वर्तमान समय में बिगड़ी लाइफस्टाइल, खान-पान और प्रदूषण का असर लोगों को स्वास्थ्य के साथ-साथ त्वचा और बालों पर भी पड़ रहा है। बालों की समस्याएं आजकल काफी बढ़ रही हैं, चाहे वह बालों का झड़ना हो, डैंड्रफ हो या समय से पहले बालों का सफेद होना हो। खासकर, समय से पहले बालों का सफेद होना एक सामान्य समस्या बन गई है, जो युवाओं में आत्मविश्वास की कमी का कारण बन सकती है। आयुर्वेद में, बालों की समस्याओं को दूर करने और इन्हें हेल्दी बनाए रखने के लिए त्रिफला का सेवन एक प्रभावी उपाय माना जाता है। त्रिफला हरड़, बहेड़ा और आंवला का मिश्रण है, जो बालों को पोषण देने में सहायक होता है। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) कम उम्र में सफेद हो रहे बालों को रोकने के लिए त्रिफला का सेवन कैसे करें और इसके फायदों के बारे में बता रहे हैं।
सफेद बालों की समस्या को रोकने के लिए त्रिफला का सेवन कैसे करें?
डॉक्टर श्रेय ने बताया कि आयुर्वेद में त्रिफला को रसायन बताया गया है। डॉक्टर ने बताया कि जिन बच्चों के बाल कम उम्र से ही सफेद होने लगते हैं, उनके लिए त्रिफला का सेवन लाभकारी होता है। इसके लिए त्रिफला चूर्ण का सेवन शहद या गुड़ के साथ कर सकते हैं। लेकिन अगर आपको त्रिफला चूर्ण का सेवन नहीं करना है तो आप त्रिफला को रातभर के लिए पानी में भिगोएं और अगली सुबह इसे छानकर पिएं। त्रिफला का 1-2 महीने तक सेवन लगातार करने से आपको बालों पर फर्क देखने को मिलने लगेगा। त्रिफला का सेवन कितनी मात्रा में करना है इस बारे में आयुर्वेदाचार्य से सलाह लें। त्रिफला चूर्ण बाजार में आसानी से मिल जाता है लेकिन अगर आप इसे घर में बनाना चाहते हैं तो इसके लिए बिना छिलके की हरड़ और बहेड़ा के साथ गुठली निकाले हुए आंवला को लेकर बारीक चूर्ण बनाएं, त्रिफला चूर्ण को एयरटाइट डिब्बे में स्टोर भी कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: मानसून में सब्जी या दाल बनाते समय इन 5 मसालों का करें प्रयोग, पाचन रहेगा बेहतर
टॉप स्टोरीज़
त्रिफला के फायदे
1. त्रिफला में मौजूद आंवला में विटामिन C अच्छी मात्रा में होता है, जो बालों को पोषण देता है और समय से पहले सफेद होने से रोकने में सहायक हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्या मानसून में जौ की रोटी का सेवन करना चाहिए? आयुर्वेदाचार्य से जानें फायदे और नुकसान
2. त्रिफला बालों की ग्रोथ को बढ़ावा देता है और बालों को मजबूत बनाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और पोषक तत्व बालों की जड़ों को पोषण देते हैं।
3. त्रिफला पाचन तंत्र को सुधारता है और शरीर को डिटॉक्स करने में भी सहायक होता है, जिसका अच्छा असर बालों और त्वचा पर दिखाई देता है।
4. नियमित रूप से त्रिफला का सेवन करने से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है, जिससे शरीर बीमारियों और संक्रमण से लड़ने के लिए तैयार होता है।
5. त्रिफला में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन्स शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर करने में सहायक होते हैं।
त्रिफला का नियमित सेवन बालों को हेल्दी बनाए रखने और समय से पहले सफेद होने से रोकने में सहायक हो सकता है। यह न केवल समय से पहले बालों के सफेद होने को रोकता है, बल्कि बालों की ग्रोथ को भी बढ़ावा देता है। इसके साथ ही, त्रिफला पाचन तंत्र को सुधारता है और शरीर को डिटॉक्स करता है। इसलिए, यदि आप समय से पहले सफेद हो रहे बालों की समस्या से परेशान हैं, तो त्रिफला का सेवन करें। त्रिफला एक प्राकृतिक और सुरक्षित उपाय है लेकिन इसका सेवन बिना डॉक्टर की सलाह के न करें।
All Images Credit- Freepik