भीषण गर्मी की ताप के बीच हेल्दी और शरीर को ठंडा रखने वाले भोजन की तलाश हम सभी को होती है। खासकर डायबिटीज के मरीजों के लिए यह काफी कंफ्यूजन भरा हो जाता है कि वे इस तपती गर्मी (Excessive heat) में अपने ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल रखने के लिए क्या खाएं? इस मौसम में कुछ ऐसे सुपरफूड्स मिलते हैं, जो न सिर्फ आपके शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं, बल्कि ब्लड शुगर लेवल को भी कंट्रोल रखने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसलिए, आइए दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा से जानते हैं कि गर्मी में ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए क्या खाना चाहिए?
गर्मी में ब्लड शुगर कंट्रोल रखने के लिए सुपरफूड्स
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, गर्मियों में खानपान का सही चुनाव डायबिटीज के मरीजों के ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल रखने में मदद करता है, इसलिए आप इन फूड्स को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं-
1. पानी से भरपूर सब्जियां
गर्मियों में खीरा, ककड़ी, लौकी, तोरी, करेला आदि सब्जियां खाने में हल्की और पानी से भरपूर होती है। इन सब्जियों को खाने से शरीर हाइड्रेटेड रहता है और पाचन भी बेहतर रहता है। इतना ही नहीं, इन सब्जियों को खाने से ब्लड शुगर कंट्रोल रखने में मदद मिलती है, क्योंकि इनमें मौजूद पोषक तत्व कैलोरी में कम और शरीर को ठंडक पहुंचाने वाले होते हैं।
इसे भी पढ़ें: डायबिटीज में फल खाने का सही समय क्या है और कितना खाएं? जानें डॉक्टर से
2. लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल
गर्मियों में डायबिटीज के मरीजों को अपनी डाइट में ऐसे फलों को शामिल करना चाहिए, जिनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। यह फल आपके शरीर में ब्लड शुगर लेवल को अचानक बढ़ने नहीं देते हैं। इसलिए, आप इस मौसम में जामुन, सेब, नाशपाती, अमरूद और चेरी को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। ध्यान रहे इन फलों का सेवन सीमित मात्रा में करना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। 2023 में Frontiers in Endocrinology में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, फलों का सेवन बढ़ाने से खाली पेट ब्लड में ग्लूकोज की मात्रा कम हो जाती है। इसलिए, डायबिटीज के मरीजों को सलाह दी जाती है कि वे ज्यादा से ज्यादा फल खाएं।

3. छाछ और दही
गर्मियों में छाछ और दही का सेवन अक्सर लोगों को काफी पसंद होता है। ये प्रोबायोटिक्स से भरपूर होते हैं, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाने और शरीर को ठंडक पहुंचाने का काम करते हैं। छाछ और दही दोनों का सेवन आपके पाचन को बेहतर रखने, शरीर को ठंडक देने और ब्लड शुगर लेवल को स्थिर रखने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें: क्या धूप लेने से डायबिटीज कंट्रोल हो सकती है? डॉक्टर से जानें इसका असर
4. स्प्राउट्स और सलाद
अंकुरित दालें जैसे मूंग, चना और मेथी दाना पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, क्योंकि इनमें फाइबर और प्रोटीन की मात्रा ज्यादा होती है। इसलिए, इनका सेवन करने से आपके शरीर में शुगर धीरे-धीरे रिलीज होता है और अचानक नहीं बढ़ता है, जो डायबिटीज के मरीजों के लिए जरूरी है। इसके साथ ही सलाद में खीरा, टमाटर, पत्तागोभी आदि चीजों को शामिल कर सकते हैं, जो ताजा, पचने में आसान और हेल्दी होता है।
निष्कर्ष
गर्मियों में डायबिटीज के मरीजों को ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल करने के लिए इन सुपरफूड्स को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए। इसके साथ ही, गर्मियों में संतुलित आहार, भरपूर मात्रा में पानी और नियमित हल्के एक्सरसाइज करें।
Image Credit: Freepik
FAQ
क्या गर्मियों में सत्तू का सेवन ब्लड शुगर के लिए अच्छा है?
हां, गर्मियों में चने का सत्तू ब्लड शुगर के लिए अच्छा माना जाता है। यह प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है, जो धीरे-धीरे पचता है और शरीर में ब्लड शुगर को धीरे-धीरे रिलीज करता है।क्या गर्मियों में फलों का जूस पीना चाहिए?
नहीं, शुगर के मरीजों को गर्मी या किसी भी मौसम में फलों का जूस पीने से बचना चाहिए और साबुत फल खाना चाहिए। जूस में फाइबर नहीं होता है, जिससे यह ब्लड शुगर लेवल को तेजी से बढ़ाता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Apr 28, 2026 12:11 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Apr 28, 2026 12:11 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dt Rakshita Mehra