डिलीवरी के बाद नई मां के शरीर में कई बदलाव आते हैं, जिसके कारण उनको कई बार कुछ परेशानियां भी होती हैं। कई बार तो नई मां को थोड़ी-थोड़ी देर में भूख लगती रहती है। ऐसे में वे समझ नहीं पाती हैं कि ऐसा क्यों होता है? आइए इस बारे में Dr. Lavanya Kiran, Director and Lead Consultant, Obstetrics, Gynaecology, KIMS Hospitals, Electronic City, Bengaluru से जानें।
नई माताओं को लगातार भूख क्यों लगती है?
Dr. Lavanya के अनुसार, डिलीवरी के बाद के समय में बहुत ज्यादा भूख लगना एक आम बात है। डिलीवरी के बाद का समय वह दौर होता है, जब प्रेग्नेंसी और बच्चे के जन्म के बाद शरीर वापस नॉर्मल स्थिति में आ रहा होता है। इस दौरान शरीर में कई फिजिकल, इमोशनल और हार्मोनल बदलाव होते हैं।
ब्रेस्टफीडिंग कराने वाली माताओं के शरीर को ज्यादा पोषण की जरूरत होती है। बार-बार भूख लगने का मतलब है कि शरीर को वापस नॉर्मल स्थिति में आने और ब्रेस्ट मिल्क (मां का दूध) बनाने के लिए पर्याप्त पोषक तत्वों की जरूरत है।
1. दूध बनने से बढ़ जाती है एनर्जी की जरूरत
Dr. Lavanya के अनुसार, ब्रेस्ट मिल्क बनने की प्रक्रिया में बहुत सारी कैलोरी खर्च होती है, जिसकी वजह से भूख ज़्यादा लगती है। ऐसे में खाना कम नहीं करना चाहिए, बल्कि इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि डाइट में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फैट, फल और सब्जियां शामिल हों।
इसे भी पढ़ें: डिलीवरी के बाद शुरुआती 7 दिनों में क्या खाएं? गायनेकोलॉजिस्ट से जानें
2. हार्मोनल बदलाव डाल सकते हैं भूख पर असर
बच्चे के जन्म के बाद, प्रेग्नेंसी से जुड़े हार्मोन जैसे एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन का स्तर काफी कम हो जाता है। वहीं, दूध बनने और भूख को नियंत्रित करने वाले हार्मोन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। डिलीवरी के बाद के शुरुआती कुछ हफ्तों में, इसका असर भूख और खाने की इच्छा (क्रेविंग) पर पड़ सकता है।
Why Do New Mothers Feel Hungry All The Time 01
3. नींद पूरी न होने से बढ़ सकती है भूख
बच्चा रात में कई बार जागता है, जिससे मां की नींद बार-बार टूटती है। नींद पूरी न होने से भूख को नियंत्रित करने वाले हार्मोन प्रभावित हो सकते हैं, जिससे ज्यादा भूख लग सकती है और ज्यादा कैलोरी वाली या मीठी चीजें खाने का मन कर सकता है। इसलिए, नई मां को हर हाल में पर्याप्त आराम करने की कोशिश करनी चाहिए।
4. शारीरिक रिकवरी के लिए पोषण है जरूरी
डिलीवरी के बाद भी शरीर में ठीक होने (हीलिंग) की प्रक्रिया चलती रहती है। खासकर तब, जब जन्म के दौरान टिश्यू को काफी नुकसान पहुंचा हो या सी-सेक्शन (ऑपरेशन) से डिलीवरी हुई हो। खून की कमी, घाव भरने की प्रक्रिया और बच्चे को ब्रेस्टफीड कराने के लिए शरीर को ज्यादा पोषक तत्वों की जरूरत होती है।
5. डिहाइड्रेशन को भूख समझना
ब्रेस्टफीड कराने से शरीर में फ्लूइड्स की जरूरत बढ़ जाती है। कभी-कभी मां को प्यास लगने या शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) पर ऐसा लग सकता है कि उसे भूख लगी है। इसलिए, माताओं के पास हमेशा पानी होना चाहिए और उन्हें दिनभर में पर्याप्त पानी पीना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: नाश्ते के दो घंटे बाद आपको फिर से भूख क्यों लग रही है? डॉक्टर से जानें
क्या कहती है स्टडी?
साल 2017 में Archives of Women's Mental Health के अनुसार, नई मां को अधिक भूख लगने की समस्या घ्रेलिन हार्मोन बढ़ने, ऊर्जा की जरूरत और दूध के प्रोडक्शन की मांग, हार्मोनल और शारीरिक बदलाव, ब्रेस्टफीडिंग और एस्ट्रोजन के स्तर में गिरावट के कारण हो सकती है।
डॉक्टर की सलाह कब लेनी चाहिए?
Dr. Lavanya बताती हैं, अगर आपको बहुत तेज भूख लगने के साथ-साथ बहुत ज्यादा प्यास लगने, बार-बार पेशाब आने, अचानक वजन कम होने, दिल की धड़कन तेज होने या थकान महसूस होने जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत गायनेकोलॉजिस्ट या डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि इन लक्षणों के पीछे थायराइड की समस्या, डायबिटीज या एनीमिया जैसी कई अन्य वजहें हो सकती हैं।
आमतौर पर, डिलीवरी के बाद बहुत तेज भूख लगना नॉर्मल माना जा सकता है। ऐसे में सही पोषण लेने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर को अपनी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सकेगी।
निष्कर्ष
डिलीवरी के बाद नई मां को एनर्जी की जरूरत, हार्मोनल बदलावों, नींद पूरी न होने, शारीरिक रिकवरी और डिहाइड्रेशन जैसे कई बदलावों के कारण अधिक भूख या बार-बार भूख लग सकती है, लेकिन ध्यान रहे, अगर इसके साथ महिला को अधिक प्यास लगने, बार-बार यूरिन आने, अचानक वजन बढ़ने, थकान होने और दिल की धड़कन के तेज होने जैसी समस्याएं होती हैं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
डिलीवरी के बाद क्या खाना चाहिए?
डिलीवरी के बाद मां को डाइट में आयरन, प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम और हेल्दी फैट्स से भरपूर फल, सब्जियां, ओट्स, साबुत अनाज, दालें, अंडे और फलियों को शामिल करें। इसके अलावा, लिक्विड डाइट भी लें।डिलीवरी के बाद क्या-क्या परहेज करना चाहिए?
डिलीवरी के बाद अधिक तले-भुने, मसालेदार, गैस बनाने वाली दालों, कैफीन, अल्कोहल और आधे पके खाने को खाने से बचें। इनके कारण नई मां को परेशानी हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 16, 2026 17:08 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Lavanya Kiran
