How Much Time Eye Flu Take To Recover: देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से आई फ्लू के मामले तेजी से बढ़े हैं। मानसून के दौरान आंखों से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। आई फ्लू या आंखों में इन्फेक्शन की समस्या को पिंक आई और कंजक्टिवाइटिस (Conjunctivitis) भी कहा जाता है। यह बीमारी मुख्य रूप से इन्फेक्शन की वजह से होती है। इस बीमारी में मरीज को आंखों में दर्द, लालिमा और सूजन जैसी परेशानियां होती हैं। आई फ्लू की समस्या में कुछ लोग ओवर द काउंटर दवाओं का सेवन करने लगते हैं। ऐसा करना सेहत के लिए नुकसानदायक माना जाता है। आई फ्लू के लक्षण दिखने पर आपको सबसे पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं आई फ्लू कितने दिनों तक रहता है और इसे ठीक होने में कितना समय लगता है?
आई फ्लू को ठीक होने में कितना समय लगता है?- How Much Time Eye Flu Take To Recover in Hindi
आई फ्लू के कारण मरीजों को आंखों में दर्द, सूजन, पानी बहने और लालपन जैसी समस्या होती है। मानसून सीजन में आई फ्लू का खतरा बच्चों में सबसे ज्यादा रहता है। सीतापुर आंख अस्पताल के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र सिंह कहते हैं कि बरसात में फंगल इन्फेक्शन समेत हवा में प्रदूषण, वातावरण में नमी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इसकी वजह से मरीजों को आंख से जुड़ी परेशानियां होती हैं। आमतौर पर आई फ्लू या पिंक आई की समस्या 3 से 4 दिनों में ठीक हो जाती है। लेकिन सही समय पर इलाज न मिलने की वजह से यह परेशानी लंबे समय तक बनी रह सकती है।
इसे भी पढ़ें: बारिश के बाद कई राज्यों में तेजी से बढ़ रहे आई फ्लू के मामले, ऐसे रखें अपना ध्यान
आई फ्लू की समस्या में आंख के सफेद हिस्से में संक्रमण फैल जाता है और इससे मरीज को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस बीमारी में डॉक्टर मरीज को काला चश्मा लगाने की सलाह देते हैं। इसके अलावा संक्रमित व्यक्ति को दूसरे व्यक्तियों के संपर्क में भी आने से बचना चाहिए। आई फ्लू के लक्षण दिखने पर ओवर द काउंटर दवाओं का सेवन करने की जगह मरीज को डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
आई फ्लू के लक्षण- Eye Flu Symptoms in Hindi
आई फ्लू को कंजंक्टिवाइटिस या पिंक आई के नाम से भी जाना जाता है। यह बरसात के मौसम में सबसे ज्यादा होता है। इस समस्या में आपकी आंख के सफेद हिस्से में संक्रमण फैल जाता है, जिसकी वजह से कई परेशानियां होती हैं। बच्चों में जीवाणु संक्रमण फैलने की वजह से यह समस्या हो सकती है। आई फ्लू होने पर आंखों में ये लक्षण दिखाई देते हैं-
- आंखों में कीचड़ ज्यादा आना
- सुबह उठने पर आंखों का चिपकना
- आंखों में सूजन
- आंख दर्द की समस्या
- आंख से पानी आना और खुजली
- आंखों का लाल होना
आंखों में संक्रमण या आई फ्लू का खतरा बारिश के मौसम में ज्यादा रहता है। इस मौसम में हवा में फंगस इन्फेक्शन फैलाने वाले जीवाणु बढ़ जाते हैं। आई इन्फेक्शन आमतौर पर एक आंख से शुरू होता है और दूसरी आंख में फैल जाता है। इसके लक्षण दिखने पर आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। बारिश के मौसम में आई इन्फेक्शन से बचाव के लिए आपको बारिश में भीगने से बचना चाहिए। इसके अलावा प्रदूषित हवा में बाहर जाते समय आंखों पर चश्मा लगाएं।
(Image Courtesy: Freepik.com)