घर पर बनाएं ये 5 नाइट क्रीम, स्किन की कई समस्याएं होंगी दूर

नाइट क्रीम के इस्तेमाल से आपकी स्किन को भरपूर रूप से पोषण मिलता है। खासतौर पर घर पर तैयार क्रीम स्किन पर निखार लाने में काफी गुणकारी होता है। 
  • SHARE
  • FOLLOW
 घर पर बनाएं ये 5 नाइट क्रीम, स्किन की कई समस्याएं होंगी दूर

स्किन पर निखार पाने के लिए हम में से कई लोग दिनभर कई तरह के प्रोडक्ट्स और घरेलू नुस्खों को फॉलो करते हैं। लेकिन रात के समय बिना कुछ लगाए बिस्तर पर सो जाते हैं। ऐसा करने से स्किन खराब हो सकती है। जी हां, जिस तरह दिन में स्किन को केयर की आवश्यकता होती है। उसी तरह रात के समय भी इसकी केयर जरूरी है। रात में आप अपने चेहरे पर नाइट क्रीम लगाकर सोएं। इससे स्किन की कई समस्याएं दूर होती हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि आप घर पर आसान तरीकों से नाइट क्रीम तैयार कर सकते हैं। घर पर तैयार नाइट क्रीम  को लगाने से स्किन को नुकसान पहुंचने की संभावना काफी कम होती है। आइए जानते हैं घर पर नाइट क्रीम बनाने की आसान सी रेसिपीज- 

1. एवोकाडो और दही नाइट क्रीम

एवोकाडो कई विटामिंस और मिनरल्स से भरपूर होता है, जो आपकी स्किन को काफी हेल्दी रखने में सहायक है। इसके साथ ही इस नाइट क्रीम का इस्तेमाल करने से एजिंग की परेशानियों से छुटकारा मिल सकता है। आइए जानते हैं इस क्रीम को बनाने की आसान विधि -

इसे भी पढ़ें - घर पर बनाएं काजल, लिपस्टिक, नाइट क्रीम जैसे ये 5 ब्यूटी प्रोडक्ट्स, स्किन को मिलेगी केमिकल-फ्री ब्यूटी

आवश्यक सामग्री 

  • एवोकाडो - 1 मध्यम आकार का
  • दही - 1/2 कप

विधि

एक बाउल में एवोकाडो को अच्छी तरह से मैश कर लें। इसके बाद इसमें दही मिक्स करके इसे अच्छे से ब्लेंड करें। अब इसे एक ठंडी और ड्राई जगह पर एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करके रखें। सप्ताह में दो बार इस नाइट क्रीम को लगाने से स्किन के दाग-धब्बे और झुर्रियों की परेशानी दूर हो सकती है। 

2. एप्पल नाइट क्रीम

सेब से तैयार नाइट स्क्रीम आपकी स्किन पर चमक और निखार लाने में मददगार हो सकता है। इस क्रीम को बनाने की विधि काफी आसान है। जानते हैं-

आवश्यक सामग्री

  • गुलाब जल - 5 बड़े चम्मच
  • सेब - 2 मध्यम आकार का
  • ऑलिव ऑयल - 1 छोटा चम्मच

विधि

  • सेब को छिलकर इसका बीज निकाल कर इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। 
  • अब इस कटे हुए सेब को ब्लेंडर में डालें और इसमें ऑलिव ऑयल डालकर इसे अच्छी तरह से पीस लें। 
  • सेब को अच्छी तरह से पीसने के बाद इसे एक पैन में डालकर अच्छी तरह से धीमी आंच पर गर्म होने तक पकाएं। 
  • इसके बाद इसे आंच से उतार लें। थोड़ी देर बाद इसमें गुलाब जल मिक्स करें। 
  • इसके बाद इसे एयरटाइट कंटेनर में डालकर फ्रिज में स्टोर करें।
  • इस क्रीम को आप 6 दिनों तक स्टोर करके रख सकते हैं। इससे आपकी स्किन पर निखार आएगा।

3. एलोवेरा नाइट क्रीम

स्किन से मुंहासे और एक्ने की परेशानी को दूर करने के लिए एलोवेरा नाइट क्रीम आपके लिए काफी गुणकारी हो सकता है। इससे एक्ने की परेशानी कुछ ही दिनों में दूर हो सकती है। आइए जानते हैं इस क्रीम को बनाने की विधि- 

आवश्यक सामग्री

  • एलोवेरा जेल - 2 बड़े चम्मच
  • लैवेंडर ऑयल - 1 छोटा चम्मच
  • प्रिमरोज ऑयल - 1 छोटा चम्मच

विधि

एक कटोरी में एलोवेरा जेल, लैवेंडर ऑयल और प्रिमरोज ऑयल को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अब इस मिश्रण को एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करके रखें। सप्ताहभर इस क्रीम के इस्तेमाल से एक्ने की परेशानी दूर हो सकती है।

4. ऑरेंज पील नाइट क्रीम

ऑयली स्किन के लिए ऑरेंज पील नाइट क्रीम काफी लाभकारी हो सकता है। यह स्किन की रंगत को सुधारने के साथ-साथ चेहरे से दाग-धब्बों को भी दूर कर सकता है। आइए जानते हैं इस नाइट क्रीम को बनाने की विधि-

इसे भी पढ़ें - त्वचा से खिंचाव के निशान मिटाने के लिए घर पर बनाएं ये स्ट्रेच मार्क्स रिमूवल क्रीम

आवश्यक सामग्री

  • 2 संतरे का छिलका
  • 4 बूंद संतरे का तेल
  • 2 बड़े चम्मच पेट्रोलियम जेल
  • 2 चम्मच ग्लिसरीन

विधि 

एक ब्लेंडर में सभी सामग्री को डालकर अच्छी तरह से ब्लेंड करें। जब सभी सामग्री क्रीम हो जाए, तो इसे एक कंटेनर में भरकर रख दें। रात में सोते समय इस क्रीम को लगाने से स्किन की रंगत में सुधार आएगा।

5. ग्रीन टी और एलोवेरा नाइट क्रीम

धूल-मिट्टी और प्रदूषण से स्किन को सुरक्षित रखने के लिए ग्रीन टी और एलोवेरा युक्त नाइट क्रीम का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह स्किन को डिटॉक्सिंग करता है, जिससे आपकी स्किन पर निखार आ सकता है। आइए जानते हैं इस क्रीम को बनाने की विधि- 

आवश्यक सामग्री

  • ग्रीन टी का अर्क - 1 चम्मच
  • बादाम का तेल - 1 बड़ा चम्मच
  • गुलाब जल - 1 बड़ा चम्मच
  • एसेंशियल ऑयल  - 1 चम्मच
  • एलोवेरा जूस - 1 बड़ा चम्मच
  • बीजवैक्स - 1 बड़ा चम्मच

विधि

एक डबल बॉयलर में बादाम तेल और बीजवैक्स को डालकर अच्छी तरह से पिघलाएं। इसके बाद इसे आंच से उतार लें। अब इसमें एलोवेरा जेल डालकर अच्छे से मिक्स करें। इसके बाद बची हुई सामग्री को डालकर अच्छे से मिक्स करें। अब इसे क्रीम को एयरटाइट कंटेनर में डालकर स्टोर करें। रात में सोने से पहले इस क्रीम को लगाने से स्किन पर निखार आएगा। 

स्किन की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए आप घर पर तैयार इन नाइट क्रीम का इस्तेमाल कर सकती हैं।  हालांकि, ध्यान रखें कि अगर आपको इन क्रीम में मौजूद किसी भी सामग्री से एलर्जी है, तो पैच टेस्ट जरूर करें। 

Read Next

घर पर बनाएं काजल, लिपस्टिक, नाइट क्रीम जैसे ये 5 ब्यूटी प्रोडक्ट्स, स्किन को मिलेगी केमिकल-फ्री ब्यूटी

Disclaimer