
Mulethi Benefits for Summer in Hindi: मुलेठी एक गुणकारी जड़ी-बूटी है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, प्रोटीन और कैल्शियम की मात्रा काफी अधिक होती है। आमतौर पर सर्दी-जुकाम या खांसी होने पर मुलेठी का उपयोग किया जाता है। आयुर्वेद में मुलेठी का इस्तेमाल नेत्र रोगों, कंठ रोगों और सांस विकारों का इलाज करने के लिए किया जाता है। इसके अलावा, मुलेठी हृदय रोगों, मुख रोगों और घाव में भी उपयोगी साबित होती है। वैसे तो मुलेठी का उपयोग सभी मौसमों में किया जा सकता है। लेकिन मुलेठी की तासीर बेहद ठंडी होती है। ऐसे में गर्मी में इसका इस्तेमाल करना अधिक लाभकारी हो सकता है। अगर आपको गर्मी से जुड़ी समस्याएं (Summer Health Problems) जैसे- पेट या सीने में जलन, पेशाब में जलन, सिरदर्द आदि रहती हैं, तो मुलेठी फायदेमंद हो सकती है। तो आइए, रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल, सिरसा के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से जानते हैं गर्मी में मुलेठी खाने के फायदे (Mulethi ke Fayde)-
गर्मी में मुलेठी खाने के फायदे- Mulethi Benefits for Summer in Hindi
1. सिरदर्द में उपयोगी
कई लोगों को गर्मी की वजह से बार-बार सिरदर्द होने लगता है। ऐसे में मुलेठी का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए आप मुलेठी की डंठल लें। इसे पानी में उबालें और पी लें। दिन में 1-2 बार मुलेठी लेने से आपको सिरदर्द में काफी आराम मिलेगा। साथ ही, आपको रिलैक्स भी महसूस होगा।
इसे भी पढ़ें- मुलेठी चाय पीने से इन 6 परेशानियों से मिलेगी राहत, जानें इसकी रेसिपी
2. पित्त शांत करे
गर्मी के मौसम में पित्त बढ़ने लगता है। खासकर, जिन लोगों की पित्त प्रकृति होती है, उन्हें पित्त बढ़ने के लक्षणों से परेशान होना पड़ता है। पित्त बढ़ने की वजह से त्वचा पर दाने, एसिडिटी या खुजली की समस्या हो सकती है। लेकिन अगर आप गर्मी में मुलेठी का सेवन करेंगे, तो इससे पित्त को शांत करने में मदद मिल सकती है। इसके लिए आप मुलेठी का पाउडर लें। इसे पानी में मिलाकर पी लें। इससे आपके शरीर को ठंडक मिलेगी।
3. मुंह के छाले ठीक करे
गर्मी की वजह से मुंह में छाले होने लगते हैं। मुलेठी मुंह के छालों को भी ठीक करने में असरदार हो सकती है। इसके लिए आप मुलेठी का एक टुकड़ा लें। इसमें शहद लगाएं और चूसते रहें। इससे छालों से छुटकारा मिलेगा। साथ ही, ओरल इंफेक्शन और दांतों से जुड़ी समस्याएं भी ठीक होंगी।
इसे भी पढ़ें- त्वचा की इन 4 समस्याओं को दूर करती है मुलेठी, जानें कैसे करें इसका प्रयोग
4. पेशाब की जलन कम करे
गर्मी में ज्यादा मिर्च-मसालेदार खाना खाने से पेशाब में जलन हो सकती है। ऐसे में मुलेठी खाना फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए आप 3 ग्राम मुलेठी पाउडर लें। इसमें इलायची पाउडर और मिश्री मिलाएं। अब इस मिश्रण का पानी के साथ मिलाकर सेवन करें। इससे पेशाब की जलन को शांत करने में मदद मिल सकती है।
5. एसिडिटी से राहत दिलाए
एसिडिटी होने पर पेट और सीने में जलन होने लगती है। अगर गर्मी में आप अकसर ही एसिडिटी से परेशान रहते हैं, तो मुलेठी का सेवन करना लाभकारी हो सकता है। मुलेठी में मौजूद गुण और ठंडी तासीर एसिडिटी से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए आप मुलेठी पाउडर या डंठल को पानी में उबालें। अब इस पानी को छानकर पी लें। इससे आपको काफी आराम मिलेगा।