बढ़ता वजन अपने आप में एक समस्या है। वजन ज्यादा होने के कारण कई तरह की शारीरिक परेशानियां तो होती ही हैं, साथ ही कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों का भी खतरा बढ़ता है। इसलिए अगर वजन ज्यादा है, तो आपकी उम्र कुछ भी हो, इसे कम करने का प्रयास आपको अभी से करना शुरू कर देना चाहिए। अगर अभी से आप वजन घटाने के लिए जरूरी उपाय अपनाना शुरू कर देंगे, तो भले ही कुछ हफ्तों में आपको बहुत ज्यादा असर न दिखे, लेकिन कम से कम वजन बढ़ना बंद हो जाएगा, यानी वेट कंट्रोल में रहेगा। और लगातार प्रयास से कुछ सप्ताह में वजन घटने भी लगेगा। आमतौर पर वजन बढ़ाने में दिन के खाने से ज्यादा रात के खाने का असर होता है। रात में सोने पर हमारे शरीर के कई सिस्टम बंद हो जाते हैं या स्लो हो जाते हैं। इसलिए रात के खाने के समय आपको कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना चाहिए, ताकि आप अपने वजन को कंट्रोल कर सकें।
1. देर से खाते हैं रात का खाना
रात का खाना देर से खाने की गलती अधिकांश लोग करते हैं। दरअसल लोगों को दिनभर के काम समेटते हुए कई बार देर हो जाती है या कई बार लोगों की आदत ही देर से खाना खाने की होती है। ऐसे में खाना खाने के बाद लोग तुरंत लेट या सो जाते हैं। यही सबसे बड़ी गलती है, जो आपका वजन बढ़ाती है। आपको रात का खाना सोने से कम से कम 2-3 घंटे पहले कर लेना चाहिए, ताकि आपके पाचनतंत्र को खाना पचाने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। इसलिए आपको अपना खाना रात के 7-8 बजे तक खा लेना चाहिए और 10-11 बजे तक सो जाना चाहिए, ताकि आप सुबह भी सही समय पर उठ सकें।
इसे भी पढ़ें: क्या गलत समय पर खाना खाने से सचमुच बढ़ने लगता है मोटापा? जानें वजन घटाने के लिए कब खाना चाहिए खाना
टॉप स्टोरीज़
2. जरूरत से ज्यादा खाना खा लेते हैं
हेल्थ एक्सपर्ट्स कहते हैं रात का खाना हमेशा हल्का-फुल्का होना चाहिए क्योंकि रात में खाना खाकर आपको सोना ही है। और सोते समय शरीर बहुत अधिक खाने को नहीं पचा सकता है। ऐसे में आप खाना खा तो लेते हैं, लेकिन वो खाना पचता नहीं है। इसलिए आपको रात में पेट भरके खाना खाने के बजाय थोड़ा कम खाना खाना चाहिए और पेट भरने के लिए तथा हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए सोने से 30 मिनट पहले एक ग्लास दूध पी लेना चाहिए।
3. खाने में गलत चीजें खाते हैं
रात का खाना लाइट तो होना ही चाहिए, साथ ही ये हेल्दी भी होना चाहिए। आपको रात के खाने में जंक फूड्स और बहुत अधिक तेल-मसाले वाली डिशेज को नहीं खाना चाहिए। क्योंकि ये सभी चीजें वजन बढ़ाती हैं। इसके बजाय घर का बना हेल्दी खाना, जिसे बनाने में तेल का कम इस्तेमाल किया गया हो, खाना चाहिए। रात के खाने में पूरी, पराठा, पिज्जा, राइस, बिरयानी, मैदे से बनी चीजें आदि नहीं खाना चाहिए।
4. खाना खाने के बाद टहलते नहीं हैं
दिन और रात के मुख्य खाने के बाद आपको हमेशा थोड़ी देर पैदल चलना चाहिए। अगर आप दिन के खाने के बाद नहीं भी टहल पाते हैं और काम करने लगते हैं, तो खास परेशानी नहीं, लेकिन रात का खाना खाने के बाद आपको थोड़ी देर जरूर टहलना चाहिए। खाना खाने के तुरंत बाद टहलने से आपके शरीर का ब्लड शुगर कंट्रोल में रहता है और वजन नहीं बढ़ता है। इसलिए आपको रोजाना खाना खाने के बाद कम से कम 20-30 मिनट टहलना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: क्या खाना खाने के बाद थोड़ी देर टहलने से सच में नहीं बढ़ता वजन? जानें खाने के बाद कितने कदम चलना चाहिए आपको
5. अच्छी-गहरी नींद नहीं लेते हैं
वजन घटाने में जितना महत्वपूर्ण खाने का समय और खाने की चीजों का चुनाव है, उतना ही महत्वपू्र्ण है रात के समय 7 से 9 घंटे की नींद सोना। अगर आप रात में कम नींद लेते हैं या देर तक जागते हैं और सुबह देर तक सोते हैं, तो इससे भी आपका वजन प्रभावित होता है। इसलिए आपको खाना सही टाइम से खाना चाहिए और फिर सही समय से सो जाना चाहिए, ताकि आपकी 7-9 घंटे की नींद अच्छे से पूरी हो सके।
Read More Articles on Weight Management in Hindi