लिवर हमारे शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है, जिसका हेल्दी रहना हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। लिवर हमारे शरीर में भोजन को पचाने, एनर्जी बनाए रखने, ब्लड को साफ करने, पित्त बनाकर पाचन को बेहतर रखने समेत 500 से ज्यादा काम करता है। इतना ही नहीं, यह हमारे शरीर से हानिकारक टॉक्सिक पदार्थों को बाहर निकालने में भी मदद करता है। अनहेल्दी डाइट, खराब लाइफस्टाइल, मोटापा, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर आदि बीमारियों के कारण कई लोगों को फैटी लिवर की समस्या हो जाती है। फैटी लिवर, लिवर से जुड़ी बीमारी की शुरुआती स्थिति होती है। हालांकि, लोग अक्सर फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस की समस्या को लेकर कंफ्यूज हो जाते हैं और कई बार इन्हें एक ही बीमारी समझ लेते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। दोनों ही स्थितियां लिवर डैमेज होने के अलग-अलग स्टेज को दिखाती हैं। इसलिए, आइए आज के इस लेख में हम Dr. Naveen Polavarapu, Senior Consultant, Medical Gastroenterologist, Liver Specialist, Lead Advanced Endoscopic Interventions & Training, Clinical Director, Yashoda Hospitals, Hyderabad से जानते हैं कि फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस में क्या अंतर है और यह एक-दूसरे से कैसे अलग हैं?
फैटी लिवर क्या है?
Dr. Naveen Polavarapu ने बताया कि , “फैटी लिवर एक ऐसी स्वास्थ्य स्थिति है, जिसमें लिवर सेल्स में जरूरत से ज्यादा फैट जमा होने लगता है। एक हेल्दी लिवर के अंदर बहुत कम या बिल्कुल भी फैट नहीं होता है। हालांकि, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, मोटापा, ज्यादा शराब का सेवन या गलत लाइफस्टाइल के कारण आपके शरीर की कुछ कैलोरी फैट के रूप में बदल जाती है, जिससे यह फैट लिवर सेल्स में जमा होने लगते हैं। इस स्थिति में जब आपके लिवर का वजन नॉर्मल से 5 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ जाता है, तो यह फैटी लिवर का कारण बन जाता है। फैटी लिवर, लिवर डैमेज होने की शुरुआती स्टेज होती है। अगर इसके बारे में समय पर पता चलने से इसे ज्यादा नुकसान पहुंचने से रोका जा सकता है और इस समस्या को रिवर्स किया जा सकता है।”
लिवर सिरोसिस क्या है?
लिवर सिरोसिस, लिवर की एक गंभीर और पुरानी बीमारी है। इस समस्या में लिवर के हेल्दी सेल्स धीरे-धीरे खत्म होने लगते हैं और उनकी जगह 'स्कार टिशू' यानी जख्म के निशान ले लेते हैं, जिससे लिवर हमेशा के लिए खराब हो सकता है। PLOS के Journal 2025 के अनुसार, "लिवर सिरोसिस लंबे समय तक लिवर को होने वाले नुकसान के कारण होने वाली बीमारी है। इसकी पहचान ऐसे फाइब्रोसिस, हेपेटोसाइट, डिजनरेशन, नेक्रोसिस और लिवर टिशू में रीजेनरेटिव नोड्यूल्स के बनने के कारण होती है, जिन्हें ठीक नहीं किया जा सकता है। लिवर में होने वाले इन बदलावों के कारण धीरे-धीरे लिवर पूरी तरह फेल होने लगता है, जो जानलेवा हो सकता है। लिवर सिरोसिस होने के कई कारण हैं, जिनमें हेपेटाइटिस बी और सी का इंफेक्शन, लंबे समय तक शराब का सेवन और फैटी लिवर शामिल हैं।"
फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस के लक्षण
Dr. Naveen Polavarapu के अनुसार, फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस के लक्षणों में भी कई तरह के अंतर होते हैं, जैसे-
फैटी लिवर
फैटी लिवर की शुरुआत में अक्सर किसी तरह के लक्षण नजर नहीं आते हैं, लेकिन जो लक्षण नजर आते हैं, वे बहुत हल्के या आपको कंफ्यूज करने वाले हो सकते हैं, जैसे-
- बिना कोई काम किए थकान महसूस होना।
- बिना किसी कारण बेचैनी महसूस होना और अच्छा महसूस न होना।
- पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में दर्द, दबाव या खिंचाव महसूस होना।
फैटी लिवर की समस्या गंभीर होने पर आपको अन्य कई तरह के लक्षण नजर आ सकते हैं, जिसमें-
- पेट में सूजन होना
- स्किन में खुजली की समस्या
- पैरों में सूजन होना
- स्किन और आंखों का पीला पड़ना
लिवर सिरोसिस
लिवर सिरोसिस, लिवर डैमेज होने की गंभीर स्थिति है। लिवर सिरोसिस के लक्षण साफ देखे जा सकते हैं। इन लक्षणों में शामिल हैं-
- बहुत ज्यादा कमजोरी और थकान महसूस होना
- भूख में कमी होना
- जी मिचलाने की समस्या
- पैरों या तलवों में सूजन होना
- स्किन में खुजली होना
- स्किन पर खून की नसों का दिखना
- नाखूनों का पीला पड़ना
- स्किन और आंखों में पीलापन होना
- पेट में पानी जमा होना
- बहुत ज्यादा नींद आना
इसे भी पढ़ें: डायबिटीज और फैटी लिवर के बीच क्या संबंध है?
फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस के कारण
फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस होने के अलग-अलग कारण होते हैं, जैसे-
फैटी लिवर
अल्कोहोलिक फैटी लिवर की समस्या आमतौर पर शराब के ज्यादा सेवन के कारण होती है, लेकिन नॉन-अल्कोहोलिक फैटी लिवर होने के पीछे कई कारण होते हैं, जिनमें-
- मोटापा
- टाइप 2 डायबिटीज
- मेटाबॉलिक सिंड्रोम
- हाइपरटेंशन
- खराब डाइट
- अनहेल्दी लाइफस्टाइल
लिवर सिरोसिस
लिवर सिरोसिस होने के पीछे लिवर से जुड़ी कई समस्याएं हो सकती हैं, जिसमें-
1. शराब के कारण होने वाला हेपेटाइटिस
लंबे समय तक ज्यादा शराब पीने से लिवर को होने वाले नुकसान के कारण हेपेटाइटिस होने की समस्या लिवर सिरोसिस का कारण बन सकती है।
2. मेटाबॉलिक डिसफंक्शन-एसोसिएटेड स्टीटोहेपेटाइटिस (MASH)
यह समस्या आपके लिवर में ज्यादा फैट जमा होने से होने वाला नुकसान है। यह हाई ब्लड लिपिड, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर जैसे मेटाबॉलिक फैक्टर से जुड़ा होता है।
3. क्रोनिक हेपेटाइटिस C इंफेक्शन
हेपेटाइटिस सी एक वायरल इंफेक्शन होता है, जो ज्यादातर लोगों में क्रॉनिक हो जाता है। यह समस्या एंटीवायरल दवाओं से ठीक हो सकता है, लेकिन कई लोगों को बहुत देर में इसके बारे में पता चलता है।
4. क्रोनिक हेपेटाइटिस B इंफेक्शन
हेपेटाइटिस बी एक वायरल इंफेक्शन है, जो बहुत कम लोगों में क्रॉनिक हो सकता है। अगर ऐसा होता है, तो यह आपको जिंदगीभर रहेगा। इसका इलाज हो सकता है, लेकिन यह ठीक नहीं हो सकता।
इसे भी पढ़ें: फैटी लिवर में क्या खाएं? डॉक्टर से जानें
5. ऑटोइम्यून बीमारी
कुछ ऑटोइम्यून बीमारियां लिवर में क्रॉनिक सूजन का कारण बन सकती हैं, जिनमें ऑटोइम्यून हेपेटाइटिस, प्राइमरी बाइलरी कोलांगाइटिस और प्राइमरी स्क्लेरोजिंग कोलांगाइटिस शामिल हैं।
फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस का इलाज
फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस का इलाज काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि बीमारी किस स्टेज पर है। फैटी लिवर को अक्सर लाइफस्टाइल में बदलाव के जरिए ठीक किया जा सकता है, जबकि लिवर सिरोसिस का इलाज दवाओं और अन्य तरीकों के द्वारा किया जाता है।
1. फैटी लिवर का इलाज
फैटी लिवर के शुरुआती स्टेज को आसानी से रिवर्स किया जा सकता है। जिसमें-
- वजन कम करना- Nutrients जर्नल के 2019 के रिपोर्ट के मुताबिक शरीर के कुल वजन का 7 से 10 प्रतिशत कम करने से लिवर में जमी चर्बी और सूजन को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
- वजन घटाना: Gene Expression The Journal Of Liver Research (2018) के अनुसार शरीर के कुल वजन का 7% से 10% कम करने से लिवर में जमा चर्बी और सूजन काफी हद तक कम हो सकती है।
- डाइट में बदलाव- मेडिटेरेनियन डाइट में साबुत अनाज, फल, सब्जियां और हेल्दी फैट्स का सेवन सबसे अच्छा माना जाता है। इसके साथ ही आप चीनी, मैदा और प्रोसेस्ड फूड्स से पूरी तरह परहेज करें।
- एक्सरसाइज- पेंसिल्वेनिया स्टेट कॉलेज ऑफ मेडिसिन (2023) की एक रिसर्च के अनुसार, "अगर आप हर हफ्ते 150 मिनट की मॉडरेट या इंटेंस एरोबिक एक्सरसाइज (जैसे तेज चलना या दौड़ना) करते हैं तो इससे लिवर की चर्बी को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
2. लिवर सिरोसिस का इलाज
लिवर सिरोसिस में लिवर पर स्थायी निशान बन जाते हैं, जिसे पूरी तरह ठीक नहीं किया जा सकता है। हालांकि, आप इसे बढ़ने से रोक सकते हैं। इसके लिए-
- अगर सिरोसिस शराब के कारण हुआ है तो इसे तुरंत छोड़ना सबसे जरूरी होता है।
- सिरोसिस को ठीक करने या बढ़ने से रोकने के लिए एंटी-वायरल दवाएं डॉक्टर की सलाह पर ले सकते हैं।
- सिरोसिस में डायूरेटिक (Diuretic) दवाइयां ऐसी होती हैं, जो शरीर से ज्यादा नमक और पानी पेशाब के जरिए बाहर निकालने में मदद करती है।
- ब्लड प्रेशर की दवाएं लेने से लिवर की नसों पर पड़ने वाले दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है।
- लिवर में सूजन और पानी के जमाव को रोकने के लिए नमक का सेवन बहुत कम करना फायदेमंद होता है, जिसके लिए लो-सोडियम डाइट लेना लाभकारी होता है।
- अगर सिरोसिस आखिरी स्थिति पर पहुंच जाए तो लिवर ट्रांसप्लांट एकमात्र विकल्प होता है।
फैटी लिवर और सिरोसिस में अंतर
| विषय | फैटी लिवर | लिवर सिरोसिस |
क्या होता है? |
इस स्थिति में लिवर सेल्स में ज्यादा फैट जमा होने लगता है, जो लिवर डैमेज होने की शुरुआत होती है। |
इस स्थिति में लिवर पर जख्म होने लगता है, जो लिवर डैमेज होने की एंडवास स्टेज होती है। |
लक्षणों में अंतर |
इस स्थिति की शुरुआत में कोई लक्षण नहीं दिखते हैं, बाद में थकान और पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में दर्द हो सकता है। | मरीज को बहुत ज्यादा थकान, भूख न लगना, शरीर के अलग-अलग हिस्सों की नसों के निशान दिखना, नाखून में समस्या आदि लक्षण नजर आ सकते हैं। |
क्या यह पूरी तरह ठीक हो सकता है? |
फैटी लिवर को लाइफस्टाइल बदलकर रिवर्स किया जा सकता है। |
यह एक क्रॉनिक स्थिति होती है, जिसे पूरी तरह ठीक नहीं किया जा सकता है। |
स्किन पर पीलापन |
फैटी लिवर ज्यादा बढ़ने पर स्किन और आंखों पर पीलापन नजर आ सकता है। |
लिवर सिरोसिस की समस्या में पीलिया के लक्षण और नाखूनों का पीला होना शामिल है। |
क्यों होता है? |
फैटी लिवर खराब लाइफस्टाइल, डाइट, मोटापा, टाइप-2 डायबिटीज और ज्यादा शराब पीने के कारण होता है। |
फैटी लिवर, लिवर सिरोसिस क्रोनिक हेपेटाइटिस बी और सी, लंबे समय तक शराब का सेवन, मेटाबोलिक डिसफंक्शन आदि कारणों से हो सकता है। |
इलाज |
शुरुआती स्टेज में हेल्दी डाइट, वजन घटाने और एक्सरसाइज से इसे पूरी तरह रिवर्स किया जा सकता है। |
लिवर सिरोसिस को ठीक नहीं किया जा सकता है, पर दवाओं और कुछ चीजों से परहेज करने पर इसे बिगड़ने से रोका जा सकता है। |
Dr. Naveen Polavarapu बताते हैं कि फैटी लिवर की समस्या को सही समय पर कंट्रोल न करने के कारण ही यह सिरोसिस का रूप लेता है। इसके लिए हेल्दी लाइफस्टाइल और डाइट फॉलो करने के साथ समय पर डॉक्टर से कंसल्ट करना भी जरूरी है।
डॉक्टर को कब दिखाएं?
फैटी लिवर में लिवर सेल्स के अंदर ज्यादा फैट जमा होने लगता है जिसे शुरुआती स्टेज में डाइट और लाइफस्टाइल से ठीक किया जा सकता है। जबकि सिरोसिस लिवर की एक गंभीर और स्थायी स्थिति है, जिसमें लिवर के टिशू पूरी तरह डैमेज हो जाते हैं। इसलिए, अगर आपको लगातार थकान, पेट में सूजन, पीलिया, भूख न लगना या पैर में सूजन महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करें।
निष्कर्ष
फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस में बड़ा अंतर है। इनके होने के कारण, लक्षणों और इलाज भी अलग-अलग होते हैं। ध्यान रहे कि फैटी लिवर की समस्या का समय पर इलाज न करने के कारण और इसे नजरअंदाज करने से लिवर सिरोसिस होने की संभावना ज्यादा बढ़ जाती है। फैटी लिवर का इलाज आसान होता है और उसे रिवर्स भी किया जा सकता है, लेकिन अगर फैटी लिवर, लिवर सिरोसिस के रूप में बदल जाता है तो यह लिवर को पूरी तरह डैमेज कर सकता है, क्योंकि यह रिवर्स नहीं होता है।
Image Credit: Freepik
FAQ
कैसे पता चलेगा कि यह फैटी लिवर या सिरोसिस है?
फैटी लिवर और सिरोसिस के बीच का अंतर करने के लिए अल्ट्रासाउंड एब्डोमेन (USG), फाइब्रोस्कैन और लिवर फंक्शन टेस्ट किया जा सकता है। फैटी लिवर में फैट लिवर के अंदर जमा होने लगता है, जबकि सिरोसिस में लिवर पर स्थायी निशान आ जाते हैं।क्या फैटी लिवर से लिवर सिरोसिस होता है?
हां, फैटी लिवर से लिवर सिरोसिस की समस्या हो सकती है। अगर फैटी लिवर का इलाज नहीं किया जाता है, तो यह लिवर में सूजन और फैट के कारण फाइब्रोसिस का कारण बन सकता है जो बाद में ज्यादा गंभीर स्थिति हो सकती है।लिवर सिरोसिस ठीक होने में कितना समय लगता है?
लिवर सिरोसिस आमतौर पर एक रिवर्स होने वाली स्थिति नहीं है, जो पूरी तरह ठीक नहीं होती है, लेकिन सही इलाज और लाइफस्टाइल में बदलाव से इसे महीनों से लेकर कई सालों तक मैनेज किया जा सकता है और लिवर को ज्यादा डैमेज होने से रोका जा सकता है।क्या लिवर सिरोसिस ठीक हो सकती है?
लिवर सिरोसिस का इलाज पूरी तरह से संभव नहीं होता है क्योंकि निशान वाले लिवर को वापस नॉर्मल नहीं किया जा सकता है, लेकिन शुरुआती स्टेज में सही इलाज से इसे बढ़ने से रोका जा सकता है और लक्षणों को मैनेज किया जा सकता है।सिरोसिस बीमारी किसकी कमी से होती है?
सिरोसिस की समस्या आमतौर पर लंबे समय तक ज्यादा शराब के सेवन, हेपेटाइटिस बी या सी के इंफेक्शन या फैटी लिवर के कारण होती है, न कि किसी एक पोषक तत्व की कमी के कारण।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Apr 02, 2026 20:44 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Apr 02, 2026 20:44 IST
Modified By : Katyayani TiwariApr 02, 2026 20:44 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Naveen Polavarapu