छोटे बच्चे पढ़ाई और खेलकूद में इतने बिजी रहते हैं कि कई बार वो अपने शरीर में होने वाले दर्द को इग्नोर कर देते हैं। वहीं कई बार जब बच्चे अपने माता-पिता से शरीर में दर्द की शिकायत करते हैं तो पेरेंट्स इसे थकान का दर्द समझकर ध्यान नहीं देते हैं। लेकिन बच्चों की स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज करना माता-पिता के लिए कभी-कभी भारी पड़ सकता है, खासकर जब वे बार-बार किसी विशेष समस्या की शिकायत करते हैं। यदि आपका बच्चा अक्सर शरीर में दर्द की शिकायत करता है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें से एक महत्वपूर्ण कारण विटामिन D की कमी हो सकती है। हाल ही में डॉ. प्रियंका सहरावत (एमडी, डीएम न्यूरोलॉजी (एम्स दिल्ली) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बच्चों के शरीर में दर्द का क्या कारण हो सकता है और किस प्रकार इसका उपचार किया जा सकता है, इसके बारे में जानकारी दी है।
बच्चों के शरीर में दर्द का कारण
डॉक्टर प्रियंका ने बताया कि बच्चे अगर हाथ में दर्द और पैर में दर्द की शिकायत करते हैं तो पेरेंट्स को बिलकुल भी इग्नोर नहीं करना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि आजकल विटामिन डी की कमी तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टर ने बताया कि हर 2 में से 1 इंसान विटामिन डी की कमी से जूझ रहा है। खासकर, भारतीयों में विटामिन डी की कमी ज्यादा पाई जाती है, क्योंकि भारतीयों में विटामिन डी एक्टिव फॉर्म में बदल नहीं पाता है, जितना कि असल में होना चाहिए। यही वजह है कि यहां विटामिन डी की कमी से लोग ज्यादा परेशान रहते हैं। विटामिन डी की कमी के कारण बच्चों में Rickets, Bow legs, Knock knees और शरीर में दर्द की शिकायत हो सकती है। अगर आपका बच्चा अक्सर शरीर में दर्द की शिकायत करता है तो बच्चे का विटामिन डी का टेस्ट करवाएं और डॉक्टर से सलाह लें।
इसे भी पढ़ें: बच्चों को खेलने के लिए नहीं देने चाहिए छेद वाले खिलौने, डॉ. तरूण से जानें इसके नुकसान
विटामिन डी की कमी
विटामिन डी की कमी बच्चों में शरीर के दर्द का एक सामान्य कारण हो सकता है। विटामिन डी हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी होता है और इसकी कमी से बच्चों में हड्डियों में कमजोरी और दर्द हो सकता है। विटामिन डी सूर्य की किरणों से प्राप्त होता है, लेकिन आजकल बच्चों का ज्यादा समय घर के अंदर बिताने के कारण वे पर्याप्त मात्रा में विटामिन डी नहीं प्राप्त कर पाते। इसके अलावा, आहार में विटामिन डी की कमी भी इस समस्या को बढ़ा सकती है।
इसे भी पढ़ें: क्या होता है नासल टेराटोमा? जानें बच्चों में इस दुर्लभ प्रकार के ट्यूमर के कारण
सही समय पर डॉक्टर से परामर्श
अगर आपका बच्चा बार-बार शरीर में दर्द की शिकायत करता है, तो इसे अनदेखा न करें। जरूरी है कि आप समय रहते डॉक्टर से परामर्श लें और बच्चे के दर्द के कारणों का सही पता लगाएं। डॉक्टर उचित जांच करके विटामिन डी की कमी या अन्य किसी समस्या को दूर कर सकते हैं और सही उपचार की सलाह दे सकते हैं।
निष्कर्ष
बच्चों के शरीर में दर्द की शिकायत को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह शरीर के किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है, जो समय रहते उपचार न मिलने पर गंभीर रूप ले सकता है। सही समय पर उचित परामर्श और देखभाल से इस समस्या का समाधान किया जा सकता है।
View this post on Instagram
All Images Credit- Freepik