इंसान की डाइट का सीधा संबंध सेहत से होता है। आप जो भी चीजें खाते हैं, उसका असर सेहत पर भी नजर आता है। यही वजह है कि लोगों को जंक और ऑयली फूड की जगह हेल्दी और पोषक तत्वों से भरपूर खाना खाने की सलाह दी जाती है। मगर क्या आपने कभी सोचा है कि खाना खाते समय और खाने के बाद आप जो भी चीजें करते हैं, उसका असर भी बॉडी पर दिखाई दे सकता है? अगर नहीं, तो इस बारे में न्यूट्रिशनिस्ट प्रीतिका श्रीनिवासन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने रोग मुक्त जीवन जीने के लिए कुछ हेल्दी ईटिंग हैबिट्स बताई हैं। आइए इस बारे में जानते हैं
खाना खाते समय और खाने के बाद इन बातों का ध्यान रखें
जमीन पर बैठकर खाना खाएं
जमीन पर बैठकर खाना खाने से शरीर को कई फायदे हो सकते हैं। इससे पाचन-तंत्र में सुधार होता है। इस मुद्रा में बैठकर खाना खाने से पीठ के निचले हिस्से और पेट के आसपास की मांसपेशियों में खिंचाव आता है, जिससे पाचन क्रिया में सुधार होता है।
पेट भरकर खाना न खाएं
अगर आप हेल्दी और फिट रहना चाहते हैं, तो आपको पेट भरकर खाना नहीं खाना चाहिए। आपको अपनी भूख का सिर्फ 80 प्रतिशत खाना ही खाना चाहिए। इससे आप ओवरईटिंग से बच जाएंगे और वजन भी कंट्रोल में रहेगा।
इसे भी पढ़ें- ओवरईटिंग को रोकना क्यों होता है मुश्किल? एक्सपर्ट से जानें कारण
खाने के बाद न नहाएं
कई लोग खाना खाने के तुरंत बाद नहाने चले जाते हैं, लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए। दरअसल, खाने के तुरंत बाद नहाने से पेट के आसपास की ब्लड वेसल्स ठंडी होकर कमजोर पड़ जाती है। इससे पाचन क्रिया स्लो हो जाती है और इंसान को उल्टी आने जैसी परेशानी महसूस हो सकती है।
खाने के बाद ज्यादा तेज न चलें
खाना खाने के बाद आपको स्लो वॉक करनी चाहिए। ध्यान रखें कि खाने के तुरंत बाद आपको बहुत तेज चलना या दौड़ना नहीं चाहिए। इससे पाचन-तंत्र को नुकसान हो सकता है। आपको खाना खाने के 1 घंटे के अंदर कम से कम 20 मिनट की वॉक रोजाना करनी चाहिए।
खाने के बाद न लेटें
हेल्दी रहना चाहते हैं, तो आपको खाना खाने के बाद लेटना नहीं चाहिए। खाने के बाद लेटने से पाचन क्रिया स्लो हो सकती है। इससे शरीर में एसिड बनता है, जिससे हार्टबर्न की समस्या भी हो सकती है।
View this post on Instagram
खाने के बाद वज्रासन में बैठें
खाने के बाद कम से कम 10-15 मिनट तक वज्रासन में बैठना चाहिए। अगर आपके पास समय है, तो 20-30 मिनट तक वज्रासन में बैठ सकते हैं। यह आसन करने से ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है और हार्ट पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता है। इससे पेट से जुड़ी समस्याओं जैसे गैस, अपच, ब्लोटिंग आदि से बचा जा सकता है।
इसे भी पढ़ें- खाने के बाद करें वज्रासन, शरीर को मिलेंगे कई फायदे और बेहतर होगा पाचन
आप खाना खाते समय और खाने के बाद इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं। इससे शरीर को कई तरह की छोटी-बड़ी समस्याओं से बचाया जा सकता है। हालांकि, ऊपर बताई टिप्स के अलावा, आप हेल्दी रहने के लिए हेल्दी डाइट का सेवन कर सकते हैं, खाने को अच्छी तरह चबाकर खा सकते हैं और खाना खाने के सही समय पर भी ध्यान दे सकते हैं।