रमजान का पाक महीना 24 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। इस समय गर्मी तेज है और 14-15 घंटे तक रोजा रखना आसान नहीं है। शुरुआती दिनों में कुछ लोगों को भूख और प्यास की समस्या हो सकती है। हालांकि बाद में शरीर जब एडजस्ट हो जाता है, तो फिर भूख-प्यास उतनी नहीं महसूस होती है। पानी की कमी से कुछ लोगों को डिहाइड्रेशन या अन्य समस्याएं हो सकती हैं और सेहत बिगड़ सकती है। लेकिन अगर आप सहरी के समय अपना खानपान सही रखें, तो आपको दिनभर भूख-प्यास नहीं सताएगी। आइए आपको बताते हैं सहरी में कैसी रखें अपनी डाइट, ताकि दिनभर न हो आपको कोई परेशानी।
तेल में फ्राइड और नमक वाली चीजें कम खाएं
सहरी में आपको तेल में फ्राई की हुई चीजें और बहुत अधिक नमक वाली चीजें नहीं खानी चाहिए। नमक के सेवन से प्यास बढ़ती है क्योंकि शरीर में सोडियम का लेवल बढ़ जाता है, जिसे एडजस्ट करने के लिए शरीर बार-बार पानी मांगता है। इसी तरह बहुत अधिक फ्राइड चीजें खाने से भी आपको बार-बार प्यास सताएगी। इसलिए सहरी में ऐसी चीजें खाएं, जिनमें तेल, मसाले और नमक का इस्तेमाल कम हुआ हो।
इसे भी पढ़ें: रोजा रखने या 'ड्राई फास्टिंग' के हैं कई वैज्ञानिक फायदे, लाइफस्टाइल कोच के अनुसार हर गंभीर बीमारी से होता है बचाव
टॉप स्टोरीज़
दही, छाछ, लस्सी आदि शामिल करें
गर्मी का समय है और ऐसे में दही, छाछ, लस्सी जैसी चीजों का सेवन आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। दही और छाछ से बनी चीजें खाने से शरीर ठंडा रहता है, जिससे प्यास कम लगती है। इसके अलावा इनके सेवन का एक सबसे बड़ा लाभ ये है कि इन्हें प्रोबायोटिक आहार माना जाता है, यानी इनके सेवन से आपकी आंतों में हेल्दी बैक्टीरिया बढ़ते हैं। इससे आपके द्वारा खाया हुआ खाना आसानी से पचता है और पेट में गैस, कब्ज या बदहजमी जैसी समस्याएं नहीं होती हैं।
पानी से भरपूर ये फल अंत में खाएं
आप सॉलिड खाना कम खाएं और पानी से भरपूर फल और सब्जियां ज्यादा खाएं। ऐसे कई फल हैं, जिनमें प्राकृतिक रूप से बहुत अधिक पानी पाया जाता है। इनके सेवन से आपके शरीर को पर्याप्त पोषक तत्व भी मिलते हैं और आपके शरीर की पानी की जरूरत भी आसानी से पूरी हो जाती है। ये फल हैं- तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी, नारियल पानी, संतरे का जूस, अंगूर, अनार आदि। इन सभी में पानी की मात्रा काफी ज्यादा होती है, इसलिए इनका सेवन आपके शरीर में इलेक्ट्रोलाइट का लेवल बनाए रखता है और शरीर की पीएच वैल्यू (pH Value) भी सामान्य रहती है, जिससे आपको प्यास कम लगती है।
इसे भी पढ़ें: डायटीशियन स्वाती बथवाल से जानें रमजान में कैसी होनी चाहिए आपकी डाइट ताकि आप रहें हेल्दी
फाइबर वाले आहार खाएं, नहीं लगेगी भूख
अगर आप मैदा, बेसन से बने आहार या पैकेटबंद चीजों का ज्यादा सेवन करते हैं, तो ये आपके शरीर के लिए हेल्दी भी नहीं होते हैं और जल्दी से पचकर आपको भूख का एहसास भी कराने लगते हैं। जबकि अगर आप फाइबर से भरपूर खाना खाते हैं, तो ये धीरे-धीरे पचते हैं और आपके पेट को देरतक भरा रखते हैं। गर्मी के मौसम में लंबे समय तक भूखे रहने से सबसे ज्यादा परेशानी डायबिटीज के मरीजों को होती है। लेकिन डायबिटीज के मरीज भी अगर अपने खाने में फाइबर को शामिल करें, तो इससे उनका ब्लड शुगर नहीं बढ़ेगा। फाइबर वाले कुछ आहार इस प्रकार हैं- हरी सब्जियां, कच्चे फल, मोटे अनाज, कॉर्न, लेग्यूम्स, होल-व्हीट ब्रेड, होल-व्हीट पास्ता आदि।
सुबह 2-3 ग्लास पानी पी लें
सहरी के समय आप ऊपर बताई गई टिप्स के अनुसार अपना खानपान के रखते हैं और फिर 2-3 ग्लास पानी पी लेते हैं, तो आपको दिनभर न तो भूख सताएगी और न ही प्यास सताएगी। इससे आपके शरीर में सभी पोषक तत्वों की मात्रा भी सही बनी रहेगी और आप स्वस्थ भी रहेंगे। यह भी ध्यान रखें कि सहरी के समय बहुत ज्यादा न खाना खा लें, जिससे कि आपको दिन में पेट दर्द या दस्त की समस्या होने लगे क्योंकि इससे फिर आपके शरीर में पानी की काफी कमी हो जाएगी और आप डिहाइड्रेशन का शिकार हो जाएंगे।
Read More Articles on Healthy Diet in Hindi