
अगर आपको पीठ, कमर या पैरों में तेज दर्द की समस्या नजर आती है तो यह साइटिका के लक्षणों में से एक हो सकता है। जानते हैं इसके बारे में...
जिस तरह की लाइफस्टाइल हम कोरोना काल में हुए लॉकडाउन में जी रहे हैं ऐसे में पीठ, कमर या पैरों में दर्द होना लाजमी है। लेकिन कुछ लोग इस दर्द को थकान का नाम देकर नजरअंदाज कर देते हैं। बता दें कि अगर आप भी उन लोगों में से एक हैं तो यह लापरवाही आगे किसी बड़ी समस्या का सामना करा सकती है। बता दें कि पीठ, पैरों में या कमर में दर्द होना साइटिका के लक्षण में से एक हो सकता है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से बताएंगे कि साइटिका क्या है? ये पीछे कि वजह क्या है? साइटिका से कैसे बचा जा सकता है? इसके लिए हमने एक्सपर्ट द सेंटर ऑफ हीलिंग के संस्थारक और हैल्थ काउंसलर गुरप्रीत सिंह अरोड़ा से बात की हैं। पढ़ते हैं आगे...
क्या है साइटिका (What is sciatica)
शरीर में एक सबसे लंबी नस सियाटिक होती है इस बीमारी का संबंध उसी नस से होता है। जब सियाटिक नर्व दब जाती है तो पीठ दर्द जैसी परिस्थिति उत्पन्न हो जाती है। बता दें कि इस नर्व के दबने से आसपास की दूसरी नसों पर भी दबाव पड़ता है जिसकी वजह से व्यक्ति को कमर पीठ, हिप्स और पैरों में लगातार दर्द होने लगता है। इस दर्द को साइटिका दर्द कहते हैं।
क्यों होता है साइटिका दर्द (sciatica causes)
- गलत ढंग से एक्सरसाइज करने वालों को साइटिका दर्द की परेशानी उत्पन्न हो सकती हैं।
- जो लोग ज्यादा मुलायम या सख्त गद्दे पर सोते हैं उनमें भी इसके लक्षण देखे जाते हैं।
- प्रेगनेंसी के दौरान भी साइटिका का दर्द उठ सकता है क्योंकि गर्भावस्था में सियाटिक नर्व पेल्विक एरिया पर दबाव डालती हैं इसीलिए स्त्रियों को डिलीवरी के बाद इस तरह के दर्द की समस्या हो सकती है।
- जो स्त्रियां हाई हील्स पहनती हैं उनमें भी साइटिका के लक्षण देखे जा सकते हैं।
- कुछ लोग भारी समान को झटके से उठा लेते हैं जिसके कारण रीड की हड्डी का कोई हिस्सा खिसक जाता है जिसे स्लिप डिस्क भी कहते हैं। यह भी साइटिका के प्रमुख लक्षणों में से एक है।
इसे भी पढ़ें- Gastroenteritis: इन कारणों से हो सकता है पेट का इंफेक्शन या पेट का फ्लू, एक्सपर्ट से जानें इससे बचाव के उपाय
साइटिका से कैसे करें बचाव (sciatica treatment)
- एक्सपर्ट्स की मानें तो नियमित रूप से एक्सरसाइज करने और संतुलित खानपान के जरिए इस समस्या से बचा जा सकता है।
- अगर आप किसी कारणवश भारी सामान को उठा रहे हैं तो ध्यान दें कि इसका प्रभाव आपकी कमर पर ना पड़े।
- जब भी उठें या बैठें तो अपनी कमर को सीधा रखें। ध्यान रहे कि कमर पर किसी भी तरह का झटका ना आए।
- अगर आपको पहले से ही पीठ दर्द की समस्या है तो एक्सरसाइज करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
इसे भी पढ़ें- ब्रेन ट्यूमर क्यों मानी जाती है खतरनाक बीमारी? एक्सपर्ट से जानें इसके कारण, लक्षण, खतरे और इलाज के तरीके
कैसे करें साइटिका से उपचार
अगर किसी व्यक्ति में साइटिका के लक्षण दिखते हैं तो डॉक्टर उसे स्टेरॉयड और एंटी इन्फ्लेमेटरी दवाइयां देते हैं। इन दवाओं के जरिए दर्द को कम किया जा सकता है। इसके अलावा डॉक्टर फिजियोथैरेपी की सलाह भी देते हैं। वैसे तो दवाइयों और एक्सरसाइज से आराम मिल जाता है लेकिन अगर समस्या ज्यादा गंभीर हो जाए तो डॉक्टर सर्जरी की सलाह देते हैं।
नोट- किसी भी तरीके के दर्द को साइटिका का नाम नहीं दिया जा सकता है। ऐसे में जब तक पूरी तरीके से पक्का ना हो जाए कि आपके शरीर में दिखने वाले लक्षण साइटिका के नहीं हैं या नहीं तब तक किसी भी दवाई का सेवन ना करें। इसके लिए आप फिजियोथेरेपी या किसी एक्सपर्ट की मदद भी ले सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।