विटामिन डी हमारे शरीर के लिए एक जरूरी पोषक तत्व है। इसकी कमी से मूड, एनर्जी, हड्डियों पर बुरा असर पड़ता है। व्यक्ति को थकान और कमजोरी महसूस होती है, मांसपेशियों में दर्द हो सकता है और व्यक्ति बार-बार बीमार पड़ सकता है। अक्सर विटामिन डी को हार्ट हेल्थ के साथ जोड़कर देखा जाता है क्योंकि विटामिन डी की भूमिका हड्डियों तक सीमित नहीं है। यह हार्ट हेल्थ को भी प्रभावित कर सकता है। शरीर में कोलेस्ट्रॉल, बीपी जैसे कारक विटामिन डी की कमी से प्रभावित होते हैं। ऐसे में जानते हैं हार्ट हेल्थ के लिए विटामिन डी की कमी कितनी हानिकारक साबित हो सकती है? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. V Rajasekhar, Cardiologist At Yashoda Hospitals, Hitec City, Hyderabad से बात की।
हार्ट के लिए क्यों नुकसानदायक है विटामिन D की कमी?

- Mayo Clinic के मुताबिक, अगर शरीर में विटामिन D की कमी हो, तो आर्टरीज सख्त हो सकती हैं। इससे ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो सकता है।
- हार्ट को हेल्दी रखने के लिए ब्लड वेसल्स का ठीक से काम करना, कोलेस्ट्रॉल लेवल कंट्रोल में होना, बीपी संतुलित होना और सूजन कम होना जरूरी है। विटामिन डी इन सभी क्रियाओं को कंट्रोल करने में मदद करता है इसलिए विटामिन डी की कमी हार्ट हेल्थ को प्रभावित कर सकती है।
- विटामिन डी की कमी से शरीर में सूजन बढ़ाने वाले तत्व इंफ्लेमेटरी मार्कर्स बढ़ सकते हैं। जब शरीर में लंबे समय तक सूजन रहती है, तो हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ सकता है क्योंकि सूजन से ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंचता है और धमनियों में प्लाक जमा हो सकता है।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2009 में The American Journal Of The Medical Sciences में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक, जिन लोगों में विटामिन डी का लेवल कम पाया गया, उनमें हाई ब्लड प्रेशर और हार्ट फेलियर का खतरा अधिक देखा गया।
विटामिन डी की कमी से बढ़ सकती है सूजन
साल 2025 में European Journal Of Cardiovascular Medicine में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक, विटामिन डी की कमी से शरीर में सूजन बढ़ सकती है, जो धमनियों को प्रभावित कर सकती है। लो विटामिन डी लेवल को हाई बीपी और हार्ट डिजीज के बढ़ते खतरे से जोड़ा गया है क्योंकि यह ब्लड सर्कुलेशन और हार्ट की प्रणाली को प्रभावित कर सकता है।
क्या विटामिन D की कमी से हार्ट अटैक आ सकता है?
Dr. V Rajasekhar ने बताया कि सीधे तौर पर विटामिन D की कमी से हार्ट अटैक नहीं आ सकता, लेकिन विटामिन डी की कमी से सूजन बढ़ सकती है और बीपी कंट्रोल नहीं होगा, तो हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ सकता है। हार्ट अटैक के पीछे हाई कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, धूम्रपान, डायबिटीज और हाई बीपी जैसे कारण हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- विटामिन D लेते हैं तो इन 5 गलतियों से बचें? सेहत को हो सकता है नुकसान
हार्ट डिजीज का खतरा किसे ज्यादा?
विटामिन डी की कमी होने पर हर व्यक्ति को हार्ट से संबंधित समस्या हो, ऐसा जरूरी नहीं है। इसका खतरा उन लोगों में होता है जिन्हें-
- जिन्हें पहले से ही हाई बीपी की समस्या हो, उनमें खतरा ज्यादा हो सकता है।
- डायबिटीज के मरीजों में सूजन और इंसुलिन रेजिस्टेंस का खतरा होता है इसलिए इनमें हार्ट डिजीज हो सकता है।
- मोटापा हार्ट डिजीज का बड़ा जोखिम कारक है। मोटे लोगों में फैट टिशूज में विटामिन डी जमा होने से विटामिन डी की कमी भी अधिक देखने को मिल सकती है।
- लंबे समय तक कम धूप में रहने के कारण विटामिन डी की कमी हो सकती है और हार्ट की समस्या का खतरा बढ़ सकता है।
हार्ट हेल्थ के लिए काफी नहीं है विटामिन D सप्लीमेंट
साल 2015 में Circulation में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक, विटामिन D की कमी से हाई ब्लड प्रेशर और हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, स्टडी में यह भी बताया गया है कि हार्ट डिजीज से बचने के लिए केवल विटामिन D सप्लीमेंट लेना एकमात्र तरीका नहीं हो सकता। हार्ट हेल्थ के लिए संतुलित आहार, एक्सरसाइज, वजन कंट्रोल करना भी जरूरी है।
यह भी पढ़ें- क्या कांच से छनकर आ रही धूप से भी विटामिन D मिलता है? डॉक्टर से जानें
विटामिन D की कमी से कैसे बचें?
- विटामिन डी की कमी से बचने के लिए धूप सबसे अच्छा स्रोत है, लेकिन दोपहर की सीधी धूप त्वचा और शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है इलसिए सुबह की धूप लें जब तीव्रता कम होती है।
- डाइट में अंडा, फैटी फिश जैसे सार्डिन, सॉल्मन, मशरूम जैसे विटामिन डी रिच फूड्स को शामिल करें।
- विटामिन डी की कमी होने पर डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट्स भी ले सकते हैं।
निष्कर्ष:
विटामिन डी कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल, बीपी संतुलन, सूजन घटाने में अहम भूमिका निभाता है। अगर शरीर में विटामिन डी की कमी होगी, तो लंबे समय में हार्ट हेल्थ पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। हाई बीपी, मोटापा, डायबिटीज और धूप से दूर रहने वाले लोगों में विटामिन डी की कमी से हार्ट की समस्याओं का खतरा ज्यादा हो सकता है।
FAQ
विटामिन डी की कमी के नुकसान क्या हैं?
विटामिन डी की कमी से हड्डियां कमजोर होना, कमजोर इम्यूनिटी, हेयर फॉल, स्ट्रेस बढ़ना, बार-बार इंफेक्शन जैसी समस्या हो सकती हैं।क्या विटामिन डी और कैल्शियम दोनों हार्ट को प्रभावित करते हैं?
विटामिन डी कैल्शियम के एब्जॉर्ब होने की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है और कैल्शियम ब्लड वेसल्स को स्वस्थ रखने में मदद करता है इसलिए यह दोनों पोषक तत्व हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 06, 2026 18:58 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr V Rajasekhar