What Are The Symptoms Of Asthma At Night in Hindi: अस्थमा फेफड़ों से जुड़ी एक पुरानी बीमारी है, जिसमें सांस की नली में सूजन और सिकुड़न की समस्या होती है, जिससे सांस लेने में मुश्किल होती है। अस्थमा की समस्या कई कारणों से हो सकती है, जिसमें एलर्जी, जेनेटिक और अन्य कई पर्यावरणीय कारक शामिल हैं। ऐसे में कुछ लोगों में अस्थमा की समस्या होने पर कई बार रात के समय इसके कुछ लक्षण नजर आ सकते हैं, क्योंकि सोने के दौरान ये समस्या बदतर हो जाती है। रात के समय अस्थमा के लक्षणों का बढ़ना मरीज को काफी परेशान करने वाला हो सकता है, क्योंकि इससे न सिर्फ आपकी नींद में खलल पड़ता है, बल्कि ये स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी बढ़ाता है। ऐसे में आइए गुरुग्राम के सीके बिड़ला अस्पताल के पल्मोनोलॉजी हेड डॉ. कुलदीप कुमार ग्रोवर (Dr. Kuldeep Kumar Grover, Head, Pulmonology, CK Birla Hospital, Gurugram) से जानते हैं कि रात में नजर आने वाले अस्थमा के क्या लक्षण हैं?
रात में अस्थमा के लक्षण क्या हैं? - What Are The Symptoms Of Asthma At Night in Hindi?
1. सांस लेने में तकलीफ
रात के समय सांस लेने में मुश्किल होना अस्थमा का लक्षण हो सकता है। इस समस्या में व्यक्ति को महसूस होता है कि उसके फेफड़े ठीक से हवा नहीं ले पा रहे हैं, जिसके कारण उन्हें सांस भारी लगने लगती है। यह लक्षण खासकर तब नजर आता है जब व्यक्ति लेटता है, क्योंकि इस स्थिति में फेफड़ों पर दबाव बढ़ जाता है। इसलिए, अगर आपको लेटने के दौरान सांस लेने में समस्या हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करें।
इसे भी पढ़ें: क्या अस्थमा के रोगियों के लिए अदरक का सेवन करना फायदेमंद होता है? जानें डायटीशियन से
2. खांसी
अस्थमा में खांसी एक आम लक्षण है, जो रात के समय ज्यादा बढ़ जाती है। यह खांसी सूखी होती है और अक्सर इसमें बलगम नहीं निकलता है। खांसी के साथ गले में खराश या सीने में जकड़न भी महसूस हो सकती है। इसलिए, अगर खांसी लगातार बनी रहे और दवाइयों से राहत न मिले, तो यह अस्थमा का संकेत हो सकता है।
3. सीटी बजने जैसी आवाज
सांस लेने के दौरान सीटी बजने जैसी आवाज आना अस्थमा के सबसे पहचानने वाले लक्षणों में से एक है। यह आवाज तब आती है जब वायुमार्ग में सूजन या सिकुड़न हो जाता है, जिससे हवा को बाहर निकालने में मुश्किल होती है। यह आवाज रात के समय ज्यादा सुनाई देती है, खासकर जब व्यक्ति सोने की कोशिश कर रहा होता है। अगर यह आवाज बार-बार आती है, तो यह अस्थमा का संकेत हो सकता है।
4. बेचैनी और एंजाइटी
रात में सांस लेने में मुश्किल होने के कारण व्यक्ति बेचैन हो जाता है जिससे उन्हें एंजाइटी महसूस होती है। सांस की कमी के कारण दिल की धड़कन तेज हो सकती है और घबराहट का अनुभव हो सकता है। यह एंग्जाइटी अस्थमा के लक्षणों को और बढ़ा सकती है। अगर आपको या किसी को रात में अचानक सांस की समस्या के कारण घबराहट हो रही है, तो इसका तुरंत इलाज करवाना जरूरी है।
5. सांस फूलना
रात के समय सांस फूलना अस्थमा का एक और आम और अहम लक्षण है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इस समस्या में व्यक्ति को ऐसा महसूस होता है जैसे फेफड़े हवा से भर नहीं पा रहे हैं। सांस फूलने के साथ सीने पर दबाव और कमजोरी महसूस हो सकती है। इसलिए, सांस फूलने के साथ आपके होठ नीला पड़ रहा है, चक्कर या होश थोने की स्थिति हो रही है तो ये चिंता का कारण हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: सांस से जुड़ी समस्या होने पर कैसे मनाएं होली? डॉक्टर से जानें
निष्कर्ष
रात को सोने के दौरान आपके शरीर में दिखने वाले ये लक्षण अस्थमा का संकेत हो सकते हैं। इसलिए, अगर आपको रात में सोने के दौरान सांस लेने में मुश्किल हो, खांसी, सीटी बजने जैसी आवाज और सांस फूलने की समस्या हो तो नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, बल्कि तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करना चाहिए।
Image Credit: Freepik