किडनी स्टोन यानी पथरी होने पर अक्सर लोग ज्यादा पानी पीने की सलाह देते हैं, लेकिन सिर्फ पानी पर ध्यान देना ही काफी नहीं होता। कई बार डाइट भी किडनी स्टोन होने की समस्या को बढ़ा सकती है। हालांकि, इस बात को समझना भी जरूरी है कि हर किडनी स्टोन एक जैसा नहीं होता। कैल्शियम ऑक्सालेट, कैल्शियम फॉस्फेट, यूरिक एसिड और दूसरे प्रकार के स्टोन में खान-पान की सलाह अलग हो सकती है। किडनी स्टोन में आमतौर पर क्या नहीं खाना चाहिए? यह जानने के लिए हमने Meena Kumari, Chief Dietician - Dietetics, Sarvodaya Hospital, Faridabad से बात की।
किडनी स्टोन होने पर 7 फूड्स से करें परहेज
Chief Dietician Meena Kumari कहती हैं कि वैसे तो किडनी स्टोन होने पर बिना जांच कराए किसी भी फूड को बंद नहीं करना चाहिए। फिर भी कुछ चीजों का जरूरत से ज्यादा सेवन करना स्टोन बनने के रिस्क को बढ़ा सकता है।
1. बहुत ज्यादा नमक
Meena Kumari कहती हैं, “खाने में ज्यादा नमक होना सिर्फ ब्लड प्रेशर को ही नहीं बढ़ाता, बल्कि जिन लोगों में कैल्शियम का स्टोन होने का रिस्क रहता है, उन्हें भी नमक की मात्रा पर ध्यान देने की सलाह दी जाती है। इसलिए नमकीन, अचार, पापड़, पैकेज्ड स्नैक्स, इंस्टेंट नूडल्स, प्रोसेस्ड फूड और बहुत ज्यादा नमक वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित करना चाहिए।”
2. पालक और ज्यादा ऑक्सीलेट वाले खाद्य पदार्थ
Meena Kumari ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को कैल्शियम ऑक्सीलेट स्टोन की समस्या है, तो ज्यादा ऑक्सीलेट वाले फूड्स नहीं लेने चाहिए। इसमें पालक, मूंगफली और कुछ नट्स में ऑक्सीलेट की मात्रा ज्यादा हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हर किडनी स्टोन के मरीज को पालक खाना छोड़ देना चाहिए, बल्कि स्टोन के प्रकार और पेशाब की जांच करके ही तय किया जाता है कि किन चीजों की कितनी मात्रा लेनी चाहिए।
3. नट्स और मूंगफली की बहुत ज्यादा मात्रा
Meena Kumari ने कहा, “बादाम, काजू और मूंगफली जैसे नट्स में ऑक्सीलेट की मात्रा ज्यादा होती है। इसलिए जिन लोगों को कैल्शियम ऑक्सीलेट स्टोन बार-बार बनता है, उन्हें इनका सेवन जरूरत से ज्यादा नहीं करना चाहिए। हमेशा माना जाता है कि नट्स बहुत पौष्टिक होते हैं, लेकिन इसे बहुत ज्यादा मात्रा में नहीं खाना चाहिए।”
4. रेड मीट और ऑर्गन मीट
Meena Kumari ने बताया कि मटन, बीफ जैसे रेड मीट और खासतौर पर ऑर्गन मीट में पशु प्रोटीन और प्यूरीन की मात्रा बहुत ज्यादा हो सकती है। बहुत ज्यादा एनिमल प्रोटीन लेने से पेशाब की केमिस्ट्री में ऐसे बदलाव हो सकते हैं, जो स्टोन बनाने का रिस्क बढ़ा सकता है। खासतौर पर यूरिक एसिड स्टोन्स और हाई यूरिक एसिड वाले लोगों को प्यूरीन से युक्त फूड्स को सीमित करने की सलाह दी जा सकती है। इसलिए रोजाना बहुत ज्यादा मात्रा में रेड मीड या ऑर्गन मीट खाना किडनी स्टोन के मरीजों के लिए अच्छा नहीं माना जाता है।
foods to avoid in kidney stones
यह भी पढ़ें- क्या ज्यादा प्रोटीन खाने से किडनी खराब होती है? डॉक्टर से जानें, किसे हाई प्रोटीन डाइट नहीं लेनी चाहिए
5. प्रोसेस्ड मीट
Meena Kumari ने कहा, “सॉसेज, सलामी, बेकन और दूसरे प्रोसेस्ड मीट में सोडियम और एनिमल प्रोटीन दोनों काफी मात्रा में होता है। इसका रेगुलर और ज्यादा सेवन करने के बजाय ताजा और कम प्रोसेस्ड भोजन को प्राथमिकता देना बेहतर है। खासतौर पर अगर आपको पहले कैल्शियम स्टोन या यूरिक एसिड स्टोन हो चुका है, तो प्रोटीन डाइट के बारे में डॉक्टर या डाइटिशियन से जानें।”
6. ज्यादा चीनी वाले सॉफ्ट ड्रिंक
Meena Kumari ने बताया कि बाहर खाने के साथ कोल्ड ड्रिंक या चीनी वाले सोडा ड्रिंक्स नहीं लेने चाहिए, क्योंकि यह किडनी स्टोन के रिस्क को बढ़ा सकता है। किडनी स्टोन के रोगियों को सादा पानी ज्यादा पीना चाहिए, ताकि किडनी स्टोन डाइल्यूट हो जाए।
7. हाई डोज विटामिन C सप्लीमेंट
Chief Dietician Meena Kumari कहती हैं, “विटामिन C शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व है, लेकिन बहुत ज्यादा मात्रा में सप्लीमेंट लेना हर किसी के लिए जरूरी नहीं होता। विटामिन C शरीर में ऑक्सीलेट बढ़ा सकता है। इसलिए जिन लोगों को पहले किडनी स्टोन हो चुका है, तो बिना डॉक्टर की सलाह के हाई डोज विटामिन C सप्लीमेंट लेना शुरू न करें।
रिसर्च क्या कहती है?
EAU गाइडलाइंस के अनुसार, चीनी वाले सोडा पीने से किडनी स्टोन का खतरा बढ़ता है।
- ऑक्सीलेट से भरपूर फूड्स जैसे पालक या चॉकलेट का बहुत ज्यादा सेवन सीमित करें।
- कैल्शियम ऑक्सीलेट पथरी वाले मरीजों को बहुत ज्यादा विटामिन C लेने से बचना चाहिए।
- रेड मीट और नॉन वेज का सेवन सीमित करें।
- रोजाना 4 से 5 ग्राम से ज्यादा नमक नहीं लेना चाहिए।
डायटिशियन की सलाह
Chief Dietician Meena Kumari सलाह देती हैं कि डाइट में बदलाव के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। कई लोग किडनी स्टोन का नाम सुनकर दूध या दही जैसे कैल्शियम से युक्त फूड्स खाना बंद कर देते हैं, लेकिन इसे पूरी तरह से बंद करना सही नहीं है। इसके अलावा, पेशाब की जांच करके ही डाइट की सलाह दी जाती है।
यह भी पढ़ें- गर्मियों में क्यों बढ़ जाते हैं किडनी स्टोन के मामले? डॉक्टर ने बताए कारण और बचाव के उपाय
निष्कर्ष
हालांकि, किडनी स्टोन के मरीजों को ज्यादा पानी पीने की सलाह दी जाती है, लेकिन अगर किसी को किडनी, हार्ट या फ्लूड रिटेंशन की समस्या है, तो डॉक्टर से सलाह लेकर ही पानी पीना चाहिए। इसके अलावा, किडनी स्टोन के मरीजों को हर चीज बंद करने की जरूरत नहीं होती, बल्कि सीमित मात्रा में लेने की जरूरत होती है। इसलिए डायटिशियन मरीज की मेडिकल हिस्ट्री और उम्र देखकर ही डाइट प्लान करती है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
बीयर पीने से किडनी की पथरी बाहर निकल जाती है, क्या यह सच है?
यह एक भ्रम है। बीयर डिहाइड्रेशन और यूरिक एसिड बढ़ाती है। मूत्रवर्धक प्रभाव के कारण केवल पेशाब की मात्रा बढ़ती है, लेकिन स्टोन निकालने के लिए बियर पीना सुरक्षित नहीं है।क्या खाली पेट ग्रीन टी या ब्लैक टी पीने से किडनी स्टोन का खतरा बढ़ता है?
ब्लैक टी में ऑक्सीलेट का स्तर बहुत अधिक होता है। अगर आप पानी कम पीते हैं और खाली पेट बहुत ज्यादा चाय पीते हैं, तो पेशाब में ऑक्सीलेट क्रिस्टल्स बनने की संभावना बढ़ जाती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 24, 2026 19:19 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dt Meena Kumari
