Doctor Verified

किन कारणों से सामान्य से ज्यादा हो सकता है वजाइनल डिस्चार्ज? जानें डॉक्टर से

What Causes Increased Vaginal Discharge: आइए डॉक्टर से जानते हैं कि किन कारणों से महिलाओं में वजाइनल डिस्चार्ज की समस्या बढ़ सकती है?
  • SHARE
  • FOLLOW
किन कारणों से सामान्य से ज्यादा हो सकता है वजाइनल डिस्चार्ज? जानें डॉक्टर से

What Causes Increased Vaginal Discharge: वजाइनल डिस्चार्ज एक बहुत ही सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है, जिसमें वजाइना से तरल पदार्थ निकलता है। यह फ्लूइड वजाइना को साफ और स्वस्थ रखने में मदद करता है। बता दें कि कई महिलाओं में यह फ्लूइड पानी जैसा होता है और कई महिलाओं में यह फ्लूइड हल्का गाढ़ा होता है। आमतौर पर डिस्चार्ज निकलने की यह प्रक्रिया पीरियड्स की शुरुआत से पहले होती है। हालांकि, अगर किसी महिला को सामान्य से ज्यादा वजाइनल डिस्चार्ज निकलने की समस्या हो रही है, तो इसके पीछे क्या वजह हो सकती है? आइए डॉ. अंजू सूर्यपानी, वरिष्ठ सलाहकार - प्रसूति एवं स्त्री रोग, मेट्रो अस्पताल, नोएडा (Dr. Anju Suryapani, Sr. Consultant - Obstetrics & Gynaecology, Metro Hospital, Noida) से जानते हैं कि किन कारणों से महिलाओं को ज्यादा वजाइनल डिस्चार्ज निकलने की समस्या हो सकती है?

वजाइनल डिस्चार्ज क्या है?- What is Vaginal Discharge

vaginal discharge

बता दें कि वजाइनल डिस्चार्ज सर्विक्स और वजाइना में ग्लैंड द्वारा बनाया जाने वाला एक फ्लूइड है, जो वजाइना को साफ करने के साथ-साथ उसकी रक्षा करने में मदद करता है। इससे वजाइना का पीएच लेवल बैलेंस रहता है और फर्टिलिटी बढ़ाने में मदद मिलती है। यह फ्लूइड बैक्टीरिया, वजाइनल सिक्रीशन और पुराने सेल्स से बना होता है, जिन्हें शरीर त्याग देता है। वजाइनल डिस्चार्ज आमतौर पर सफेद रंग या स्पष्ट होता है। यह हार्मोन के स्तर में बदलाव के साथ बदलता रहता है। आइए अब जानते हैं कि किन कारणों से वजाइनल डिस्चार्ज ज्यादा हो सकता है:

  • ओवुलेशन

आपके मेंस्ट्रुअल साइकिल के मध्य में (10 से 14वें दिन के बीच) एस्ट्रोजन का स्तर बढ़ जाता है। ऐसे में वजाइनल डिस्चार्ज में वृद्धि होती है। इससे सर्विक्स में ज्यादा फ्लूइड बनता है। ऐसे में स्पर्म को आसानी से आगे बढ़ने में मदद मिलती है और महिलाओं के गर्भधारण की संभावना बढ़ जाती है।

  • प्रेग्नेंसी

प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं के शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन हार्मोन्स का स्तर बढ़ जाता है, जिससे वजाइनल डिस्चार्ज में वृद्धि हो सकती है। बता दें कि यह फ्लूइड संक्रमण को रोकने में मदद करता है और बच्चे के लिए एक स्वस्थ वातावरण बनाए रखता है।

  • सेक्सुअल अराउजल

यौन रूप से उत्तेजित होने पर वजाइना द्वार के पास स्थित बार्थोलिन ग्रंथियां एक साफ, पानी जैसा तरल पदार्थ बनाती हैं। यह फ्लूइड ल्युब्रिकेंट की तरह काम करता है। इस स्थिति में भी वजाइनल डिस्चार्ज बढ़ सकता है।

इसे भी पढ़ें- क्या वजाइनल डिस्चार्ज नॉर्मल है? जानें किन स्थितियों में करना चाहिए डॉक्टर से कंसल्ट

  • बर्थ कंट्रोल

बर्थ कंट्रोल पिल्स, गर्भनिरोधक, हार्मोनल अंतर्गर्भाशयी उपकरण (Hormonal Intrauterine Devices) या हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी वजाइनल डिस्चार्ज में वृद्धि का कारण बन सकती है। बर्थ कंट्रोल शुरू करने के बाद फ्लूइड की मात्रा में बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसा एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन के लेवल में उतार-चढ़ाव की वजह से होता है।

  • वजाइनल यीस्ट इंफेक्शन

वजाइनल यीस्ट इन्फेक्शन तब होता है, जब कैंडिडा एल्बिकेंस (फंगस) वजाइना में बढ़ जाता है। ऐसा अक्सर एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग करने, बहुत ज्यादा चीनी खाने, तनाव, प्रेग्नेंसी या डायबिटीज के बाद होता है। ये कुछ ऐसे कारक हैं, जो वजाइना के नेचुरल पीएच को बिगाड़ देते हैं। ऐसे में ज्यादा डिस्चार्ज निकलने लगता है।

  • बैक्टीरियल वेजिनोसिस

यह योनि बैक्टीरिया में असंतुलन के कारण होता है, जहां हानिकारक बैक्टीरिया अच्छे बैक्टीरिया या लैक्टोबैसिली असंतुलित हो जाते हैं। इस स्थिति में वजाइनल डिस्चार्ज मछली जैसी गंध के साथ पतला, ग्रे या सफेद रंग का निकल सकता है। इस स्थिति में महिलाओं को ज्यादा फ्लूइड निकलने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है।

इसे भी पढ़ें- प्रेग्नेंसी के दौरान हो रहा वजाइनल डिस्चार्ज कब असामान्य होता है? समझें डॉक्टर से

ऊपर बताए कारणों के अलावा, वजाइना से ज्यादा डिस्चार्ज निकलने की समस्या मेनोपॉज के कारण भी हो सकती है। ऐसे में आपको सामान्य से ज्यादा वजाइनल डिस्चार्ज निकलने की समस्या को नजरअंदाज करने की भूल नहीं करनी चाहिए। इससे महिलाओं को कई तरह की छोटी-बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

Read Next

महिलाओं में क्यों ज्यादा होती है एनीमिया की समस्या? जानें डॉक्टर से

Disclaimer