Face Pack For Pimples And Dark Spots: चेहरे पर मुंहासे और एक्ने होना एक आम समस्या है, जिससे काफी लोग परेशान रहते हैं। मुंहासे न केवल चेहरे की खूबसूरती को प्रभावित करते हैं, बल्कि अक्सर त्वचा को नुकसान भी पहुंचाते हैं। प्रदूषण, गलत खानपान, खराब जीवनशैली, तनाव और केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स त्वचा पर पिंपल्स और दाग-धब्बों का कारण बन सकते हैं। पिंपल्स से छुटकारा पाने के लिए अधिकतर लोग तरह-तरह के स्किन केयर और ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इनसे भी कुछ खास फायदा नहीं मिलता है। ऐसे में अक्सर लोग निराश हो जाते हैं और सोच लेते हैं कि अब उनकी स्किन ठीक नहीं हो सकती है। दिल्ली की रहने वाली सान्या जोशी की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। 31 वर्षीय सान्या पेशे से एक डेंटिस्ट हैं। वे पिछले कुछ सालों से मुंहासों की समस्या से परेशान थीं। एक समय पर तो उनका पूरा चेहरा ही मुंहासों से भर गया था। इसके लिए उन्होंने कई तरह के फेस वॉश, क्लींजर और क्रीम इस्तेमाल किए। लेकिन किसी भी प्रोडक्ट से उनकी समस्या ठीक नहीं हुई। जो भी सान्या से मिलता, सबसे पहले उनके पिंपल्स के बारे में ही कमेंट करता। इसकी वजह से सान्या काफी परेशान हो चुकी थीं। फिर एक दिन सान्या की मम्मी ने उन्हें होममेड फेस पैक ट्राई करने की सलाह दी। मम्मी का यह घरेलू नुस्खा सान्या के लिए किसी जादू से कम नहीं था। इस होममेड फेस पैक का रिजल्ट देखकर खुद सान्या भी हैरान थीं। इसके इस्तेमाल से उनके चेहरे से मुंहासे और डार्क-स्पॉट्स मिटने लगे। साथ ही, चेहरे की अन-ईवन स्किन टोन भी सुधरने लगी। ओनलीमायहेल्थ की 'स्किन केयर स्पेशल सीरीज' में आज हम आपके साथ शेयर करेंगे सान्या जोशी का आजमाया हुआ पिंपल्स और दाग-धब्बे हटाने का होममेड फेस पैक -
ओनलीमायहेल्थ ने 'स्किन केयर स्पेशल सीरीज' शुरू की है। इस सीरीज में लेखों के जरिए हम आपको दादी-नानी के नुस्खों के साथ ही लेखकों और पाठकों द्वारा ट्राई की गई रेमेडीज के बारे में भी बताते हैं। साथ ही, हम आपको सेलेब्स और इन्फ्लुएंसर्स के स्किन केयर रूटीन के बारे में भी जानकारी देते हैं।
आजकल मार्केट में ऐसे कई प्रोडक्ट्स उपलब्ध हैं, जो त्वचा की समस्याओं को दूर करने का दावा करते हैं। लेकिन इसमें हानिकारक केमिकल्स मौजूद होते हैं, जो लंबे समय में आपकी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए होममेड फेस पैक का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प होता है। क्योंकि इसमें नैचुरल चीजों का उपयोग किया जाता है, जिसकी वजह से इसका आपकी त्वचा पर कोई साइड-इफेक्ट नहीं होता है। अगर आप भी चेहरे पर पिंपल्स और डार्क स्पॉट्स से परेशान हैं, तो सान्या जोशी द्वारा शेयर किए गए इस फेस पैक को ट्राई कर सकते हैं। चलिए, जानते हैं इसे बनाने और लगाने का तरीका -
पिंपल्स के कारण घर से बाहर निकलना बंद कर दिया था
सान्या बताती हैं, "12-13 साल की उम्र से ही मेरे चेहरे पर पिंपल्स होने लगे थे। मम्मी बोलती थीं कि टीनएज में कई लोगों को यह दिक्क्त होती है। लेकिन स्कूल में बच्चे मुझे अलग-अलग नामों से चिढ़ाते थे। कुछ लड़कों ने मेरा नाम 'पिंपल्स वाली लड़की' रख दिया था। मुझे बहुत बुरा लगता था और मैं घर आकर घंटो रोती रहती थी। इसकी वजह से मेरा कॉन्फिडेंस लेवल काफी डाउन हो गया था। मैं घर से बाहर भी नहीं निकलना चाहती थी। फिर एक दिन मेरी मम्मी ने मुझे एक घरेलू नुस्खा ट्राई करने का सुझाव दिया। मम्मी ने बताया कि शादी से पहले वह भी यह फेस पैक लगया करती थीं। मम्मी की सलाह पर मैंने इस फेस पैक को सप्ताह में 3-4 बार लगाना शुरू किया। 2-3 बार इस्तेमाल करने के बाद ही मुझे काफी फर्क नजर आने लगा। मेरे पिंपल्स दाग-धब्बे काफी हद तक साफ हो गए। इस फेस पैक के इस्तेमाल से मेरी अन-ईवन स्किन टोन वाली प्रॉब्लम भी ठीक हो गई।"
पिंपल्स और डार्क स्पॉट्स हटाने के लिए काम आया होममेड फेस पैक - Homemade Pack For Pimples And Dark Spots
सामग्री
- बेसन - 2 चम्मच
- शहद - 1 चम्मच
- दही - 1 चम्मच
- चुटकी भर हल्दी पाउडर
विधि
- सबसे पहले एक बाउल में 2 चम्मच बेसन लें।
- इसमें एक चम्मच शहद और एक चम्मच दही डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- आप चाहें तो इसमें एक चुटकी हल्दी पाउडर भी मिक्स कर सकते हैं।
- सभी सामग्रियों को मिलाने के बाद आप इस फेस पैक का इस्तेमाल कर सकते हैं।

लगाने का तरीका
- सबसे पहले त्वचा को अच्छी तरह साफ कर लें।
- अब इस होममेड फेस पैक को अपने चेहरे पर लगाएं।
- 15-20 मिनट इसे चेहरे पर लगा रहने दें।
- फिर ठंडे पानी से चेहरे को धो लें।
- आप हफ्ते में 2 से 3 बार इस पैक को लगाएं।
होममेड फेस पैक के फायदे - Homemade Face Pack For Pimples Benefits
- बेसन में एक्सफोलिएटिंग गुण मौजूद होते हैं। यह चेहरे पर मौजूद गंदगी, डेड स्किन और एक्स्ट्रा ऑयल को साफ करता है, जिससे मुंहासों को रोकने में मदद मिलती है। त्वचा की रंगत निखारने के लिए भी बेसन काफी प्रभावी माना जाता है।
- शहद एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होता है। यह मुंहासों का कारण बनने वाले बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करता है। साथ ही, त्वचा की सूजन और लालिमा को कम करने में भी सहायक होता है।
- दही में लैक्टिक एसिड पाया जाता है, जो त्वचा के दाग-धब्बों को हल्का करने में मदद करता है। इससे टैनिंग दूर होती है और त्वचा की रंगत भी सुधरती है।
- हल्दी में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीसेप्टिक गुण पाए जाते हैं। यह त्वचा की तमाम परेशानियों को दूर करने में कारगर साबित हो सकती है। इससे चेहरे के एक्ने मिटेंगे और त्वचा की असमान रंगत में भी सुधार होगा।
अगर सान्या की तरह आप भी चेहरे के मुंहासों और काले धब्बों से परेशान हैं, तो इस फेस पैक को ट्राई कर सकते हैं। लेकिन अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या किसी प्रोडक्ट से एलर्जी है, तो पैच टेस्ट जरूर कर लें। उम्मीद है कि आपको हमारा यह आर्टिकल पसंद आया होगा। इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हमारी वेबसाइट www.onlymyhealth.com के साथ। इस आर्टिकल को अपने दोस्तों और परिचितों के साथ जरूर शेयर करें।