सर्दियों का मौसम शुरू होते ही लोग अपनी डाइट में ऐसी चीजें शामिल करने लगते हैं, जो शरीर को अंदर से गर्म रखने के साथ-साथ सेहत को भी कई फायदे पहुंचाएं। इस मौसम में गुड़ और खजूर का सेवन काफी आम है। कोई सुबह दूध के साथ खजूर खाना पसंद करता है, तो किसी को खाने के बाद गुड़ खाना अच्छा लगता है लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सर्दियों में शरीर को गर्म रखने के लिए गुड़ खाना ज्यादा फायदेमंद है या खजूर? हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, सर्दियों में गुड़ और खजूर दोनों का सेवन किया जा सकता है। इतना ही नहीं, इन दोनों को एक साथ खाना भी संभव है। हालांकि, अगर आपका उद्देश्य शरीर को गर्म रखना है, तो खजूर गुड़ से ज्यादा गर्म माना जाता है।
सर्दियों में शरीर को गर्म रखने के लिए गुड़ खाएं या खजूर?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं कि सर्दियों में शरीर को गर्म रखने के लिए खजूर का सेवन गुड़ की तुलना में ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। आयुर्वेद में खजूर को गर्म तासीर वाला माना जाता है। इसका सेवन करने से शरीर को एनर्जी मिलती है और ठंड के मौसम में शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद मिल सकती है।
- अगर पोषक तत्वों की बात करें, तो डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार, खजूर में गुड़ की तुलना में ज्यादा पोषक तत्व पाए जाते हैं।
- खजूर में फाइबर, पोटेशियम, मैग्नीशियम और अन्य सूक्ष्म पोषक तत्व मौजूद होते हैं। वहीं, गुड़ मुख्य रूप से कार्बोहाइड्रेट और शर्करा का सोर्स है। इसमें कुछ मिनरल्स भी मिलते हैं।
- इसलिए पोषण के लिहाज से खजूर को बेहतर विकल्प माना जा सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि गुड़ के अपने फायदे नहीं हैं।
- दोनों के गुण अलग-अलग हैं और इन्हें अपनी जरूरत के अनुसार डाइट में शामिल किया जा सकता है।
साल 2025 में Food Science & Nutrition जर्नल में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, खजूर (Date fruit) एक बहुत पौष्टिक फल है जो हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, फाइबर और बायोएक्टिव तत्व मेटाबोलिक डिजीज (जैसे डायबिटीज, मोटापा और दिल की बीमारियां) को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। रिसर्च से पता चलता है कि इसका नियमित सेवन पुरानी बीमारियों से बचाव करता है और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाता है।
food to keep body warm in winter
इसे भी पढ़ें: शरीर को गर्म रखने के लिए सर्दियों में गोंद का सेवन कैसे करें? डॉक्टर से जानें
सर्दियों में खजूर खाने के फायदे
आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा के मुताबिक, आयुर्वेद में खजूर को रसायन और वाजीकरण बताया गया है। रसायन का मतलब ऐसी चीज से है, जो शरीर के पोषण और सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद करती है। वहीं, वाजीकरण का संबंध फर्टिलिटी हेल्थ और यौन क्षमता से जुड़ा हुआ है।
- इसलिए खजूर को केवल सामान्य पोषण देने वाला आहार ही नहीं, बल्कि जनरल टॉनिक और सेक्सुअल टॉनिक के रूप में भी देखा जाता है।
- इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को एनर्जी देने में मदद करते हैं।
- सर्दियों में कमजोरी और थकान महसूस होने पर भी संतुलित मात्रा में खजूर खाना फायदेमंद हो सकता है।
डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार, खजूर और गुड़ दोनों का सेवन एक साथ भी किया जा सकता है। इनके बीच ऐसा कोई सामान्य आयुर्वेदिक निषेध नहीं बताया गया है। हालांकि, दोनों ही मीठे हैं और इनमें नेचुरल शुगर होती है। इसलिए इनका सेवन जरूरत से ज्यादा नहीं करना चाहिए। खासकर डायबिटीज से पीड़ित लोगों को अपनी डाइट में इन्हें शामिल करने से पहले डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह लेनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में शरीर को गर्म रखने के लिए अंडे की जगह खाएं ये 5 चीजें, रहेंगे स्वस्थ
निष्कर्ष
सर्दियों में शरीर को गर्म रखने के लिए खजूर और गुड़ दोनों का सेवन किया जा सकता है। आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा के मुताबिक, खजूर गुड़ से ज्यादा गर्म माना जाता है और इसमें पोषक तत्व भी ज्यादा होते हैं। वहीं, गुड़ भूख बढ़ाने और पाचन को बेहतर बनाने में मददगार माना जाता है। अगर आपको दोनों में से किसी एक को चुनना है, तो पोषण और शरीर को गर्म रखने के लिहाज से खजूर बेहतर विकल्प हो सकता है। हालांकि, दोनों का सेवन सीमित मात्रा में करें और अपनी सेहत के अनुसार ही डाइट में शामिल करें।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या खजूर खाने से शरीर में खून की कमी दूर होती है?
खजूर में कुछ मात्रा में आयरन होता है, लेकिन यह आयरन की कमी या एनीमिया का अकेले इलाज नहीं है। इसके लिए बैलेंस डाइट और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह जरूरी है।क्या खाली पेट खजूर खाने से कमजोरी दूर होती है?
खजूर में नेचुरल शुगर और कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो शरीर को एनर्जी देते हैं। हालांकि, कमजोरी का कारण पोषक तत्वों की कमी या कोई बीमारी भी हो सकती है।क्या सर्दियों में खजूर वाला दूध पीना फायदेमंद है?
दूध और खजूर का सेवन साथ में किया जा सकता है। इससे प्रोटीन, कैल्शियम, कार्बोहाइड्रेट और कुछ अन्य पोषक तत्व मिलते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 13, 2026 18:48 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma
