Fri Oct 23, 2026 | 12:12 AM IST

Medically Reviewed by Dr. Aravinda S N , Lead Consultant – Internal Medicine

क्या आपकी गर्दन की अकड़न सर्वाइकल का संकेत है? जानें मसल्स पेन और स्पोंडिलोसिस में फर्क

आजकल गर्दन में अकड़न और दर्द एक आम समस्या है, जो मांसपेशियों की अकड़न या सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस हो सकती है। गर्दन दर्द के कारण को समझने के लिए इन दोनों स्थितियों के बीच अंतर को समझना जरूरी है।
क्या आपकी गर्दन की अकड़न सर्वाइकल का संकेत है? जानें मसल्स पेन और स्पोंडिलोसिस में फर्कक्या आपकी गर्दन की अकड़न सर्वाइकल का संकेत है? जानें मसल्स पेन और स्पोंडिलोसिस में फर्क

आज के समय में गर्दन में अकड़न या दर्द होना एक आम समस्या बन चुकी है। लंबे समय तक कंप्यूटर या मोबाइल का इस्तेमाल करने, गलत तरीके से सोने, लगातार एक ही पोस्चर में बैठे रहने और अचानक भारी वजन उठाने के कारण गर्दन में दर्द और अकड़न होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई बार लोग इसको सर्वाइकल की समस्या समझ लेते हैं, लेकिन ध्यान रहे, अगर गर्दन में दर्द लंबे समय तक बना रहे या बार-बार परेशानी हो और कमजोरी महसूस हो तो इसे मांसपेशियों की समस्या मानकर नजरअंदाज न करें। गर्दन से जुड़ी परेशानी से बचने के लिए दोनों स्थितियों में अंतर समझना और इसके कारणों को समझना जरूरी हो जाता है। ऐसे में आइए इस बारे में Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV hospital, Bengaluru से जानें।

मांसपेशियों की अकड़न और सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस में अंतर

डॉ. अरविंद के अनुसार, मांसपेशियों की अकड़न और सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस के लक्षण कुछ हद तक एक जैसे हो सकते हैं। इसलिए सिर्फ दर्द के आधार पर बीमारी को मान लेना सही नहीं है। लक्षण कितने समय से हैं, उनकी अधिक्ता कैसी है और क्या दर्द गर्दन से आगे कंधे या हाथ तक जा रहा है, इन बातों पर ध्यान देना जरूरी है।

मांसपेशियों की अकड़न और सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस के अंतर को समझने से यह तय करने में मदद मिलती है कि कब घरेलू देखभाल पर्याप्त है और कब डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

  मांसपेशियों की अकड़न (Muscle Stiffness) सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस (Cervical Spondylosis)
मुख्य कारण  गलत तरीके से बैठना, स्ट्रेस, भारी वजन उठाना या गलत पोजिशन में सोना।  उम्र बढ़ने के साथ रीढ़ की हड्डी की डिस्क और जोड़ों में होने वाले बदलाव।
ठीक होने में समय  यह समस्या अक्सर कुछ ही दिनों में ठीक हो जाती है।  यह समस्या लंबी चल सकती है या बार-बार लौट सकती है।
दर्द का प्रकार  मांसपेशियों में खिंचाव और कुछ समय रहने वाला दर्द।  गर्दन से शुरू होकर कंधे या हाथों तक फैलने वाला दर्द।
गर्दन की हलचल (Movement)  दर्द के कारण गर्दन को हिलाने में कुछ समय के लिए रुकावट आती है।  गर्दन की हलचल लंबे समय तक धीमी या कम हो सकती है।
सुन्नपन या झनझनाहट  आमतौर पर यह परेशानी नहीं होती है।  नस पर दबाव पड़ने पर हाथों में सुन्नपन और झनझनाहट हो सकती है।
कमजोरी  मांसपेशियों की नॉर्मल अकड़न में यह आम बात नहीं है।  नस दबने की वजह से हाथों में कमजोरी आ सकती है।
मेडिकल जांच  ज्यादातर मामलों में किसी जांच की जरूरत नहीं पड़ती है।  डॉक्टर जरूरत के हिसाब से एक्स-रे (X-Ray) या एमआरआई (MRI) करवाने की सलाह दे सकते हैं।

गर्दन या मांसपेशियों में अकड़न क्यों होती है?

डॉ. अरविंद के अनुसार, गर्दन की मांसपेशियों में अकड़न एक आम समस्या है, लेकिन हर तरह की अकड़न के कारण एक जैसे नहीं होते हैं। मांसपेशियों में अकड़न आमतौर पर टेंपरेरी और ठीक होने वाली होती है।

यह समस्या गर्दन की मांसपेशियों पर ज्यादा दबाव पड़ने या लंबे समय तक गलत पोस्चर में रहने से उनमें खिंचाव और तनाव पैदा होने के कारण होती है, जिसके आम लक्षणों में सुबह उठने पर गर्दन घुमाने में परेशानी होना, किसी एक हिस्से में दर्द या मांसपेशियों को दबाने पर सेंसिटिविटी महसूस होना शामिल है। यह समस्या गलत तकिए पर सोने, लंबे समय तक लैपटॉप पर काम करने, ड्राइविंग के दौरान गर्दन की गलत स्थिति, भारी सामान उठाने और मेंटल स्ट्रेस भी मांसपेशियों में अकड़न बढ़ा सकते हैं।

आमतौर पर ऐसी परेशानी टेंपरेरी होती है और आराम, हल्की फिजिकल एक्टिविटी, गर्म सिकाई और सही पोस्चर अपनाने से धीरे-धीरे कम हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: गर्दन दर्द में गरम सिकाई करें या बर्फ लगाएं? जानिए कौन-सा तरीका है बेस्ट

Difference Between Muscle Stiffness and Cervical SpondylosisDifference Between Muscle Stiffness and Cervical Spondylosis

सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस क्या है?

डॉ. अरविंद आगे बताते हैं, सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस एक डिजनरेटिव स्थिति है, जो गर्दन की हड्डियों, डिस्क और जोड़ों को प्रभावित करती है। यह उम्र से जुड़ी एक स्थिति है, जो सर्वाइकल स्पाइन के धीरे-धीरे घिसने के कारण होती है।

इस स्थिति में डिस्क में नमी की कमी और जोड़ों में डिजनरेशन होने से कुछ लोगों को हड्डियों के छोटे उभार यानी बोन स्पर्स की समस्या हो सकती है, जिससे नसों के जाने वाले रास्ते पतले हो जाते हैं। हालांकि, यह समस्या 40 की उम्र के बाद ज्यादा होती है, लेकिन फिजिकल एक्टिविटी न करने, सुस्त लाइफस्टाइल, खराब पोस्चर में रहने वाले या जिन्हें पहले से गर्दन में चोट लगती हो, ऐसे युवाओं में भी इसके लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

डॉ. अरविंद आगे बताते हैं, सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस से पीड़ित लोगों को अक्सर गर्दन में लगातार दर्द, हफ्तों या महीनों तक रहने वाली अकड़न, मूवमेंट में कमी और कंधों या बाहों तक फैलने वाला दर्द होता है। कुछ व्यक्तियों को आस-पास की नसों के दबने पर झुनझुनी, सुन्नता या कमजोरी भी महसूस होती है।

क्या कहती है स्टडी?

साल 2007 में BMJ Journal में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस की पहचान आमतौर पर सिर्फ डॉक्टर द्वारा मरीज के लक्षणों और शारीरिक जांच के आधार पर की जाती है। हालांकि दर्द मुख्य रूप से गर्दन के हिस्से में होता है, लेकिन यह कंधे या हाथ जैसे शरीर के दूसरे हिस्सों तक भी महसूस हो सकता है और गर्दन को हिलाने से यह दर्द और बढ़ जाता है। हाथों और पैरों में नसों से जुड़ी किसी बदलाव या समस्या की जांच हमेशा करनी चाहिए।

इस स्थिति में व्यक्ति को हिलने-डुलने से गर्दन का दर्द बढ़ने, सिर के पिछले हिस्से, कंधे की हड्डियों के बीच, हाथों और बाहों में दर्द, आंखों के पीछे या कनपटी में दर्द, गर्दन में अकड़न, हाथों और बाहों में हल्का सुन्नपन, झुनझुनी या कमजोरी, चक्कर आना या सिर घूमना, संतुलन ठीक न होना, कभी-कभी बेहोशी, माइग्रेन का ट्रिगर और स्यूडो-एंजाइना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

इनकी ठीक होने की ड्यूरेशन में है अंतर

डॉ. अरविंद के अनुसार, मांसपेशियों की अकड़न और सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस दोनों में एक जरूरी अंतर इनकी ड्यूरेशन है। मांसपेशियों की अकड़न आमतौर पर नॉर्मल उपायों से ठीक हो जाती है और शायद ही कभी न्यूरोलॉजिकल लक्षणों को बढ़ावा देती है। वहीं, सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस समय के साथ बार-बार हो सकता है या धीरे-धीरे बिगड़ सकता है और इसके लिए मेडिकल ट्रीटमेंट की जरूरत हो सकती है।

सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस की जांच कैसे होती है?

डॉ. अरविंद के अनुसार, इस बीमारी का पता लगाने के लिए डॉक्टर मरीज की स्थिति और लक्षणों की जांच करते हैं। अगर डॉक्टर को यह शक हो कि कोई नस दब रही है या रीढ़ की हड्डी प्रभावित हुई है, तो डॉक्टर एक्स-रे (X-Ray), एमआरआई (MRI) या सीटी स्कैन (CT Scan) करवाने की सलाह दे सकते हैं।

इसका इलाज बीमारी की गंभीरता पर निर्भर करता है। इसमें फिजियोथेरेपी, दर्द कम करने वाली दवाएं, बैठने-उठने का तरीका (पोस्चर) सुधारना, मांसपेशियों को मजबूत करने वाली एक्सरसाइज और बहुत गंभीर मामलों में सर्जरी की सलाह दी जा सकती है।

इसे भी पढ़ें: गर्दन दर्द के कारण सिरदर्द क्यों होने लगता है? डॉक्टर से समझें कनेक्शन

गर्दन को हेल्दी रखने के लिए क्या करें?

डॉ. अरविंद का कहना है, गर्दन के दर्द और मांसपेशियों की अकड़न से बचने के लिए कुछ आदतों को अपनाया जा सकता है। जैसे -

  • लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने से बचें।
  • काम के बीच नियमित रूप से छोटे-छोटे ब्रेक लें।
  • ब्रेक के दौरान उठकर शरीर को थोड़ा एक्टिव रखें।
  • कंप्यूटर स्क्रीन को ऐसी ऊंचाई पर रखें कि गर्दन को लगातार नीचे झुकाना न पड़े।
  • मोबाइल का इस्तेमाल करते समय भी गर्दन को लंबे समय तक झुकी हुई स्थिति में रखने से बचें।

डॉ. अरविंद आगे कहते हैं, नियमित रूप से फिजिकल एक्टिविटीज करने, एर्गोनोमिक वर्कस्टेशन का इस्तेमाल करने, लंबे समय तक बैठने से बचने और गर्दन व कंधे की मांसपेशियों को मजबूत करने के लिए सही एक्सरसाइज करने से रीढ़ की हड्डी को हेल्दी रखने सर्वाइकल डिजनरेशन को बढ़ने से रोकने में मदद मिल सकती है।

डॉक्टर से सलाह कब लें?

डॉ. अरविंद कहते हैं, अगर गर्दन की परेशानी कुछ दिनों में कम होने के बजाय लगातार बनी रहती है, बार-बार लौटती है या धीरे-धीरे बढ़ रही है और अगर इसके साथ-साथ गर्दन के दर्द के साथ हाथ में सुन्नपन, झनझनाहट या कमजोरी हो, तो स्पाइन स्पेशियलिस्ट या ऑर्थोपेडिक सर्जन से तुरंत सलाह लेना जरूरी है।

निष्कर्ष

हर गर्दन की अकड़न सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस नहीं होती है। मांसपेशियों की अकड़न अक्सर टेंपरेरी होती है, जबकि सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस रीढ़ में होने वाले बदलावों से जुड़ी स्थिति है और इसके लक्षण लंबे समय तक बने रह सकते हैं। अगर दर्द लगातार बना रहे या हाथों में सुन्नपन, झनझनाहट और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें, ताकि किसी भी गंभीर स्थिति से समय रहते बचा जा सके। इसके अलावा, गर्दन के दर्द और अकड़न की समस्या से बचने के लिए नियमित रूप से हल्की फिजिकल एक्टिविटी करना जरूरी होता है।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • गर्दन अकड़ जाए तो क्या करना चाहिए?

    गर्दन की अकड़न की समस्या से राहत के लिए 15-20 मिनट के लिए गर्म पानी या बर्फ की सिकाई करें, हल्के हाथों से मालिश करें और धीरे-धीरे गर्दन की आसान और हल्की स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करें।
  • सर्वाइकल के शुरुआती लक्षण क्या होते हैं?

    सर्वाइकल की समस्या होने पर व्यक्ति को सुबह उठने पर गर्दन में भारीपन होने, गर्दन घुमाने या मोड़ने पर हल्का दर्द होने, सिर दर्द होने, सुन्नपन होने और कंधों और बाजू तक दर्द फैलने की समस्या हो सकती है।

Read Next

→ हाथों में सूजन को न करें नजरअंदाज, इन 10 समस्‍याओं का हो सकता है संकेत

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Health & Lifestyle Journalist

प्रियंका शर्मा पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 2 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर हैं। वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, प्रेगनेंसी, स्किनकेयर, हेयरकेयर, आयुर्वेद, योग और हार्ट हेल्थ जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखती हैं और जटिल स्वास्थ्य जानकारी को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। लेख तैयार करते समय वह विशेषज्ञों की राय और भरोसेमंद मेडिकल स्रोतों का ध्यान रखती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह Grehlakshmi (महिला केंद्रित हिंदी पत्रिका) और Noida Khabar के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Aug 22, 2026 15:43 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Dr. Aravinda S N