थायराइड की खास बात यह है कि एक डर्मेटोलॉजिस्ट भी आपकी त्वचा को देखकर अंदाजा लगा सकता है कि आपको थायराइड है या नहीं। ऐसा इसलिए क्योंकि थायराइड का असर वजन, मूड और एनर्जी ही नहीं, बल्कि त्वचा और बालों को भी प्रभावित करता है। थायराइड हार्मोन त्वचा की कोशिकाओं को प्रभावित करता है। इससे त्वचा की बनावट, लोच और नमी में भी बदलाव आ सकता है। यही नहीं बल्कि थायराइड हार्मोन त्वचा की रिपेयर प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है, अगर थायराइड हार्मोन में असंतुलन होता है, तो त्वचा की हीलिंग प्रक्रिया को भी प्रभावित कर सकता है। आगे जानते हैं थायराइड होने पर त्वचा में कौन से बदलाव देखने को मिल सकते हैं? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Chandni Jain, Dermatologist, Cosmetologist And Hair Transplant Surgeon At Elantis Healthcare, New Delhi से बात की।
थायराइड होने पर त्वचा में नजर आ सकते हैं ये बदलाव

Dr. Chandni Jain ने बताया कि थायराइड होने पर जब व्यक्ति को चोट लगती है, तो जख्म को भरने में सामान्य से अधिक समय लगता है। यह भी थायराइड का एक छुपा संकेत है। थायराइड में कुछ मरीजों में आंखें बाहर की ओर उभरी हुई दिखती हैं, यह भी थायराइड का संकेत हो सकता है। American Academy Of Dermatology Association के मुताबिक, थायराइड बीमारी के कई लक्षण त्वचा, बालों और नाखूनों पर दिखाई दे सकते हैं जैसे-
- त्वचा में ड्राईनेस।
- रैशेज के बगैर त्वचा में खुजली होना।
- त्वचा के कुछ-कुछ हिस्से में अंदरूनी दाने जैसा उभार महसूस होना।
- त्वचा में रेड स्पॉट नजर आना जो आते-जाते रहते हैं।
- गर्दन में सूजन दिखना।
- चेहरे पर सूजन दिखना, खासतौर पर आईलिड और होंठों के पास।
त्वचा में पीलापन
साल 2010 में Dermato Endocrinology में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक, हाइपोथायराइड मरीजों में कैरोटीन (Carotene) जमा होने के कारण हथेलियों, तलवों और नाक के आसपास की त्वचा में पीला रंग दिखाई दे सकता है।
नाखूनों में नजर आने वाले बदलाव
- नाखूनों का धीरे-धीरे बढ़ना।
- नाखूनों का आसानी से टूट जाना।
- मुड़े हुए नाखून।
- नाखूनों पर उभरी हुई धारियां नजर आना।
- उंगली के सिरे में सूजन होना।
बालों में नजर आने वाले बदलाव
- भौंहों के बाहरी किनारों पर बालों का कम होना।
- बेजान, रूखे और कमजोर बाल जो आसानी से टूट जाते हैं।
- बालों का पतला होना या गंजेपन के पैच दिखना।
- बालों का बहुत धीरे-धीरे बढ़ना।
- सिर की त्वचा का रूखा होना।
- स्कैल्प में खुजली और डैंड्रफ होना।
- पैरों, हाथों और शरीर के दूसरे हिस्सों पर बालों का कम होना।
यह भी पढ़ें- नमी के मौसम में खुजली, रैशेज और फंगल इंफेक्शन से कैसे बचें? एक्सपर्ट से जानें
हाइपोथायराइड और हाइपरथायराइड होने पर त्वचा में क्या बदलाव आते हैं?
हाइपरथायराइड (Hyperthyroidism)
हाइपरथायराइड में थायराइड ग्रंथि जरूरत से ज्यादा हार्मोन बनाती है। इस स्थिति में व्यक्ति का वजन घट सकता है। हाइपरथायराइड में हेयर थिनिंग की समस्या हो सकती है।
हाइपोथायराइड (Hypothyroidism)
हाइपोथायराइड में थायराइड ग्रंथि जरूरत से कम हार्मोन बनाती है। इस स्थिति में व्यक्ति का वजन बढ़ सकता है। हाइपोथायराइड में स्किन ड्राईनेस और हेयर फॉल की समस्या हो सकती है।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2023 में Frontiers In Endocrinology में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक, टी3 और टी4 थायराइड हार्मोन त्वचा की सामान्य कार्यप्रणाली बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। स्टडी में बताया गया है कि हाइपरथायराइड और हाइपोथायराइड में भी त्वचा पर थायराइड हार्मोन का असर नजर आता है। त्वचा में बदलाव को थायराइड का शुरुआती संकेत समझें। अगर बिना कारण त्वचा में ड्राईनेस दिखे, हेयर फॉल हो, त्वचा में सूजन नजर आए, तो लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- थायराइड की दवा कब और कैसे लें? डॉक्टर से जानें सही समय, तरीका और जरूरी सावधानियां
थायराइड टेस्ट कब कराएं?
- त्वचा ज्यादा ड्राई हो जाए या रैशेज नजर आएं।
- अधिक मात्रा में बाल झड़ रहे हों।
- बिना कारण वजन बढ़ या घट रहा हो।
- ज्यादा थकान महसूस हो।
- इन लक्षणों के नजर आने पर डॉक्टर की सलाह पर TSH, टी3 और टी4 टेस्ट कराएं।
थायराइड में स्किन को स्वस्थ कैसे रखें?
- हाइपरथायराइड में शरीर का मेटाबॉलिज्म तेज होने के कारण ज्यादा पसीना आ सकता है। ज्यादा पसीना आने से त्वचा में इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है इसलिए दिन में कम से कम दो बार चेहरे को साफ करें।
- त्वचा को ड्राईनेस से बचाने के लिए स्किन टाइप के मुताबिक, मॉइश्चराइजर अप्लाई करें।
- थायराइड में हार्मोनल बदलाव के कारण एक्ने हो सकते हैं इसलिए त्वचा को साफ रखें। मेकअप अप्लाई करने के बाद रात में चेहरे को फेसवॉश और पानी से साफ करना न भूलें।
- हाइपोथायराइड में त्वचा की तेल और नमी बनाए रखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है, जिससे त्वचा सूखी हो सकती है। स्किन ड्राईनेस से बचने के लिए माइल्ड फेसवॉश और डॉक्टर की सलाह पर हयालूरोनिक एसिड युक्त प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं ताकि त्वचा को नमी मिल सके।
निष्कर्ष:
थायराइड हार्मोन के असंतुलित होने से त्वचा में ड्राईनेस, खुजली, रेड स्पॉट, पीलापन, सूजन जैसे लक्षण दिख सकते हैं। थायराइड में नाखूनों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है जैसे ग्रोथ स्लो होना, नाखूनों का जल्दी टूटना, मुड़े हुए नाखून, नाखूनों पर धारियां नजर आना वगैरह। इसके अलावा थायराइड का असर बालों पर भी देखने को मिलता है। कुछ लोगों में स्कैल्प में खुजली, डैंड्रफ, स्कैल्प में ड्राईनेस, पतले बाल, हेयर फॉल जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं। त्वचा और बालों में ये बदलाव नजर आने पर डॉक्टर की सलाह से टी3, टी4, टीएसएच टेस्ट करा सकते हैं।
FAQ
क्या थायराइड की वजह से त्वचा के रंग में बदलाव आता है?
हां, कुछ लोगों में थायराइड की वजह से त्वचा के रंग में बदलाव देखने को मिलता है। हाइपोथायराइड में त्वचा पीली नजर आ सकती है।थायराइड का इलाज कराने से स्किन हेल्थ बेहतर होती है?
हां, अगर थायराइड का इलाज कराएंगे, तो हार्मोन्स का असंतुलन कंट्रोल होगा और त्वचा में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 30, 2026 18:50 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta