Fri Oct 23, 2026 | 03:36 AM IST

Medically Reviewed by Edwina Raj , Nutritionist & Dietician

पीरियड्स के दौरान कमजोरी दूर करने के लिए क्या खाना चाहिए? एक्सपर्ट से जानें

पीरियड्स के दौरान कमजोरी और थकान को दूर करने के लिए आयरन, प्रोटीन, विटामिन सी और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट युक्त डाइट लेनी चाहिए। पर्याप्त पानी पीने और कुछ चीजों से परहेज करने से भी राहत मिलती है।
पीरियड्स के दौरान कमजोरी दूर करने के लिए क्या खाना चाहिए? एक्सपर्ट से जानेंपीरियड्स के दौरान कमजोरी दूर करने के लिए क्या खाना चाहिए? एक्सपर्ट से जानें

पीरियड्स के दौरान महिलाओं को पेट दर्द, मूड स्विंग्स, ब्लोटिंग और सिरदर्द होने जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी तरह इस दौरान कुछ महिलाओं को थकान और कमजोरी जैसी समस्याएं भी होती हैं, खासकर पीरियड्स के दौरान ब्लीडिंग होने से शरीर से ज्यादा ब्लड निकल जाने के कारण। ऐसे में इन समस्याओं से राहत और शरीर को एनर्जेटिक बनाए रखने के लिए अक्सर महिलाओं को डाइट पर ध्यान देने और लाइफस्टाइल को एक्टिव रखने की सलाह दी जाती है। ऐसे में कई महिलाओं के मन में सवाल आता है कि इस दौरान कौन से फूड्स को खाना स्वास्थ्य के लिए ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। आइए इस बारे में Ms. Edwina Raj, Head of Services - Clinical Nutrition & Dietetics, Aster CMI Hospital, Bengaluru से जानें।

पीरियड्स में कमजोरी दूर करने के लिए क्या खाएं?

क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट एडविना राज के अनुसार, पीरियड्स के दौरान आयरन, प्रोटीन, मैग्नीशियम, पोटैशियम, कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट और विटामिन सी जैसे पोषक तत्वों से युक्त फूड्स को डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।

पीरियड्स के दौरान थोड़ा थका हुआ या कमजोर महसूस करना आम बात है, खासकर जब ब्लीडिंग हो रही हो, लेकिन बैलेंस डाइट और पर्याप्त मात्रा में लिक्विड डाइट लेने से आप बेहतर महसूस कर सकती हैं और शरीर में एनर्जी बनी रहती है।

1. आयरन युक्त फूड्स खाएं

पीरियड्स के दौरान ज्यादा ब्लीडिंग के कारण शरीर में आयरन की मात्रा भी कम हो सकती है। आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में पीरियड्स के दौरान आयरन से भरपूर फूड्स का सेवन करना जरूरी हो जाता है।

पालक, दालें, बीन्स, छोले, सोयाबीन, तिल, कद्दू के बीज, किशमिश, अंडे और लीन मीट (कम फैट वाला मीट) आयरन के सोर्स हो सकते हैं। जो महिलाएं शाकाहारी खाना खाती हैं, वे दाल, राजमा, चना, सोया, टोफू, पालक और अलग-अलग तरह के बीजों को अपनी डाइट में शामिल कर सकती हैं।

इसे भी पढ़ें: पीरियड्स के दौरान वजाइनल pH सही रखने के लिए फॉलो करें ये डाइट टिप्स

2. आयरन के साथ विटामिन C भी लें

सिर्फ आयरन वाले फूड्स खाना ही पर्याप्त नहीं माना जाता है, बल्कि पौधों से मिलने वाले आयरन को शरीर बेहतर तरीके से अवशोषित कर सके, इसके लिए विटामिन C वाले फूड्स को भी खाने में शामिल किया जा सकता है। इसके लिए नींबू, संतरा, अमरूद, टमाटर और आंवला अच्छे ऑप्शन हैं।

what should you eat to overcome weakness during periods 1what should you eat to overcome weakness during periods 1

3. प्रोटीन से बनी डाइट रखें

पीरियड्स के दौरान शरीर को पर्याप्त पोषण देना जरूरी है। ऐसे में प्रोटीन जरूरी पोषक तत्वों में से एक है। प्रोटीन मांसपेशियों को बनाए रखने में मदद करता है और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में भी सहायक हो सकता है।

ऐसे में अपने खाने में अंडे, पनीर, दही, ग्रीक योगर्ट, टोफू, दाल, अंकुरित अनाज, चना, छोले और बीन्स प्रोटीन के अच्छे ऑप्शन हो सकते हैं।

4. कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट युक्त फूड्स लें

पीरियड्स के दौरान कमजोरी महसूस होने पर कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट को डाइट में शामिल किया जा सकता है। ये शरीर को धीरे-धीरे एनर्जी देते हैं और खाना न खाने से होने वाली अचानक भूख और थकान से बचाने में मदद कर सकते हैं।

शरीर की कमजोरी को दूर करने के लिए ओट्स, ब्राउन राइस, साबुत गेहूं की रोटी, मोटे अनाज (मिलेट्स), शकरकंद और दूसरे साबुत अनाज जैसे कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट को चुनें। इनसे स्वास्थ्य को दुरुस्त करने में मदद मिल सकती है।

इसे भी पढ़ें: अनियमित पीरियड्स में आयरन और प्रोटीन पर्याप्त लेना क्यों जरूरी हैं? डॉक्‍टर से जानें

5. मैग्नीशियम और पोटैशियम युक्त फूड्स खाएं

पीरियड्स के दौरान शरीर को एनर्जी देने और कमजोरी को दूर करने के लिए पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्वों से युक्त फूड्स को खाना फायदेमंद हो सकता है।

मैग्नीशियम युक्त फूड्स जैसे- नट्स, सीड्स, साबुत अनाज, बीन्स और गहरे हरे पत्ते वाली सब्जियां भी बैलेंस डाइट का हिस्सा हो सकते हैं और उन महिलाओं के लिए मददगार हो सकते हैं, जिन्हें पीरियड्स के दौरान परेशानी होती है। वहीं, पोटैशियम से भरपूर चीजें जैसे केला, नारियल पानी, आलू, संतरा और दही भी फायदेमंद हो सकते हैं।

साल 2020 में Nutrients Journal में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, फल, सब्जियां, मछली और डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन बढ़ाने से पीरियड के दर्द से बचाव हो सकता है।

शरीर को हाइड्रेट रखना है जरूरी

क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट एडविना का कहना है, पीरियड्स के दौरान दिन भर में पर्याप्त पानी पीना या हाइड्रेट रखना जरूरी है, क्योंकि डिहाइड्रेशन से थकान और सिरदर्द की समस्या बढ़ सकती है।

पानी के अलावा जरूरत के अनुसार, नारियल पानी जैसे ऑप्शन्स भी लिए जा सकते हैं। बहुत ज्यादा मीठी ड्रिंक्स पर निर्भर रहने से बचना चाहिए।

मीठा खाने की इच्छा हो तो क्या करें?

क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट एडविना बताती हैं, पीरियड्स के दौरान अगर आपका मीठा खाने का मन करे, तो उसे पूरी तरह से छोड़ने की जरूरत नहीं है, लेकिन बहुत ज्यादा मीठा खाने के बजाय फल, नट्स के साथ दही या थोड़ी मात्रा में डार्क चॉकलेट जैसे हेल्दी ऑप्शन्स को चुनने की कोशिश करें।

किन चीजों का सेवन कम करें?

क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट एडविना के अनुसार, पीरियड्स के दौरान कमजोरी या थकान जैसी समस्याओं में महिलाओं को बहुत ज्यादा नमक वाले पैकेज्ड फूड, ज्यादा कैफीन और अल्कोहल का सेवन करने से बचना चाहिए, क्योंकि कुछ महिलाओं में इससे ब्लोटिंग यानी पेट फूलने, नींद की समस्या या अन्य परेशानियां बढ़ सकती हैं।

इस दौरान सबसे जरूरी बात यह है कि पीरियड्स के दौरान खाना न छोड़ें। कोशिश करें कि आप नियमित रूप से ऐसा खाना खाएं, जिसमें प्रोटीन, आयरन से भरपूर चीजें, सब्जियां या फल, साबुत अनाज और हेल्दी फैट शामिल हों।

डॉक्टर से सलाह कब लें?

अगर पीरियड्स के दौरान आपको अक्सर बहुत ज्यादा कमजोरी, असामान्य थकान, चक्कर या सांस फूलने की समस्या होती है या ब्लीडिंग बहुत ज्यादा होती है, तो तुरंत डॉक्टर से बात करें। ऐसा आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया या किसी और स्वास्थ्य समस्या के कारण हो सकता है।

निष्कर्ष

पीरियड्स के दौरान थकान और कमजोरी महसूस होने की समस्या पीरियड्स में होने वाली हैवी ब्लीडिंग या आयरन की कमी के कारण हो सकती है। इससे राहत के लिए आयरन, विटामिन सी, प्रोटीन, मैग्नीशियम, पोटैशियम और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट से भरपूर फूड्स को डाइट में शामिल करने के साथ-साथ पर्याप्त पानी पीना फायदेमंद होता है।

इसके अलावा, इस दौरान महिलाओं को अधिक मीठा खाने, ज्यादा नमक वाले पैकेज्ड फूड्स, अल्कोहल और कैफीन वाली चीजों का सेवन करने से बचना चाहिए, साथ ही गंभीर परेशानी महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • पीरियड्स में कमजोरी क्यों होती है?

    पीरियड्स के दौरान ज्यादा ब्लीडिंग होने, हार्मोन्स के असंतुलित होने, आयरन की कमी पीरियड्स के दर्द और नींद में खलल के कारण महिलाओं को पीरियड्स में कमजोरी महसूस हो सकती है।
  • पीरियड्स में क्या खाना चाहिए?

    पीरियड्स के दौरान महिलाओं को हरी पत्तेदार सब्जियों, फलों, ड्राई फ्रूट्स, सीड्स, डार्क चॉकलेट और हल्दी को डाइट में शामिल करें। इसके अलावा, पर्याप्त पानी पीना भी फायदेमंद हो सकता है। 

Read Next

→ Eye Health Foods: आंखों को स्वस्थ रखने के लिए डाइट में शामिल करें ये रंग-बिरंगे फूड्स

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Health & Lifestyle Journalist

प्रियंका शर्मा पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 2 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर हैं। वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, प्रेगनेंसी, स्किनकेयर, हेयरकेयर, आयुर्वेद, योग और हार्ट हेल्थ जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखती हैं और जटिल स्वास्थ्य जानकारी को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। लेख तैयार करते समय वह विशेषज्ञों की राय और भरोसेमंद मेडिकल स्रोतों का ध्यान रखती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह Grehlakshmi (महिला केंद्रित हिंदी पत्रिका) और Noida Khabar के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Sep 05, 2026 23:07 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Edwina Raj