वर्तमान समय में लोगों की खानपान की बदलती आदतों का असर स्वास्थ्य पर पड़ रहा है, जिसके कारण कुछ लोगों को पाचन से जुड़ी समस्याएं बनी रहती हैं। अपच, बदहजमी के अलावा कुछ लोगों को ब्लोटिंग, गैस और पेट में जलन जैसी शिकायत भी रहती है, जिसके कारण लोगों का काम करने में भी मन नहीं लगता है। लंबे समय तक अगर व्यक्ति को पाचन से जुड़ी समस्याएं रहती हैं तो इसका बुरा असर संपूर्ण स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। बाजार में कई ऐसी दवाएं आती हैं, जिसमें दावा किया जाता है कि पाचन की समस्या को मिनटों में दूर कर सकती हैं। हालांकि, इनका असर कुछ समय तक ही रहता है और बाद में व्यक्ति को दोबारा दिक्कत शुरू हो जाती है। ऐसे में अगर आप पाचन को सुधारना चाहते हैं तो आयुर्वेदिक उपायों का सहारा ले सकते हैं। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) से बात की है। डॉक्टर ने पाचन को सुधारने के लिए गुड़, सोंठ और अजवाइन पाउडर के बारे में बताया है।
सोंठ, अजवाइन और गुड़ खाने से क्या फायदा होता है?
1. सोंठ
डॉक्टर श्रेय ने बताया कि सोंठ की तासीर गर्म होती है लेकिन इसकी तासीर लिम्फ प्लाज्मा पर गर्म है और पूरे शरीर पर इसका असर सम होता है। सोंठ एक रसायन है जो कि लंबे समय तक लेने पर भी शरीर में गर्मी नहीं करती है। सोंठ के गुणों की बात करें तो यह आम पाचक है। आम पाचक का मतलब है कि यह शरीर से टॉक्सिंस को भी दूर करती है। अगर किसी के शरीर में सुबह के समय शरीर में अकड़न या कसाव की शिकायत रहती है तो ऐसी समस्या में सोंठ का सेवन लाभकारी हो सकता है। सोंठ का सेवन पाचन को बेहतर करने में सहायक होता है। ध्यान रखें कि अगर आप बहुत ज्यादा मात्रा में सोंठ का सेवन करते हैं तब ही इसका शरीर पर गर्म असर होगा। लेकिन अगर आप सीमित मात्रा में सोंठ लेते हैं तो इसका शरीर पर सम असर होगा और पाचन दुरुस्त रहेगा।
इसे भी पढ़ें: Arogya with Ayurveda: हादसे में निधि की रीढ़ की हड्डी में आई थी गंभीर चोट, मसाज और थेरेपी से मिला आराम
टॉप स्टोरीज़
2. गुड़
आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम और कैल्शियम से भरपूर गुड़ एक प्राकृतिक स्वीटनर है जो गन्ने के रस से बनाया जाता है। डॉक्टर ने बताया कि गुड़ को आप जिस भी चीज के साथ मिलाएंगे उसके गुण को ये बढ़ा देता है। गुड़ में कई ऐसे तत्व होते हैं जो पाचन को बेहतर करने में सहायक होते हैं। यही वजह है कि भोजन करने के बाद थोड़ा गुड़ खाने की सलाह दी जाती है। गुड़ का सेवन पाचन के लिए अच्छा है लेकिन डायबिटीज रोगियों को गुड़ का सेवन कम मात्रा में करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: गठिया के दर्द से राहत दिलाएगा मोरिंगा और इमली के पत्तों का पेस्ट, इस तरह से करें इस्तेमाल
3. अजवाइन
अजवाइन में कई ऐसे तत्व होते हैं जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं, इसके साथ ही गैस, एसिडिटी और अपच जैसी समस्याओं को दूर करते हैं। अजवाइन को आयुर्वेद में धातु-क्षय बताया गया है यानी अगर आप रोजाना इसे ज्यादा मात्रा में लेते हैं तो यह शरीर के सेल्स को कुछ हद तक नुकसान पहुंचा सकती है। इसीलिए अजवाइन को कम मात्रा में ही लेना चाहिए, जिन लोगों को ज्यादा वायु के विकार होते हैं उनके लिए अजवाइन का सेवन लाभकारी हो सकता है।
डॉक्टर की सलाह
डॉक्टर की सलाह है कि आप पाचन को बेहतर करने के लिए सोंठ और गुड़ के साथ अजवाइन पाउडर को मिलाकर सेवन करें। इन तीनों का साथ में सेवन करना न केवल पाचन तंत्र को सुधारता है बल्कि पेट की अन्य समस्याओं को भी दूर करता है। लेकिन यदि आप किसी खास बीमारी का इलाज करवा रहे हैं तो डॉक्टर की सलाह पर ही इसका सेवन करें।
All Images Credit- Freepik