कई बार कुछ लोगों को दूसरों के मुकाबले ज्यादा ठंड महसूस होती है, कई बार ऐसा गर्मी के मौसम में भी होता है। जब घर के बाकी लोगों को नॉर्मल महसूस होता है, तब भी कुछ लोग कपड़ा ओढ़कर या जैकेट पहनकर बैठते हैं। ऐसे में लोगों के मन में कई बार यह सवाल उठता है कि उनको दूसरों के मुकाबले ज्यादा ठंड क्यों लगती है? आइए इस बारे में Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV Hospital, Bengaluru से जानें।
कुछ लोगों को हर टाइम ठंड क्यों लगती है?
डॉ. अरविंद के अनुसार, कभी-कभी ठंड महसूस होना नॉर्मल है, खासकर ठंडे माहौल में या थकान होने पर, लेकिन अगर किसी को ज्यादातर समय असामान्य रूप से ठंड लगती है, जबकि आस-पास के लोग नॉर्मल महसूस कर रहे हों, तो यह कभी-कभी किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसा हाइपोथायरायडिज्म, खून की कमी, खराब ब्लड सर्कुलेशन, कम वजन होने, दवाइयों और मेडिकल कंडीशन्स जैसी समस्याओं के कारण हो सकता है।
1. हाइपोथायरायडिज्म की स्थिति
हर समय ठंड लगने का एक आम कारण हाइपोथायरायडिज्म है, जिसमें थायराइड ग्रंथि पर्याप्त थायराइड हार्मोन नहीं बनाती है। ये हार्मोन मेटाबॉलिज्म और शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करते हैं।
थायराइड हार्मोन के कम बनने से शरीर की ठंड के प्रति सेंसिटिविटी बढ़ने के साथ-साथ, व्यक्ति को कई समस्याएं होती हैं। जैसे-
- थकान होना।
- वजन बढ़ना।
- ड्राई स्किन।
- कब्ज की समस्या।
- मांसपेशियों में दर्द।
- बाल पतले होना।
- दिल की धड़कन धीमी होना।
इसे भी पढ़ें: शरीर में खून की कमी: जानें कब हो जाएं सावधान और क्या कहते हैं डॉक्टर
2. खून की कमी
हर समय ठंड लगने का एक कारण शरीर में खून की कमी या एनीमिया या आयरन की कमी हो सकती है। जब शरीर में पर्याप्त हेल्दी रेड ब्लड सेल्स या आयरन नहीं होता है, तो टिश्यूज तक ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसके कारण लोगों को ठंड महसूस होने के साथ-साथ कई परेशानियां होती हैं।
- कुछ लोगों को हाथ-पैर ठंडे महसूस होना।
- थकान।
- कमजोरी।
- चक्कर आने
- सांस फूलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
why do some people feel cold all the time 01
3. खराब ब्लड सर्कुलेशन
कई बार शरीर में ठीक से ब्लड सर्कुलेशन नहीं होती है। खराब ब्लड सर्कुलेशन के कारण भी लोगों को हाथ-पैर ठंडे महसूस हो सकते हैं।
4. कम वजन के कारण
कई बार शरीर की बनावट भी मायने रखती है। बहुत कम वजन या शरीर में अपर्याप्त फैट वाले लोगों में ठंड से बचाव की क्षमता कम हो सकती है। कैलोरी का सेवन पर्याप्त मात्रा में न करने से शरीर की गर्मी पैदा करने की क्षमता कम हो सकती है। जिसके कारण व्यक्ति को हर समय ठंड लगने या हाथों-पैरों के ठंडा होने की समस्या हो सकती है।
5. दवाइयों और मेडिकल कंडीशन्स
डॉ. अरविंद कहते हैं, कुछ लोगों को हर समय ठंड लगने की समस्या कुछ दवाइयों, हार्मोनल बदलाव और अन्य मेडिकल स्थितियां भी इसमें भूमिका निभा सकती हैं। यह मान लेना सही नहीं है कि लगातार ठंड लगने का मतलब हमेशा थायराइड की समस्या ही है। यह समस्या डायबिटीज की समस्या और विटामिन बी12 जैसे पोषक तत्वों की कमी के कारण हो सकती है।
डॉ. अरविंद आगे बताते हैं, डॉक्टर अन्य लक्षणों के अनुसार व्यक्ति की मेडिकल हिस्ट्री के आधार पर कंप्लीट ब्लड काउंट, आयरन स्टडीज और थायराइड-फंक्शन टेस्ट जैसे टेस्ट की सलाह दे सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: थायराइड हार्मोन कैसे काम करता है? जानें असंतुलन से होने वाली बीमारियां और लक्षण
क्या कहती है स्टडी?
साल 2022 में Scientific Reports में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, कोल्ड इनटॉलरेंस लोगों में एक आम समस्या है। यह महिलाओं और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोगों में ज्यादा देखने को मिलती है। ठंड के प्रति सेंसिटिविटी (कोल्ड इनटॉलरेंस) एक ऐसी स्थिति है, जिसमें ठंड के संपर्क में आने पर शरीर में दर्द, सुन्नपन, झनझनी, अकड़न, कमजोरी, सूजन या त्वचा का रंग बदलने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
इस समस्या के पीछे मुख्य रूप से तंत्रिका-रक्त वाहिकाओं (न्यूरोवैस्कुलर), हार्मोनल (ह्यूमरल और एंडोक्राइन) और जेनेटिक कारण होते हैं। यह समस्या कई अलग-अलग बीमारियों और स्थितियों में देखी जाती है, जैसे कि हाथ की चोट या सर्जरी, फाइब्रोमायल्जिया, खून की कमी (एनीमिया), थायराइड, धमनियों में रुकावट (एथेरोस्क्लेरोसिस), रेनॉड रोग, डायबिटीज, कम वजन, विटामिन बी12 की कमी, और कुछ खास दवाइयों के साइड इफेक्ट।
हर समय ठंड लगने की समस्या से बचने के लिए क्या करें?
डॉ. अरविंद का कहना है, हर समय ठंड लगने की समस्या से राहत के लिए लाइफस्टाइल में सुधार करना जरूरी है। इसके लिए कुछ अच्छी आदतों को अपनाएं। जैसे-
- पोषक तत्वों से भरपूर डाइट लें।
- नियमित रूप से एक्सरसाइज करें।
- दिनभर में पर्याप्त पानी पिएं।
- 7-8 घंटों की भरपूर नींद लें।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. अरविंद आगे बताते हैं, अगर लक्षण लगातार बने रहते हैं, नए हैं या इनके साथ बहुत ज्यादा थकान, बिना किसी साफ कारण के वजन में बदलाव, चक्कर आना, सांस फूलना, पीरियड्स में बदलाव या अन्य लक्षण भी हैं, तो सिर्फ शरीर को गर्म रखने की कोशिश करने के बजाय डॉक्टर से तुरंत जांच करवाएं।
निष्कर्ष
कई लोगों को हर समय ठंड लगती रहती है। ऐसा हाइपोथायरायडिज्म, खून की कमी, खराब ब्लड सर्कुलेशन, कम वजन होने, कुछ दवाइयों और मेडिकल कंडीशन्स के कारण लोगों को हर समय ठंड लगने या हाथों-पैरों के ठंडे रहने की समस्या हो सकती है।
ऐसे में ध्यान रहे, वजन में किसी भी तरह का बदलाव आने, सांस फूलने, चक्कर आने, पीरियड्स में बदलाव आने और अन्य लक्षण दिखते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
किसकी कमी से ठंड ज्यादा लगती है?
शरीर में विटामिन बी12, विटामिन डी और आयरन की कमी के कारण लोगों को ठंड लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।खून की कमी होने के क्या कारण हैं?
शरीर में आयरन, विटामिन बी12 और फोलिक एसिड की कमी, रेड ब्लड सेल्स के टूटने, ब्लड लॉस और किडनी की बीमारी जैसे कई कारणों से लोगों को खून की कमी की समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 23, 2026 11:10 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Aravinda S N
