़ी एक्सरसाइज करें
आजकल शरीर में होने वाली ज्यादातर समस्याओं का कारण पेट का साफ न होना है और पेट की समस्याओं का कारण शारीरिक मेहनत की कमी है। इसलिए दिन में जब भी आपको समय मिले हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करते रहें। अगर आप सुबह या शाम को एक निश्चित समय चुनकर एक्सरसाइज करते हैं, तो ये और बैहतर है। एक्सरसाइज नहीं कर सकते हैं तो कम से कम हर बार खाना खाने के बाद 15 मिनट टहलें। इसके अलावा पानी हमेशा खाना खाने के 30-45 मिनट बाद पिएं।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Home Remedeis In Hindi