वैज्ञानिकों ने स्मार्टफोन जैसा दिखने वाला एक उपकरण बनाया है जो नेत्रहीनों के लिए काफी मददगार साबित होगा। यह उपकरण सेंसर का इस्तेमाल कर उपयोगकर्ता के आसपास का नक्शा तैयार कर से बता देगा। इससे उसे अपने इर्दगिर्द की तमाम चीजों की जानकारी हो जाएगी और वह रास्ता तय करते वक्त किसी भी अवरोध से बचते हुए चल सकेगा।
शोधकर्ताओं के मुताबिक इसमें मल्टी सेंसर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। कर्टिन यूनिवर्सिटी के डॉक्टर इयान मरे ने बताया कि यह उपकरण सेंसर की मदद से आसपास के क्षेत्र का नक्शा तैयार कर उपयोगकर्ता को इसके बारे में सूचित करता है। उन्होंने कहा कि यह लाठी या छड़ी से अधिक मददगार साबित होगा, क्योंकि लाठी के जरिये कुछ दूर तक के क्षेत्र के बारे में पता किया जा सकता है, लेकिन यह उपकरण कई मीटर दूर तक स्थित चीजों के बारे में जानकारी देगा।
मरे ने बताया कि हम ऐसे मल्टी सेंसर उपकरण विकसित कर रहे हैं, जो नेत्रहीन लोगों को आसपास की स्थिति के बारे में सटीक जानकारी देगें। हम ऐसा सेंसर विकसित कर रहे हैं, जो रफ्तार, तस्वीर और आवाज में होने वाले परिवर्तन को भी पहचान सकता है। इस तरह के सेंसरों के इस्तेमाल से बनने वाले उपकरण स्थायी और गतिशील वस्तुओं के बारे में सटीक जानकारी देगा।
मरे के मुताबिक बेशक आज अधिकतर बिल्डिंग्स के अन्दर का नक्शा तैयार है, जिसका इस्तेमाल दृष्टिहीन लोग करते भी है। लेकिन इसमें कुछ भी परिवर्तन हुआ तो यह उनके लिए खतरनाक साबित हो सकता है। जबकि वह उपकरण दिशा और दूरी के बारे में सटीक जानकारी देगा। इस उपकरण में एक कैमरा लगा होगा, जो सामने आने वाली बाधाओं का पता करेगा। इसके बाद इसमें लगा स्पीकर नेत्रहीन व्यक्ति को इसके बारे में सूचित करेगा।
Read More Health News In Hindi