
Soaked Peanuts Side Effects: मूंगफली का सेवन सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद गुण और पोषक तत्व सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माने जाते हैं। मूंगफली में विटामिन ई, विटामिन बी, आयरन, पोटैशियम, जिंक और फोस्फोरस जैसे तत्व पर्याप्त मात्रा में होते हैं। मूंगफली में प्रोटीन की भी मात्रा होती है जो मांसपेशियों और कोशिकाओं को हेल्दी रखने के लिए बहुत फायदेमंद मानी जाती है। बहुत से लोग कच्ची मूंगफली का सेवन करते हैं। कुछ लोग इसे भिगोकर स्प्राउट्स की तरह भी खाते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कुछ लोगों के लिए भीगी मूंगफली खाना फायदे की जगह नुकसान का काम हो सकता है। भीगी मूंगफली खाने से कुछ लोगों को बचना चाहिए, आइए जानते हैं इसके बारे में।
भीगी मूंगफली खाने के नुकसान- Side Effects Of Soaked Peanuts
भीगी मूंगफली वैसे तो सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती है। इसका सेवन करने से शरीर को प्रोटीन कार्ब्स और कई जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। इसमें फैटी एसिड और फाइबर की भी पर्याप्त मात्रा होती है, जो शरीर को हेल्दी रखने और बीमारियों से बचाने में बहुत फायदेमंद होता है। लेकिन कुछ समस्याओं में भीगी मूंगफली का सेवन बहुत नुकसानदायक होता है। इन समस्याओं में आपको भीगी मूंगफली खाने से बचना चाहिए-
1. अर्थराइटिस की समस्या में
अर्थराइटिस की समस्या से ग्रसित लोगों को भीगी मूंगफली का सेवन करने से बचना चाहिए। इसका बहुत ज्यादा सेवन करने से इन मरीजों में सूजन और दर्द की समस्या हो सकती है। दरअसल मूंगफली में लेक्टिन नामक तत्व पाया जाता है, जिसकी वजह से अर्थराइटिस में मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।
2. जॉन्डिस और लिवर डैमेज
एक शोध में इस बात की पुष्टि की गयी है कि बहुत ज्यादा भीगी मूंगफली खाने से शरीर में एक नुकसानदायक पदार्थ अफ्लेटॉक्सिन बढ़ जाता है। इसकी वजह से आंखें पीली हो जाती हैं और भूख कम लगती है। लंबे समय तक इस समस्या की वजह से आपको लिवर डैमेज और पीलिया का भी खतरा रहता है।
3. पेट के मरीज न करें सेवन
पेट से जुड़ी परेशानी जैसे कब्ज, अपच और दस्त आदि की समस्या से ग्रसित व्यक्तो को भी भीगी मूंगफली का सेवन करने से बचना चाहिए। इसकी वजह से आपकी परेशानी और ज्यादा बढ़ सकती है।
4. फाइटिक एसिड का प्रभाव
बहुत ज्यादा भीगी मूंगफली खाने से आपके शरीर में फाइटिक एसिड की मात्रा बढ़ जाती है। फाइटिक एसिड की मात्रा बढ़ने से आपके शरीर में मौजूद जरूरी पोषक तत्वों की मात्रा कम होने लगती है। इसकी वजह से कई गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
अगर आप भी ऊपर बताई गयी कंडीशन से जूझ रहे हैं, तो भीगी मूंगफली खाने से बचें। इसके अलावा जिन लोगों को मूंगफली से एलर्जी है, उन्हें भी भीगी मूंगफली खाने से बचना चाहिए।
(Image Courtesy: Freepik.com)