आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपनी सेहत को नजरअंदाज करने लगे हैं। खासकर खानपान की बात करें तो अधिकांश लोग घर के बने भोजन की बजाय बाहर के फास्ट फूड, प्रोसेस्ड फूड और तली-भुनी चीजों का अधिक सेवन करने लगे हैं। ऐसे में शरीर को जरूरी पोषक तत्व जैसे विटामिन्स और मिनरल्स पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाते, जिससे कई प्रकार की पोषण संबंधी समस्याएं जन्म लेने लगती हैं। इन्हीं में से एक है विटामिन B12 की कमी, जो आज के समय में एक आम स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है। विटामिन B12 शरीर के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व है जो नसों के स्वास्थ्य, दिमाग की कार्यक्षमता और रेड ब्लड सेल्स के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी से थकान, चक्कर, सुन्नपन, भूलने की बीमारी और यहां तक कि डिप्रेशन जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। अब सवाल उठता है कि क्या B12 की कमी महिलाओं में ज्यादा देखी जाती है या पुरुषों में? क्या यह केवल शाकाहारी लोगों की समस्या है या मांसाहारी भी इसकी चपेट में आ सकते हैं? इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने नोएडा के मेट्रो हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन विभाग के कंसल्टेंट डॉ. अक्षय चुग (Dr. Akshay Chugh, Consultant - Internal Medicine, Metro Hospital, Noida) से बात की-
विटामिन B12 की कमी पुरुष या महिला, किसमें अधिक होती है?
डॉक्टर अक्षय के अनुसार, विटामिन B12 की कमी पुरुषों में भी हो सकती है और महिलाओं में भी, लेकिन कुछ स्थितियों में महिलाओं में इसकी संभावना अधिक होती है, खासकर वे महिलाएं जो शाकाहारी हैं, गर्भवती हैं या जिनकी उम्र बढ़ रही है। दूसरी ओर, पुरुषों में यह कमी तब ज्यादा देखने को मिलती है, जब उनकी लाइफस्टाइल खराब हो या वह ज्यादा धूम्रपान या शराब का सेवन करते हों 60 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुषों में B12 की कमी का खतरा अधिक हो सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इस उम्र में शरीर का अवशोषण तंत्र कमजोर हो जाता है।
इसे भी पढ़ें: अच्छी नींद के लिए विटामिन B12 जरूरी क्यों होता है? जानें एक्सपर्ट से
टॉप स्टोरीज़
विटामिन B12 की कमी के लक्षण - What happens when your vitamin B12 is low
- लगातार थकान और कमजोरी
- हाथ-पैर में झनझनाहट या सुन्नपन
- चक्कर आना और ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई
- भूलने की बीमारी
- डिप्रेशन या मूड स्विंग
- जीभ पर जलन या लाली
- भूख में कमी और वजन घटना
- दिल की धड़कन तेज होना
इसे भी पढ़ें: विटामिन बी-12 की कमी को नेचुरली दूर करेंगे ये 3 जूस, सेहत को भी मिलेंगे फायदे
B12 की कमी के कारण - Causes of B12 deficiency
- शाकाहारी लोगों को B12 की कमी की संभावना अधिक होती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि यह विटामिन पशु उत्पादों में ही मिलता है।
- गैस्ट्रिक बायपास सर्जरी, एसीडिटी की दवा का लंबे समय तक सेवन या पेट के इंफेक्शन से B12 का अवशोषण घटता है।
- उम्र के साथ शरीर का पोषण अवशोषण कम हो जाता है।
- लंबे समय तक डायबिटीज की दवाओं का सेवन करने से B12 की कमी हो सकती है।
- शराब और धूम्रपान शरीर की अवशोषण क्षमता को कमजोर करते हैं।
विटामिन B12 की जांच कैसे कराएं? - How to get B12 levels checked
यदि आप उपरोक्त लक्षणों को महसूस कर रहे हैं, तो एक साधारण Serum B12 Test से इसकी जांच की जा सकती है। यदि B12 का स्तर 200 pg/ml से कम है, तो डॉक्टर इसके लिए डाइट में बदलाव या सप्लिमेंट्स की सलाह देते हैं।
B12 की कमी से कैसे बचें? - How to prevent B12 deficiency
- दूध, दही, पनीर, अंडा, मछली और चिकन जैसे B12 युक्त फूड्स को डाइट में शामिल करें।
- यदि आप शाकाहारी हैं या आहार से पर्याप्त मात्रा में B12 नहीं मिल पा रहा, तो डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट्स लें।
- बार-बार गैस, अपच या एसिडिटी की समस्या हो तो उसका इलाज कराएं।
- मानसिक तनाव भी पोषक तत्वों के अवशोषण को प्रभावित करता है। ध्यान, योग और नियमित एक्सरसाइज लाभकारी है।
निष्कर्ष
विटामिन B12 की कमी पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन सकती है, लेकिन लाइफस्टाइल, खानपान और दवा संबंधी आदतों के कारण यह कुछ पुरुषों में अधिक देखी जाती है। सही जानकारी, समय पर जांच और संतुलित आहार से इस कमी को रोका जा सकता है। अगर लक्षण नजर आएं तो देर न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
विटामिन B12 की कमी से शरीर में क्या-क्या होता है?
विटामिन B12 की कमी से शरीर में कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। यह विटामिन नसों, दिमाग और खून बनाने की प्रक्रिया के लिए जरूरी होता है। इसकी कमी से थकान, कमजोरी, चक्कर आना, हाथ-पैरों में झनझनाहट या सुन्नपन, भूलने की बीमारी, चिड़चिड़ापन, डिप्रेशन और ध्यान केंद्रित करने में दिक्कत हो सकती है। लंबे समय तक इसकी कमी रहने पर न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी हो सकती हैं।विटामिन B12 बढ़ाने के लिए क्या खाएं?
विटामिन B12 की कमी को दूर करने के लिए ऐसे फूड्स का सेवन करें जो इस विटामिन से भरपूर हों। अंडा, मछली, चिकन, गाय का दूध, दही, पनीर और चीज अच्छे सोर्स हैं। शाकाहारी लोग दूध, दही, फोर्टिफाइड सीरियल्स, सोया मिल्क और न्यूट्रिशनल यीस्ट का सेवन कर सकते हैं। डॉक्टर की सलाह से विटामिन B12 सप्लिमेंट्स या इंजेक्शन भी लिए जा सकते हैं।विटामिन b12 के सप्लीमेंट्स कब खाना चाहिए?
विटामिन B12 के सप्लीमेंट्स तब लेने चाहिए जब शरीर में इसकी कमी हो जाए, जो कि ब्लड टेस्ट से जानी जाती है। डॉक्टर की सलाह पर ही सप्लीमेंट शुरू करना चाहिए। अगर आप शाकाहारी हैं, बार-बार थकान, चक्कर, सुन्नपन या भूलने की समस्या महसूस करते हैं, तो ये कमी के संकेत हो सकते हैं।