मानसून के मौसम में आपको कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसमें पाचन से जुड़ी समस्याएं होना भी बेहद आम है। इस मौसम में अपच, गैस और कब्ज जैसी समस्याओं से परेशान होना पड़ सकता है। ये समस्याएं व्यक्ति को पूरे मानसून परेशान कर सकती हैं। अपच और कब्ज होने पर व्यक्ति को न सिर्फ शारीरिक रूप से तकलीफ होती है, बल्कि मानसिक रूप से भी परेशानी होती है। ऐसे में अक्सर लोग मानसून में अपच, गैस और कब्ज से छुटकारा पाने के लिए मार्केट में मिलने वाले तरह-तरह के चूर्णों का सेवन करते हैं। लेकिन आप चाहें तो सिर्फ कुछ घरेलू उपायों को अपनाकर भी अपच, गैस और कब्ज से निजात पा सकते हैं। आइए, रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल, सिरसा के आयुर्वेदाचार्य श्रेया शर्मा से जानते हैं-
मानसून में अपच, गैस और कब्ज के लिए घरेलू उपाय
1. अधिक मात्रा में पानी पिएं
मानसून में ज्यादातर लोग पानी का सेवन कम करते हैं। इससे शरीर में पानी की कमी होने लगती है। इसकी वजह से अपच और कब्ज की दिक्कत हो सकती है। ऐसे में आपको अपच, गैस और कब्ज से छुटकारा पाने के लिए अधिक मात्रा में पानी का सेवन करना चाहिए। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से पाचन से जुड़ी कई समस्याएं दूर होने लगती हैं। पाचन को बेहतर बनाए रखने के लिए आपको रोजाना 8-10 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए।
2. फलों का सेवन करें
मानसून में पाचन-तंत्र को मजबूत बनाने के लिए आपको अपनी डाइट में फल जरूर शामिल करने चाहिए। फलों में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जो पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। मानसून में आप सेब, नाशपाती, जामुन आदि का सेवन कर सकते हैं। सीजनल फलों का सेवन करने से आप अपच, गैस और कब्ज से छुटकारा पा सकते हैं। फलों के साथ ही आपको सब्जियों का भी सेवन जरूर करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- कब्ज से रहते हैं परेशान? ट्राई करें एक्सपर्ट के बताए ये 3 असरदार घरेलू नुस्खे
3. हरड़ चूर्ण का सेवन करें
हरड़ चूर्ण अपच, गैस और कब्ज से छुटकारा दिलाने का एक असरदार उपाय साबित हो सकता है। आयुर्वेद में पाचन को मजबूत बनाने के लिए हरड़ चूर्ण का उपयोग किया जाता है। यह पाचन से जुड़ी समस्याओं को दूर करता है। अपच, गैस और कब्ज की समस्या ठीक करने के लिए आप रोज रात को सोते समय गर्म पानी के साथ हरड़ चूर्ण का सेवन कर सकते हैं।
4. स्ट्रेस न लें
स्ट्रेस लेने से अपच और कब्ज की दिक्कत हो सकती है। अगर आप मानसून में अपच, गैस और कब्ज से अक्सर ही परेशान रहते हैं, तो स्ट्रेस लेने से बचें। स्ट्रेस से बचने के लिए रोजाना मेडिटेशन और प्राणायाम करें। साथ ही, रात को पूरी नींद लें। इससे आपका मन शांत होगा और आप तनावमुक्त महसूस करेंगे। रोज सुबह प्राणायाम करने से आपको पेट साफ करने में मदद मिलेगी। पाचन को बेहतर बनाने के लिए आप पवनमुक्तासन और वज्रासन का अभ्यास कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- मानसून में हो रही हैं पेट से जुड़ी समस्याएं? जानें पाचन शक्ति बढ़ाने के 5 उपाय
5. अजवाइन और जीरे का सेवन करें
मानसून में अपच, गैस और कब्ज से छुटकारा पाने के लिए आप अजवाइन और जीरे का भी सेवन कर सकते हैं। अजवाइन और जीरा, दोनों ही पाचन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इसके लिए आप अजवाइन और जीरे का पाउडर बना लें। रोज रात को सोते समय गुनगुने पानी के साथ अजावइन और जीरे का पाउडर लें। इससे सुबह आपका पेट आसानी से साफ होगा। साथ ही, अपच और गैस जैसी समस्याओं से भी छुटकारा मिलेगा।
इन घरेलू उपायों को अपनाकर भी आप अपच, गैस और कब्ज से राहत पा सकते हैं। लेकिन अगर दिक्कत ज्यादा गंभीर हो, तो आपको डॉक्टर से कंसल्ट जरूर करना चाहिए।