पेशाब के रंग से भी कई बीमारियों का संकेत मिलता है। यूरिन का सामान्य रंग हल्का पीला माना जाता है। कुछ लोगों को पेशाब के साथ ब्लड आने की समस्या होती है जिसके कारण पेशाब का रंग हल्का लाल नजर आ सकता है। यह समस्या बच्चों और किशोरों से लेकर बुजुर्गों तक में हो सकती है। 50 साल की उम्र के बाद कुछ तरह के कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है, जिसके कारण पेशाब में खून आ सकता है। महिलाओं और बच्चों में पेशाब में ब्लड आने का कॉमन कारण है यूटीआई। अगर परिवार में किडनी की बीमारी रही हो, तो पेशाब में खून आने की संभावना बढ़ सकती है। कई बार खिलाड़ियों में अधिक कसरत या मैराथन के कारण भी यह समस्या हो जाती है जो कुछ समय में ठीक हो जाती है। आइए जानते हैं पेशाब में ब्लड आने के पीछे कौन सी बीमारियां हो सकती हैं? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Kamalesh A, Senior Consultant Physician At Yashoda Hospitals, Secunderabad से बात की।
1. यूटीआई, किडनी या ब्लैडर में पथरी

यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) और किडनी या ब्लैडर में पथरी पेशाब में खून आने यानी हेमेट्यूरिया (Hematuria) के सबसे आम कारणों में शामिल हैं। यूटीआई होने पर अक्सर पेशाब करते समय जलन, बार-बार पेशाब आने की इच्छा और पेशाब से बदबू आने के साथ सूजन और खून भी आ सकता है। वहीं, पथरी यूरिनरी ट्रैक्ट की अंदरूनी परत को रगड़ या नुकसान पहुंचा सकती है, जिससे पेशाब में खून आने के साथ कमर के बगल या जांघ के ऊपरी हिस्से में बहुत तेज दर्द हो सकता है।
यह भी पढ़ें- सुबह उठते ही पेशाब का रंग गहरा क्यों होता है? पानी की कमी से लेकर इन बीमारियों तक हो सकते हैं कारण
2. प्रोस्टेट का बढ़ जाना
पुरुषों में, खासकर 50 साल की उम्र के बाद, प्रोस्टेट का बढ़ जाना यानी बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (BPH or Benign Prostatic Hyperplasia) भी पेशाब में खून आने का एक आम कारण हो सकता है।
3. किडनी में इंफेक्शन
इसके अलावा, किडनी में इंफेक्शन, किडनी से जुड़ी क्रॉनिक बीमारी जैसे आईजीए नेफ्रोपैथी और कुछ दवाओं का सेवन जैसे ब्लड थिनर्स भी इसका कारण बन सकती हैं।
4. कैंसर का संकेत
बिना दर्द के पेशाब में साफ दिखाई देने वाला ब्लड आम नहीं है, लेकिन इसे गंभीरता से लेना चाहिए। Mayo Clinic के मुताबिक, आंखों से साफ दिखाई देने वाला पेशाब में ब्लड, किडनी, ब्लैडर या प्रोस्टेट के कैंसर का संकेत हो सकता है। इन कैंसर में शुरुआती दौर में कई बार कोई खास लक्षण दिखाई नहीं देते, जबकि इस समय इलाज ज्यादा असरदार हो सकता है।
5. ब्लैडर में सूजन
ब्लैडर में सूजन (Cystitis), खासकर यूटीआई के कारण होने वाली सूजन से पेशाब में खून आ सकता है। इसके अलावा, पेशाब में जलन, बार-बार पेशाब आना जैसे लक्षण भी नजर आ सकते हैं।
6. पीरियड्स
पीरियड्स के दौरान योनि से निकलने वाला खून पेशाब के साथ मिलकर ऐसा लग सकता है कि पेशाब में खून आ रहा है। इसलिए पीरियड्स के दौरान इसके स्रोत की पहचान करना जरूरी है।
7. एंडोमेट्रियोसिस
एंडोमेट्रियोसिस (Endometriosis) में गर्भाशय की अंदरूनी परत जैसी कोशिकाएं गर्भाशय के बाहर बढ़ने लगती हैं। अगर यह यूरिनरी ट्रैक्ट को प्रभावित करे, तो पेशाब में खून आ सकता है, हालांकि ऐसा कम होता है।
यह भी पढ़ें- पेशाब की धार कमजोर या रुक-रुक कर आती है? डॉक्टर से जानें पुरुषों में इसके 7 कारण
पेशाब में ब्लड आने पर कौन सी जांच की जाती है?
पेशाब में ब्लड का कारण पता लगाने के लिए डॉक्टर यूरिन टेस्ट, अल्ट्रासाउंड या इमेजिंग टेस्ट करा सकते हैं और जरूरत पड़ने पर यूरोलॉजिस्ट से सलाह लेने के लिए कह सकते हैं।
पेशाब में ब्लड आने का इलाज क्या है?
पेशाब में ब्लड आने का इलाज उसके कारण पर निर्भर करता है। यूटीआई में एंटीबायोटिक्स दी जाती हैं। पर्याप्त पानी पीने की सलाह भी जाती है। किडनी या ब्लैडर में स्टोन होने पर उसे लेजर, ऑपरेशन या दवाओं से रिमूव किया जाता है। किडनी इंफेक्शन होने पर डॉक्टर कारण के अनुसार दवाएं देते हैं।
डॉक्टर से संपर्क कब करें?
पेशाब में ब्लड दिखने पर डॉक्टर को जल्द दिखाना चाहिए, खासकर अगर ब्लड बिना दर्द के आ रहा हो, बार-बार दिखाई दे या इसके साथ खून के थक्के, बुखार, बहुत तेज दर्द, वजन कम होना या पेशाब करने में परेशानी हो।
निष्कर्ष:
पेशाब के साथ ब्लड नजर आता है, तो इसके पीछे कई बीमारियां और वजह हो सकती हैं जैसे यूटीआई, किडनी या ब्लैडर में पथरी, प्रोस्टेट का बढ़ जाना, किडनी में इंफेक्शन, कैंसर का संकेत, ब्लैडर में सूजन, पीरियड्स, एंडोमेट्रियोसिस वगैरह। जांच के लिए डॉक्टर यूरिन टेस्ट, अल्ट्रासाउंड या इमेजिंग टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं। अगर बिना दर्द के पेशाब में ब्लड दिखे, खून के थक्के नजर आएं, बुखार या तेज दर्द हो, तो डॉक्टर से जल्दी संपर्क करें। यूटीआई होने पर डॉक्टर एंटीबायोटिक्स से इलाज करते हैं, पथरी होने पर दवाएं, लेजर या सर्जरी की मदद ली जाती है।
image source: magnific
FAQ
किडनी स्टोन होने पर पेशाब में ब्लड क्यों आता है?
किडनी स्टोन जब यूरिनरी ट्रैक्ट की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचाती है, तो पेशाब में ब्लड आ सकता है।पेशाब में ब्लड के साथ जलन होने के क्या कारण होते हैं?
पेशाब में ब्लड के साथ जलन होने के पीछे यूटीआई हो सकता है। सही कारण जानने के लिए डॉक्टर यूरिन टेस्ट कराने की सलाह देते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 10, 2026 19:29 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Kamalesh A