अगर आप अपने मुंह की ठीक से सफाई नहीं करते हैं, तो आपको भविष्य में ब्रेन स्ट्रोक होने का खतरा है। ये बात हाल में की गई रिसर्च के बाद वैज्ञानिकों ने बताई। ओरल हेल्थ (Oral Health) का असर आपके मस्तिष्क पर पड़ता है। आमतौर पर हम यही मानते हैं कि मुंह को स्वस्थ रखने के लिए हमें सुबह उठने के बाद ब्रश कर लेना चाहिए। मगर एक्सपर्ट्स के मुताबिक मुंह की सही तरह से सफाई के लिए सिर्फ इतना ही काफी नहीं है। आपको अपने दांतों के साथ-साथ मसूड़ों का भी ख्याल रखना चाहिए। आइए आपको बताते हैं मुंह की गंदगी से आपको कौन-कौन से खतरे होते हैं और कैसे करनी चाहिए मुंह की सही तरह से सफाई।
मुंह की गंदगी से ब्रेन स्ट्रोक
हाल में Rutgers University में शोधकर्ताओं की एक टीम ने इस बारे में जानने के लिए एक स्टडी की है कि व्यक्ति के दांतों और मुंह के स्वास्थ्य का उसके मस्तिष्क पर क्या प्रभाव पड़ता है। इस स्टडी में 2 अलग-अलग रिसर्च से प्राप्त रिपोर्ट्स को आधार बनाया गया है, जो रिपोर्ट्स 'जर्नल ऑफ अमेरिकन गैरिएट्रिक्स सोसायटी' में छापी गई थीं। ये रिसर्च में पाया गया कि जो लोग अपने दांतों की सफाई ठीक से नहीं करते हैं और जिन्हें मुंह से जुड़े रोग होते हैं, 60 साल की उम्र के बाद उनमें ब्रेन स्ट्रोक होने का खतरा बढ़ जाता है। इस रिसर्च में 2700 लोगों को शामिल किया गया, जिन्हें हाल में दांत दर्द, पायरिया और ड्राई माउथ जैसी समस्याएं थीं।
इसे भी पढ़ें:- आपकी वो 5 आदतें जिनके कारण खराब और कमजोर हो रहे हैं आपके दांत
हार्ट अटैक का भी बढ़ता है खतरा
इसके पहले की कई रिसर्च में ये भी बताया जा चुका है कि मुंह की गंदगी आपके हार्ट अटैक के खतरे को बढ़ाती है। दरअसल मुंह हमारे शरीर के सबसे संवेदनशील अंगों में से एक है, जिसके बारे में लोगों को बहुत कम पता होता है। 'जर्नल ऑफ इंडियन सोसायटी ऑफ पेरिओडॉन्टोलॉजी' में 2010 में छपे एक अध्ययन के मुताबिक मसूड़ों के स्वस्थ न रहने से व्यक्ति को हार्ट अटैक का खतरा 20% तक बढ़ जाता है। इसलिए आपके लिए चेहरे और बालों की ही तरह अपने दांतों पर ध्यान देना भी जरूरी है।
इसे भी पढ़ें:- ज्यादा टूथपेस्ट भी दांतों के लिए है खतरनाक, जानें कितना और कैसे करना चाहिए टूथपेस्ट का प्रयोग
कैसे करनी चाहिए मुंह की सफाई?
- सुबह जागने के बाद तो ज्यादातर लोग ब्रश करते हैं मगर सोते समय ब्रश करके सोना भी जरूरी है। रात में सोने से पहले ब्रश करें और सुबह जागने के बाद कुछ खाने से पहले ब्रश करें।
- हमेशा फ्लोराइडयुक्त टूथपेस्ट और मुलायम ब्रश का इस्तेमाल करें। फ्लोराइड दांतों को मजबूत बनाते हैं और इनेमल को स्वस्थ रखते हैं।
- कोल्ड ड्रिंक्स, सोडा ड्रिंक्स और चीनी- दांतों के दुश्मन हैं। इसलिए इनका इस्तेमाल कम करें। अगर आपको मीठा बहुत पसंद है, तो खाएं मगर खाने के बाद कुल्ला कर लें, ताकि मुंह के बैक्टीरिया आपके दांतों को नुकसान न पहुंचाएं।
- कम से कम 1 मिनट तक दांतों को आगे-पीछे से अच्छी तरह ब्रश करना चाहिए। आमतौर पर लोग सामने के दांतों को तो साफ कर लेते हैं, मगर इसके पीछे का हिस्सा गंदा होता है, जहां प्लाक जमा हो जाता है और रोगों का कारण बनता है।
- दांतों में दर्द, मसूड़ों से खून निकलना, मुंह से बदबू आना आदि समस्याएं अगर 2-3 दिन से ज्यादा हैं, तो बिना देर किए डॉक्टर के पास जाएं।
Read more articles on Health News in Hindi