Fri Nov 27, 2026 | 02:26 PM IST

Medically Reviewed by Dt Meena Kumari , Dietician

मूंगफली और तिल का देसी कॉम्बिनेशन क्यों है सर्दियों का सुपरफूड? डायटिशियन से जानें खाने का सही तरीका

सर्दियों में लोग मूंगफली और तिल खाना पसंद करते हैं और यह सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। जो लोग मूंगफली और तिल एक साथ खाते हैं, उन्हें क्या फायदे मिल सकते हैं और कितना खाना चाहिए? यह जानने के लिए डायटिशियन की राय जरूर पढ़ें।  
मूंगफली और तिल का देसी कॉम्बिनेशन क्यों है सर्दियों का सुपरफूड? डायटिशियन से जानें खाने का सही तरीकाPeanut And Sesame Seeds Combination Winter Superfood

सर्दियों में मूंगफली और तिल से बनी चिक्की, गजक और लड्डू लोग बहुत खाते हैं। भारत में कई दशकों से सर्दियों में मूंगफली और तिल खाने की परम्परा है और इसके पीछे वैज्ञानिक कारण भी है। दरअसल, दोनों में कई पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं। जैसे मूंगफली से प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट मिलता है, जबकि तिल कैल्शियम, मैग्नीशियम और कुछ खास एंटीऑक्सिडेंट कंपाउंड मिलता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या मूंगफली और तिल को एक साथ खाने से सेहत को ज्यादा फायदे मिलते हैं? इस बारे में जानने के लिए हमने Meena Kumari, Chief Dietician, Dietetics, Sarvodaya Hospital, Faridabad से बात की। उन्होंने बताया कि न्यूट्रिशन के हिसाब से दोनों बहुत अच्छे स्नैक हो सकते हैं। हालांकि, इसे खाते समय दोनों की मात्रा पर भी ध्यान देना जरूरी है।

मूंगफली और तिल एक साथ खाने के 5 फायदे

Meena Kumari बताती हैं कि मूंगफली और तिल खाने से हड्डियों, हार्ट और पेट को बहुत फायदा होता है। दोनों को एक साथ खाने के ये फायदे हो सकते हैं।

1. शरीर को एनर्जी मिलना

मूंगफली और तिल दोनों में फैट और प्रोटीन होते हैं। दोनों को साथ खाने से फाइबर की वजह से पेट भरा हुआ महसूस होता है। यही वजह है कि थोड़ी मात्रा में मूंगफली और तिल खाने से बार-बार भूख लगने की परेशानी कम हो सकती है। सर्दियों में इन्हें सुबह या शाम के स्नैक के तौर पर लिया जा सकता है। हालांकि, इस बात का जरूर ध्यान रखना चाहिए कि मूंगफली और तिल, दोनों में कैलोरी काफी होती है। इसलिए इन्हें ज्यादा खाने से कुल कैलोरी बहुत बढ़ सकती है। इसलिए सीमित मात्रा में लेना फायदेमंद होता है।

2. हड्डियों के लिए जरूरी मिनरल्स

तिल को कैल्शियम का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसके अलावा, इसमें मैग्नीशियम और फॉस्फोरस भी होता है। मूंगफली से भी मैग्नीशियम और फॉस्फोरस मिलते हैं। जब इन दोनों को एक साथ खाया जाता है, तो ये मिनरल्स हड्डियों की हेल्थ को बेहतर करते हैं। हालांकि, तिल में मौजूद कैल्शियम पूरी तरह से शरीर में अवशोषित नहीं हो पाता, क्योंकि इसमें मौजूद ऑक्सालेट और फाइटेट कैल्शियम के अवशोषण पर असर डाल सकते हैं। इसलिए सर्दियों में मूंगफली और तिल के साथ डाइट में दूध, दही, रागी और कैल्शियम से भरपूर फूड्स लेने चाहिए।

3. हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद

मूंगफली में ओलिक और लिनोलिक एसिड जैसे अनसैचुरेटेड फैटी एसिड होते हैं और तिल में अनसैचुरेटिड फैट होता है। जब इनका इस्तेमाल मक्खन या घी की जगह किया जाता है, तो हार्ट हेल्थ के लिए बेहतर हो सकता है।

American Heart Association भी हार्ट हेल्थ के लिए नट्स, बीजों और प्लांट ऑयल से मिलने वाले अनसैचुरेटेड फैट्स को डाइट में शामिल करने की सलाह देता है। इसलिए सर्दियों में मूंगफली और तिल जैसे सीड्स को हार्ट की बेहतर सेहत के लिए खाया जा सकता है, लेकिन यह 25 -28 ग्राम से ज्यादा नहीं लेने चाहिए।

Benefits of peanuts and sesame seeds in winterImage Credit: Magnific

यह भी पढ़ें- सर्दियों में भीगी मूंगफली खाएं या भुनी हुई, डायटिशियन से जानें सेहत के लिए कौन-सी बेहतर?

4. ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कंट्रोल करने में मददगार

तिल में सेसमिन और सेसमोलिन होता है, वहीं मूंगफली में पॉलीफेनॉल्स और दूसरे एंटीऑक्सिडेंट कंपाउंड मौजूद होते हैं। ये शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। दोनों को एक साथ खाने से अलग-अलग तरह के बायोएक्टिव कंपाउंड डाइट में मिलते हैं। ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कंट्रोल होने से शरीर में सूजन कम करने में मदद मिलती है। हालांकि, तिल और मूंगफली को बहुत ज्यादा खाना भी नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए सीमित मात्रा में लेना बेहतर रहता है।

5. मांसपेशियों के लिए बेहतर

MDPI के मुताबिक, तिल को पूरी तरह से प्रोटीन से भरपूर माना जाता है और इसमें जरूरी अमीनो एसिड होते हैं, जो पाचन में फायदेमंद होता है और मांसपेशियों की रिपेयर में मदद करता है। इसके अलावा, मूंगफली में भी प्रोटीन और फाइबर होते हैं, जो टिश्यू के नॉर्मल फंक्शन में मदद करते हैं। सर्दियों में मूंगफली और तिल के साथ-साथ डाइट में दालें, साबुत अनाज, फल और सब्जियां भी शामिल करना जरूरी है।

रोज कितनी मूंगफली और तिल खाना चाहिए?

Meena Kumari कहती हैं कि दोनों में कई तरह के मिनरल्स होते हैं, लेकिन इसमें कैलोरी की मात्रा भी बहुत ज्यादा होती है, इसलिए दोनों को लेते समय इसकी मात्रा पर ध्यान देना जरूरी है। इन दोनों को भूनकर, सलाद में डालकर या घर पर कम गुड़ की चिक्की बनाकर खाया जा सकता है। अगर आप तिल और मूंगफली की गजक या लड्डू खरीद रहे हैं, तो उसमें मौजूद गुड़ या चीनी की मात्रा जरूर चेक करें।

  • मूंगफली - लगभग 20-30 ग्राम स्नैक्स के तौर पर ली जा सकती है।
  • तिल - रोजाना 1-2 चम्मच यानी करीब 5-10 ग्राम खाने में शामिल किया जा सकता है।
  • दोनों साथ में - थोड़ी मूंगफली और तिल मिलाकर खाएं।

यह भी पढ़ें- सर्दियों में तिल और गुड़ खाने के फायदे, एक्सपर्ट से जानें

मूंगफली और तिल किन लोगों को खाने से बचना चाहिए?

Meena Kumari ने सलाह दी है कि इन लोगों को मूंगफली और तिल खाने से बचना चाहिए।

  • जिन लोगों को मूंगफली या तिल से एलर्जी है, उन्हें तिल और मूंगफली नहीं खानी चाहिए। कुछ लोगों को मूंगफली और तिल खाने से खुजली, त्वचा पर चकत्ते, होंठ या गले में सूजन और सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
  • मूंगफली और तिल में फॉस्फोरस और पोटैशियम जैसे मिनरल्स होते हैं। किडनी की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को डॉक्टर से सलाह लेकर मूंगफली और तिल खाने चाहिए।
  • जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उन्हें मूंगफली और तिल बहुत सीमित मात्रा में लेने चाहिए।

निष्कर्ष

सर्दियों में मूंगफली और तिल एक साथ खाना पौष्टिक होता है और शरीर को इसके कई फायदे भी मिलते हैं, लेकिन इसके साथ एलर्जी, किडनी के मरीजों और वजन कम करने वाले लोगों को ये दोनों सीमित मात्रा में लेना चाहिए। मूंगफली और तिल में कैलोरी बहुत ज्यादा होती है, इसलिए बहुत ज्यादा न खाएं और किसी भी तरह की बीमारी वाले मरीजों को तिल और मूंगफली खाने से पहले एक्सपर्ट से सलाह जरूर लेनी चाहिए।

FAQ

  • महिलाओं के हार्मोनल संतुलन और पीरियड्स की समस्या में तिल-मूंगफली कैसे मदद करते हैं?

    तिल में लिग्नन्स और फाइटोएस्ट्रोजेन व मूंगफली में विटामिन B6 और जिंक अनियमित पीरियड्स को संतुलित करने, पीरियड्स के दर्द को कम करने और मेनोपॉज के दौरान हड्डियों की कमजोरी कम करने में मदद करते हैं। 
  • क्या किडनी स्टोन या हाई यूरिक एसिड के मरीजों को तिल-मूंगफली से परहेज करना चाहिए?

     तिल में ऑक्सालेट्स की मात्रा ज्यादा होने पर किडनी स्टोन का रिस्क बढ़ा सकता है। वहीं, मूंगफली में प्यूरीन के कारण हाई यूरिक एसिड के मरीजों को सीमित मात्रा में इसे लेना चाहिए। 

Read Next

अपराजिता के फूल सेहत के लिए हैं वरदान, जानें आयुर्वेदिक एक्सपर्ट से इस्तेमाल का सही तरीका

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Aneesh Rawat

Health & Lifestyle Journalist

अनीश रावत पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। यहां वह महिला स्वास्थ्य, बच्चों की सेहत, कैंसर, योग और मेडिटेशन जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखते हैं। उनका फोकस स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को डेटा, रिसर्च और विशेषज्ञों की राय के आधार पर पाठकों तक पहुंचाना है। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह News 24, All India Radio और ThinkRight Meditation App के साथ काम कर चुके हैं। Editorial Policy: अनीश द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 27, 2026 14:02 IST

    Published By : Aneesh Rawat
    Reviewed By : Dt Meena Kumari