Mon Nov 23, 2026 | 08:20 PM IST

Medically Reviewed by Dr Chetna Jain , Gynecologist

प्रेग्नेंट होने के कितने दिन बाद बेबी की धड़कन सुनाई देने लगती है, डॉक्टर से जानें कब और कैसे सुनें हार्टबीट?

When Does The Fetal Heartbeat Begin: प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को हमेशा लगता है कि भ्रूण की हार्टबीट कब सुनाई देगी? अगर आप भी यह जानना चाहते है कौन से सप्ताह में या कितने दिन बाद भ्रूण की हार्टबीट सुनाई देती है, इस लेख में डॉक्टर से जानें। 
प्रेग्नेंट होने के कितने दिन बाद बेबी की धड़कन सुनाई देने लगती है, डॉक्टर से जानें कब और कैसे सुनें हार्टबीट?प्रेग्नेंट होने के कितने दिन बाद बेबी की धड़कन सुनाई देने लगती है, डॉक्टर से जानें कब और कैसे सुनें हार्टबीट?

When Does The Fetal Heartbeat Begin: प्रेग्नेंसी किसी भी मां और पिता के लिए उनके जीवन का एक बहुत ही खास समय होता है। हालांकि, इस दौरान महिलाओं को कई तरह की फिजिकल और मेंटल परेशानियों से गुजरना पड़ सकता है और इसके साथ उनमें अपने गर्म में पल रहे बच्चे की सलामती से जुड़ी चिंताएं उन्हें काफी परेशान करती हैं। ऐसी ही एक आम चिंता जिसका ज्यादातर गर्भवती महिलाएं सामना करती हैं वह है गर्भ में पल रहे बच्चे की धड़कन। अपने बच्चे की धड़कन सुनना एक मां को काफी सुकून दे सकता है। लेकिन कई बार यह उनमें तनाव और बेचैनी का कारण भी बन सकता है, क्योंकि प्रेग्नेंसी के शुरुआती दिनों में भ्रूण की हार्टबीट को ट्रैक कर पाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। साथ ही, भ्रूण का हार्ट बनने और हार्टबीट आने में भी थोड़ा समय लगता है, लेकिन जब कोई गर्भवती महिला डॉक्टर के पास जाती है और कई बार जब भ्रूण की हार्टबीट ट्रैक नहीं हो पाती है, तो इसको लेकर महिलाएं काफी टेंशन में आ जाती हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि भ्रूण की हार्टबीट किस हफ्ते सुनाई दे सकती है? यह जानने के लिए हमने गुरुग्राम के Cloudnine Group of Hospitals के Obstetrics & Gynecology विभाग की Director Dr. Chetna Jain से बात की। उन्होंने बताया कि आमतौर पर भ्रूण की हार्टबीट एक महीने के बाद सुनाई दे सकती है। 

हार्टबीट पता न चलने की वजह 

Dr. Chetna Jain की मानें तो, "गर्भ में भ्रूण के हृदय के विकास और हार्टबीट आने के पीछे कई कारक जिम्मेदार होते हैं। बहुत बार भ्रूण की हार्टबीट इसलिए नहीं आ पाती है, क्योंकि हो सकता है कि आपने समय से पहले उसकी हार्टबीट को ट्रैक करने की कोशिश हो। आपका गर्भधारण कब हुआ है और बच्चे की हार्टबीट कौन से हफ्ते से आना शुरू होगी, यह आपको डॉक्टर बेहतर तरीके से बता सकते हैं, लेकिन कई बार जल्दबाजी के कारण महिलाएं डॉक्टर से जल्दी हार्टबीट चेक करने का अनुरोध करती हैं और धड़कन न सुनाई देने पर चिंतित हो जाती हैं। इसलिए प्रेग्नेंट महिलाओं को शिशु की हार्टबीट सुनने में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।" 

When Does The Fetal Heartbeat BeginWhen Does The Fetal Heartbeat Begin

यह भी पढ़ें- मां के पेट में बच्चा कितने घंटे सोता है? गर्भ में बच्चे की नींद को लेकर जानें ये जरूरी बातें

भ्रूण की हार्टबीट कितने समय बाद शुरू होती है?- When Does The Fetal Heartbeat Begin

Dr. Chetna Jain के अनुसार, "प्रेग्नेंसी के 8वें हफ्ते से पहले भ्रूण को एम्ब्रियो कहा जाता है। आमतौर पर, भ्रूण के हृदय का विकास होने के बाद डॉक्टर गर्भावस्था के छठे और आठवें सप्ताह के बीच दिल की धड़कन का पता लगा सकते हैं। 5वें सप्ताह (28-35 दिन) के आसपास, हृदय बनना शुरू हो जाता है, और 5वें सप्ताह के अंत या 6वें सप्ताह की शुरुआत तक, आपके बच्चे का छोटा दिल धड़कना शुरू कर देता है। इसे एम्ब्रियोनिक हार्टबीट (Embryonic Heartbeat) के रूप में भी जाना जाता है।"

भ्रूण के हृदय के विकास को मॉनिटर करने से जुड़ी जरूरी बातें और कारक जो आपको पता होने चाहिए

गर्भकालीन आयु (Gestational Age): भ्रूण की गर्भकालीन आयु एक महत्वपूर्ण कारक है। गर्भावस्था के 6वें से 8वें हफ्ते के आस-पास दिल की धड़कन का पता लगाया जा सकता है। हालांकि, इसमें कुछ अलग हो सकता है और इसके लिए डॉक्टर से बात करनी चाहिए। 

शिशु की पोजीशन (Position Of The Baby): गर्भ में शिशु की पोजीशन दिल की धड़कन की ध्वनि की स्पष्टता को प्रभावित कर सकती है। कई बार इसके कारण हार्टबीट में डॉक्टर को स्पष्टता में कमी महसूस हो सकती है।

मातृ कारक (Maternal Factors): मां की शारीरिक संरचना भी बहुत मायने रखती है। पेट की अतिरिक्त चर्बी जैसे कारक भ्रूण के दिल की धड़कन की स्पष्टता को प्रभावित कर सकते हैं। कुछ मामलों में, डॉक्टर सटीक रीडिंग के लिए अन्य विकल्पों की मदद ले सकते हैं।

भ्रूण के हार्ट की ग्रोथ कैसे होती है?

Dr. Chetna Jain ने बताया कि भ्रूण का जैसे-जैसे विकास होता है, वे एक्टिव होने लगते हैं। ऐसे में हार्ट की ग्रोथ 5वें हफ्ते से शुरू होती है, जो 9 या 10वें हफ्ते तक पूरी होती है। 

प्रेग्नेंसी के हफ्ते 

हार्ट की ग्रोथ 

हफ्ते 5 

हार्ट की दो नलियों से बना होता है, जो बीच में जुड़कर एक मोटा तना बनाती हैं, जिससे चार ब्रांच निकलती हैं। हार्ट के टिश्यू में धड़कन शुरू हो जाती है, जिसे वजाइनल अल्ट्रासाउंड के जरिए देखा जा सकता है।

हफ्ते 6 

भ्रूण के हार्ट में बड़ा बदलाव आता है। इसमें हार्ट की नली मुड़कर S आकार बना लेती है।

हफ्ते 7

हार्ट के पंप करने वाले वेंट्रिकल्स और एट्रिया अलग होते हैं और ग्रोथ शुरू हो जाती है। 

हफ्ते 8 

हार्ट के एट्रिया और वेंट्रिकल्स के बीच के वाल्व बन जाते हैं।

हफ्ते 9 और 10 

एरोटा और पुल्मोनरी नसें बनने लगती हैं। 10वें हफ्ते तक भ्रूण का हार्ट पूरी तरह से विकसित हो जाता है।

आप भ्रूण के दिल की धड़कन को ट्रैक कैसे कर सकते हैं?- How To track Fetal Heartbeat In Hindi

Dr. Chetna Jain कहती हैं कि ऐसे कई तरीके हैं जिनकी मदद से भ्रूण के दिल की धड़कन को ट्रैक किया जा सकता है। इनमें अल्ट्रासाउंड इमेजिंग, डॉक्टरों या अस्पतालों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले डॉपलर डिवाइस, घर पर उपयोग किए जाने वाले भ्रूण डॉपलर उपकरण और यहां तक कि एक प्रशिक्षित डॉक्टर द्वारा स्टेथोस्कोप के माध्यम से भी हार्टबीट ट्रैक किया जाना शामिल है। पहली तिमाही में आप अपने डॉक्टर से भ्रूण की हार्टबीट चेक करने के लिए कह सकते हैं। साथ ही, उनसे हार्टबीट ट्रैक करने के तरीके भी जान सकते हैं। घर पर हार्टबीट ट्रैक करने के लिए आपको डॉक्टर घरेलू डॉपलर उपकरण खरीदने का सुझाव दे सकते हैं।

Cleveland Clinic के अनुसार, भ्रूण के दिल की धड़कन को मॉनिटर करने के लिए ये तरीके अपनाए जा सकते हैं। 

  • अल्ट्रासाउंड इमेजिंग (Ultrasound Imaging): यह भ्रूण की हार्टबीट पता लगाने का सबसे आम और विश्वसनीय तरीका है। अल्ट्रासाउंड से भ्रूण के छोटे से दिल की धड़कन स्पष्ट रूप से सुनने में मदद मिलती है।
  • डॉपलर डिवाइस (Doppler Device): डॉक्टर द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले डॉपलर अल्ट्रासाउंड उपकरण भ्रूण की हार्टबीट की साउंड का पता लगा सकते हैं और उसे बढ़ा सकते हैं। हालांकि, इन उपकरणों का उपयोग आमतौर पर डिलीवरी से पहले जांच के दौरान किया जाता है, लेकिन सटीक रीडिंग के लिए हमेशा डॉक्टर पर भरोसा करना आवश्यक है।
  • नॉन-स्ट्रेस टेस्ट (Nonstress test - NST): यह जांच करीब 20 से 30 मिनट तक चलती है, जिसमें गर्भ में शिशु की मूवमेंट के जवाब में उसकी हार्ट रेट को मापा जाता है। यह भ्रूण की सेहत को चेक करने के लिए की जाती है।
  • घरेलू फेटल डॉपलर (Fetal Doppler At Home): कुछ माता-पिता घर पर हैंडहेल्ड भ्रूण डॉपलर उपकरणों का उपयोग करते हैं, जो बाजार में उपलब्ध हैं। हालांकि, इसका इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। 
  • स्टेथोस्कोप (Stethoscope): कुछ मामलों में, डॉक्टर भ्रूण के दिल की धड़कन सुनने के लिए स्टेथोस्कोप का उपयोग कर सकते हैं। हालांकि, अल्ट्रासाउंड और डॉपलर उपकरणों के माध्यम से उपलब्ध तकनीक की तुलना में यह तरीका कम आम है।

यह भी पढ़ें- जब मां सोती है तो गर्भ में बच्चा क्या करता है? जानें कितने घंटे सोता है और कब करता है मूवमेंट

निष्कर्ष

प्रेग्नेंट महिला को भ्रूण की हार्टबीट जानने के लिए डॉक्टर से ही टेस्ट कराना चाहिए। अगर किसी को शुरुआत में हार्ट बीट सुनाई न दे, तो चिंता करने की बात नहीं होती। कई बार भ्रूण के दिल की धड़कन देर से भी सुनाई दे सकती है। अगर महिला को किसी भी तरह की दिक्कत महसूस होती है, तो उसे तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।  

All Image Source: Freepik

FAQ

  • क्या गर्भ में शिशु की हार्टबीट तेज या धीमी होने से यह पता चल सकता है कि लड़का होगा या लड़की?

    ऐसा कुछ नहीं होता है। यह पूरी तरह से मिथक है। लड़के और लड़की दोनों भ्रूण की धड़कन की स्पीड 110 से 160 BPM हो सकती है। एक समान होती है। 
  • क्या स्टेथोस्कोप या पेट पर कान लगाकर भी बेबी की धड़कन सुनी जा सकती है?

    शुरुआती महीनों में यह संभव नहीं है। आमतौर पर सामान्य स्टेथोस्कोप से बेबी की धड़कन सुनना प्रेग्नेंसी के 18 से 20 हफ्ते के बाद संभव हो पाता है और इसमें भी भ्रूण की पोजीशन सही होनी चाहिए। 

Read Next

मां के पेट में बच्चा कितने घंटे सोता है? गर्भ में बच्चे की नींद को लेकर जानें ये जरूरी बातें

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Vineet Kumar

Sub Editor

जागरण न्यू मीडिया के ओनलीमायहेल्थ में बतौर सब एडिटर काम कर रहे विनीत को प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 3 साल से ज्यादा का अनुभव है। विनीत को हेल्थ और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लिखने की अच्छी समझ है। वे विभिन्न संस्थानों में इस बीट पर काम कर चुके हैं। फीचर स्टोरीज के अलावा विनीत को राजनीति और देश-विदेश की खबरें लिखने की भी अच्छी समझ है। विनीत ने दिल्ली विश्विविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन और पीजी डिप्लोमा किया है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 23, 2026 19:24 IST

    Modified By : Aneesh Rawat
    Reviewed By : Dr Chetna Jain
  • Nov 30, 2023 23:45 IST

    Published By : Vineet Kumar