
महिला के कान में उगते मशरूम का वीडियो हुआ इंटरनेट पर वायरल। डॉक्टर ने बताया 'ओटोमायकोसिस' इंफेक्शन के कारण कान के अंदर उगे फंगस। जिनके कान में वैक्स कम होता है, उन्हें होता है कान के इस इंफेक्शन का खतरा।
क्या आप यकीन कर सकते हैं कि कान में भी 'मशरूम' उग सकते हैं? इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला के कान में छोटे-छोटे मशरूम के आकार के फंगस उगते हुए दिख रहे हैं। वीडियो हैरान करने वाला जरूर है, मगर डॉक्टर्स के अनुसार ऐसा कान के एक खास इंफेक्शन के कारण हुआ है। फंगल इंफेक्शन के कारण महिला के कान में 100 से ज्यादा छोटे-छोटे 'मशरूम' जैसे फंगस उग आए, जिसके कारण महिला को परेशानी होने लगी। डॉक्टर्स ने बताया कि अगर सही समय पर वो इन मशरूमों को नहीं निकालते तो इनके कारण महिला के कान के पर्दे हमेशा के लिए खराब हो जाते।
क्यों उगे महिला के कान में मशरूम?
कान में मशरूम उगने का ये वीडियो वियतनाम की महिला का है। महिला के कान में अचानक खुजली और दर्द की समस्या होने पर जब वो डॉक्टर को दिखाने पहुंची, तो जांच के बाद हैरान करने वाला मामला सामने आया। एंडोस्कोप द्वारा जांच करने पर पाया गया कि महिला के कान में छोटे-छोटे 'मशरूम' के आकार के फंगस उग आए हैं। हालांकि डॉक्टर ने महिला के कान का इलाज किया और इन बैक्टीरियल मशरूमों को महिला के कान से हटा दिया, मगर ये वीडियो हैरान करने वाला है।
डॉक्टर ने बताया कान के इस खास इंफेक्शन को वजह
डॉक्टर के अनुसार महिला के कान में मशरूम उगने का कारण कान का एक खास फंगल इंफेक्शन है, जिसे ओटोमायकोसिस (Otomycosis) कहते हैं। ये इंफेक्शन कई तरह के हो सकते हैं। मशरूम जैसे 'बैक्टीरियल फंगस' उगने का मामला पहली बार सामने आया है। डॉक्टर के अनुसार इस तरह के इंफेक्शन का खतरा उन लोगों को ज्यादा होता है जिनके कान में वैक्स कम होता है। इसके अलावा इस इंफेक्शन की संभावना गर्मी और उमस में रहने वाले लोगों में ज्यादा होती है।
इसे भी पढ़ें:- कान दर्द का कारण कहीं आपकी लापरवाही तो नहीं, जानें 4 जरूरी बातें
कान के लिए जरूरी है वैक्स
हममें से ज्यादातर लोग कान की रेगुलर सफाई करते हैं और वैक्स बाहर निकाल देते हैं। 'हार्वर्ड मेडिकल स्कूल' द्वारा छापे गए एक लेख के अनुसार कान में बनने वाला ये वैक्स थोड़ी मात्रा में हो तो आपके कान की रक्षा करता है। कान में वैक्स बनने का कारण यही है कि ये बाहरी धूल-मिट्टी और गंदगी को कान के संवेदनशील हिस्सों तक जाने से रोकता है। मगर बहुत अधिक वैक्स के इकट्ठा हो जाने से भी कान के इंफेक्शन का खतरा होता है। इसके कारण कम सुनाई देना, कान का इंफेक्शन, खुजली आदि की समस्या हो सकती है।
Read more articles on Miscellaneous in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।