नियमित दिनचर्या को बनाए रखने के लिए घुटनों का स्वस्थ रहना काफी जरूरी होता है। आज के समय में घुटनों से जुड़ी समस्याएं काफी बढ़ गई हैं। हालांकि, कई बार यह इसके पीछे का कारण उम्र बढ़ना भी होता है। माधुरी दीक्षित के पति और जाने माने कार्डियक और वैस्कुलर सर्जन श्रीराम नेने ने घुटनों को हेल्दी रखने की कुछ टिप्स साझा की। एक यू ट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि घुटने भी कंधों, गर्दन और पीठ की तरह ही शरीर का अहम हिस्सा होता है।
नी रिप्लेसमेंट सर्जरी को बताया सामान्य
डॉ. नेने ने बताया कि आज के समय में घुटनों की बढ़ती समस्या के बीच नी रिप्लेसमेंट सर्जरी काफी आम हो गई है, जो कई जगहों पर की जाती है। वहीं घुटनों में होने वाला दर्द भी काफी सामान्य होता है। उन्होंने बताया कि घुटने शरीर का 80 प्रतिशत भार सहते हैं। हालांकि, इन्हें प्राकृतिक रूप से भी स्वस्थ रखा जा सकता है।
इसे भी पढ़ें - घुटने रिप्लेस कराने के बाद क्या है बैठने की सही पोजीशन? जानें डॉक्टर से
कैसे रखें घुटनों को स्वस्थ
डॉ. नेने के मुताबिक खुद को शारीरिक रूप से एक्टिव रखकर घुटनों को हेल्दी रखा जा सकता है। इसके लिए नियमित तौर पर लो इंटेंसिटी एक्सरसाइज जैसे स्विमिंग, रनिंग, साइकिलिंग और वॉकिंग आदि कर सकते हैं। इन्हें करने से घुटनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है। अगर आप वेटलिफ्टिंग कर रहे हैं तो ऐसे में भी कई बार घुटनों पर भी असर पड़ सकता है। किसी भी एक्सरसाइज को करने से पहले वॉर्मअप करना जरूरी होता है। इसके लिए आप ट्रेडमिल पर चलने के साथ ही वॉकिंग भी कर सकते हैं। घुटनों को स्वस्थ रखने के लिए फुटवीयर का भी सही चुनाव करना जरूरी होता है। महिलाओं द्वारा पहने जाने वाली हाई हील्स भी घुटनों पर असर डालते हैं।
वजन नियंत्रित रखना जरूरी
डॉ. नेने की मानें तो वजन बढ़ना घुटनों के दर्द या अन्य समस्याओं के पीछे आम कारण माना जाता है। अगर आपका वजन ज्यादा है तो ऐसे में वजन नियंत्रित रखें। इससे घुटनों पर पड़ने वाला वजन कम होता है, जिससे घुटनों के दर्द में काफी आराम मिलता है। दरअसल, घुटनों पर ज्यादा वजन पड़ने से मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं साथ ही साथ उनका लचीलापन भी कम हो जाता है। घुटनों को हेल्दी रखने के पोश्चर को हेल्दी रखने के साथ ही इंजरी से भी बचें।