हिन्दू धर्म में महाशिवरात्रि के दिन का विशेष महत्व है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन व्रत रखने से भगवान भोलेनाथ अपने भक्त की सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। इसीलिए हिंदू परिवारों में आमतौर पर हर उम्र के लोग इस व्रत का पालन करते हैं। इस दिन भगवान शिव की बेल पत्र, धतूर, भांग, दूध आदि से विशेष पूजा की जाती है और दिनभर उपवास रखकर उनकी आराधना की जाती है। चूंकि इस बार मार्च के शुरुआती दिनों में ही धूप बहुत तेज होने लगी है और गर्मी बढ़ गई है, इसलिए सामान्य लोगों के लिए तो ये व्रत रखना कम मुश्किल है लेकिन जो लोग ऑफिस जाते हैं या फिर दिनभर भागदौड़ करते हैं उनके लिए ये व्रत रखना सेहत के लिहाज से थोड़ा मुश्किल हो जाता है। व्रत के दौरान अगर आप खानपान से जुड़ी कुछ सावधानियां रखते हैं, तो आपको थकान या आलस जैसी समस्याएं बिल्कुल नहीं होंगी। आज हम आपको कुछ ऐसी टिप्स बता रहे हैं खासकर कि व्रत खोलने से पहलें जिन्हें अपनाकर आप कमजोरी मुक्त रह सकते हैं। आइए जानते हैं क्या हैं वो चीजें—
- आज आप भले ही नमक-मिर्च ना खाएं लेकिन आपके आहार में पोषक तत्वों की कमी नहीं होनी चाहिए। ध्यान रखें कि आपके आहार में प्रोटीन, वसा, कार्बोहाइड्रेट, विटामिन और मिनरल्स जरूर होने चाहिए।
- व्रत के दौरान बीच बीच में गुनगुने पानी का सेवन करते रहें। इससे आप तंदुरुस्ती और फ्रैश महसूस करेंगे। आज आप कम भोजन का सेवन करते हैं इसलिए गुनगुने पानी से आपकी पाचन क्रिया सही रहती है।
- हर 1 घंटे में कुछ ना कुछ फल जरूर खाएं। आप पपीता, सेब, नाशपाती और अनार जैसे फलों का सेवन करें। इससे आपको उचित मात्रा में पौष्टिक तत्व तो मिलेंगे ही साथ ही आप थकान भी महसूस नहीं करेंगे।
- व्रत खोलने से पहले 1 ग्लास गुनगुना दूध पी लें। ये आपकी दिनभर की थकान को मारने के साथ ही आपको कमजोरी मुक्त रखेगा।
- आज के दिन आप भीगे हुए बादाम का सेवन भी कर सकते हैं। इससे आपको भारी मात्रा में मिनरल मिलेंगे। बादाम में एंटी-ऑक्सीडेंट होते हैं जो शरीर की विषैले पदार्थों को भी बाहर निकालने में मदद करता है।
- फुल क्रीम दूध और पनीर आदि का अधिक सेवन करने से बचें। यह आपको आलसी और थका हुआ बना सकता है। इसके साथ ही ये खाद्य पदार्थ आपका वजन भी बढ़ा सकते हैं। इस दौरान सादे भोजन का सेवन आपके लिए फायदेमंद होता है। अधिक गरिष्ठ भोजन आपकी सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है।
- अगर इस दौरान टमाटर, सेब और अदरक का जूस बनाकर पिया जाए। इन सब पदार्थों में भारी मात्र में विटामिन ए, बी और सी मौजूद होता है। इसके साथ ही इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट कैंसर जैसी बीमारियों से बचाने में भी मदद करता है। सब्जियों का यह जूस शरीर में पोषक तत्वों की कमी नहीं होने देता।
- उपवास रखने से पहले अपनी सेहत का ध्यान जरूर रखें। अगर आपको किसी भी प्रकार का संशय है, या आप पहले से किसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं, तो उपवास रखने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। गर्भवती महिलाओं को भी व्रत नहीं रखना चाहिए। सेहत को दरकिनार कर उपवास रखने से आपको गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
- अगर आप शारीरिक रूप से अधिक सक्रिय हैं तो आपको व्रत नहीं रखना चाहिए। शारीरिक रूप से अधिक सक्रिय लोगों को अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है। ऐसे में अगर वे व्रत रखते हैं, तो इसका विपरीत असर उनके शरीर के अंगों पर पड़ता है। व्रत रखने से उनकी कार्यक्षमता भी प्रभावित होती है।
Read More Articles On Healthy Diet in Hindi