शरीर को फिट और हेल्दी रखने के लिए लोग आजकल जागरूक हो रहे हैं और इसके लिए जरूरी कदम भी उठा रहे हैं। बीते कुछ सालों में योग को लेकर काफी जागरूकता फैली है, जिसके बाद से कई लोगों ने योग करना शुरू किया है। योग से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर हो सकता है, बल्कि इससे मानसिक स्वास्थ्य भी सुधरता है। जो लोग नियमित रूप से योग का अभ्यास करते हैं उन्हें इसके अनेक लाभ मिलते हैं। लेकिन कई लोग योग का अभ्यास करने से पहले वार्मअप नहीं करते हैं, जिससे समस्या हो सकती है। योगाभ्यास से पहले वार्मअप करना बेहद जरूरी है। ऐसा इसलिए, क्योंकि यह शरीर को योग अभ्यास के लिए तैयार करता है और चोटों से बचाता है। इस लेख में योग शिक्षक रजनीश योग से पहले वार्मअप करने के तरीकों और इसके फायदों के बारे में बता रहे हैं।
योग से पहले वार्मअप कैसे करें? - How To Warm Up Before Yoga In Hindi
योग शिक्षक रजनीश ने बताया कि योग का अभ्यास या एक्सरसाइज करने से पहले वार्मअप करना जरूरी होता है। इससे शरीर की मांसपेशियों में रक्त संचार यानी ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है, जिससे मसल्स फ्लेक्सिबल और मजबूत होती हैं। आइए जानते हैं योगा से पहले वार्मअप कैसे करना चाहिए और इसके क्या लाभ हैं।
1. गर्दन की स्ट्रेचिंग - Neck Stretching
योग का अभ्यास करने से पहले 10 बार गर्दन की स्ट्रेचिंग जरूर करें। इसके लिए सीधे खड़े हों या बैठें और धीरे-धीरे अपने सिर को आगे की ओर झुकाएं, ठुड्डी को छाती से लगाने का प्रयास करें। कुछ सेकंड के लिए इस स्थिति में रहें, फिर सिर को पीछे की ओर झुकाएं और आसमान की ओर देखें। इस प्रक्रिया को 10 बार दोहराएं। ऐसा करने से योग के दौरान गर्दन में लगने वाली चोटों से बचा जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: गर्भवती महिलाएं खड़ी होकर रोज करें ये 5 योगासन, मिलेंगे कई जबरदस्त फायदे
2. गर्दन का घूमाना - Neck Rotation
योग का अभ्यास करने से पहले वार्मअप में नेक रोटेशन यानी गर्दन को घुमाना जरूर करें। इसके लिए सीधे खड़े हों या आरामदायक स्थिति में बैठें और अपनी रीढ़ को सीधा रखें, इसके बाद धीरे-धीरे अपने सिर को दाईं ओर घुमाएं, जैसे आप दाएं कंधे के ऊपर से पीछे की ओर देख रहे हों। इस स्थिति में 5 सेकंड के लिए रुकें और गहरी सांस लें। इस प्रकार बाईं ओर करें। ऐसा 5-10 बार करें।
इसे भी पढ़ें: रीढ़ की हड्डी को लचीला और मजबूत बनाने के लिए रोज करें ये 3 योग, दर्द से भी मिलेगा आराम
3. कंधों को घुमाएं - Rolling Shoulders
योग का अभ्यास करने से पहले वार्मअप में कंधों को घुमाने की एक्सरसाइज जरूर करें। इससे कंधों की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है और लचीलापन आता है। इसके लिए आरामदायक स्थिति में बैठें और अपनी रीढ़ को सीधा रखें। इसके बाद अपने कंधों को धीरे-धीरे ऊपर उठाएं और पीछे की ओर ले जाने की कोशिश करें और फिर उन्हें आगे की ओर घुमाएं। इस प्रक्रिया को पहले क्लॉक वाइज और फिर एंटी-क्लॉक वाइज 5-5 बार करें।
4. कलाई को घुमाएं - Wrist Rotation
योग से पहले वार्मअप में कलाई को घुमाने से हाथों की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद मिलती है। इसे करने के लिए आरामदायक स्थिति में बैठें और फिर अपने हाथों को सामने की ओर करें। अब अपनी दोनों कलाई को बाईं ओर घुमाएं, जैसे आप एक गोला बना रहे हों और फिर दाईं ओर इसी प्रकार करें। कलाई को धीरे-धीरे और सावधानीपूर्वक घुमाएं, जिससे कि आपको कलाई में चोट न लगे।
योग का अभ्यास करने से पहले वार्मअप करने से आप योग के दौरान लगने वाली चोटों से बच सकते हैं। इसलिए, हर योग सेशन से पहले वार्मअप करना न भूलें और इसके लाभों का अनुभव करें।
All Images Credit- Freepik