Chhath Puja Health Tips For Asthma Patients: छठ पूजा प्रकृति से जुड़ा एक खास पर्व है, लेकिन दिवाली के बाद जिस तरह से प्रकृति में प्रदूषण बढ़ा है, उसे देखते हुए घाट पर जाकर पूजा करना अस्थमा रोगियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। छठ पूजा के दौरान खराब AQI के कारण सांस लेने में परेशानी और घाटों पर बढ़ते प्रदूषण की वजह से अस्थमा के रोगियों को दिक्कत हो सकती है। इसलिए सांस की बीमारी वाले लोगों को छठ पूजा के दौरान सावधानी बरतना जरूरी हो जाता है। इस बारे में हमने दिल्ली के PSRI Hospital के Critical Care and Sleep Medicine विभाग की सीनियर कंसल्टेंट Dr. Neetu Jain से बात की। उन्होंने बताया कि अस्थमा, COPD (क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज), ब्रोंकाइटिस और सांस से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को सांस की नलियों में सूजन और जलन बढ़ सकती है। कुछ लोगों को खांसी, सीने में जकड़न, सांस फूलने या घरघराहट की परेशानी भी हो सकती है। ऐसे में छठ पूजा के दौरान कुछ सावधानियां बरतने की जरूरत है।
छठ पूजा के दौरान सांस के मरीज प्रदूषण से कैसे बचें?
EPA और CDC की इस रिपोर्ट में बताया गया है कि जब हवा में धुंध, धूल और धुआं होता है, तो इसमें मौजूद कण फेफड़ों में पहुंचकर अस्थमा को ट्रिगर कर सकते हैं। अस्थमा के मरीजों को प्रदूषित हवा में सांस लेने में दिक्कत, खांसी, सांस लेते समय घरघराहट की आवाज आ सकती है। अगर सीने में बेचैनी हो और फेफड़ों में जलन हो, तो प्रदूषण में सावधानियां बरतने की जरूरत होती है।
Dr. Neetu Jain कहती हैं कि छठ पूजा के दौरान अस्थमा के मरीजों को खास सावधानियां बरतने की जरूरत होती है।
1. घाट पर जाने से पहले AQI जरूर चेक करें
छठ पूजा के लिए घर से निकलने से पहले अपने इलाके का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) देखना न भूलें। अस्थमा के मरीजों के लिए बहुत जरूरी है, क्योंकि अगर इलाके में प्रदूषण बहुत ज्यादा है, तो घाट पर ज्यादा समय बिताने से बचें। सुबह और शाम के समय घाटों पर भीड़ बहुत ज्यादा होती है, ऐसे में अस्थमा ट्रिगर होने का रिस्क सबसे ज्यादा हो सकता है। ऐसे में घर पर रहना या फिर कम भीड़ वाली जगह चुनना बेहतर रहता है।
2. अपनी दवाइयां और इनहेलर साथ रखें
अस्थमा और COPD के मरीजों को छठ पूजा के दौरान अपनी दवाइयों को लेकर लापरवाही नहीं करनी चाहिए। डॉक्टर ने जो दवाएं दी हैं, उन्हें रेगुलर लेना चाहिए। जब घाट पर जाएं, तो अपने साथ रिलीवर इनहेलर भी रखें। प्रदूषण के कारण अस्थमा के कुछ मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में डॉक्टर की सलाह के अनुसार इनहेलर का इस्तेमाल करें। अपनी मर्जी से दवाएं बंद करना या उनकी खुराक बदलना सही नहीं है।
3. बाहर निकलते समय N95 मास्क पहनें
Dr. Neetu Jain का कहना है, “अस्थमा के मरीज प्रदूषण से बचने के लिए अच्छी फिटिंग का N95 मास्क जरूर पहनें। इससे हवा में मौजूद कई बारीक कणों को फिल्टर करने में मदद मिलती है। मैंने देखा है कि कुछ लोग मास्क के नाम पर कपड़ा पहन लेते हैं या फिर ढीला मास्क पहन लेते हैं। इससे प्रदूषण से बचाव होना मुश्किल हो सकता है। इसलिए खराब AQI में बाहर कम से कम रहें।”
Chhath puja air pollution precautions for asthma patients
यह भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: 36 घंटे निर्जला व्रत में डिहाइड्रेशन के 7 लक्षण कैसे पहचानें? एक्सपर्ट से जानें बचाव के उपाय
4. धुएं और धूल वाली जगहों से दूर रहें
छठ पूजा के दौरान घाटों और आस-पास के इलाकों में कहीं-कहीं अलाव या कूड़ा जला दिया जाता है। इससे हवा में प्रदूषण फैल सकता है। अस्थमा के मरीजों को ऐसी जगहों पर खड़े होने से बचना चाहिए। इसके अलावा, अगरबत्ती, धूप, पटाखों और अन्य धुएं वाली चीजों के पास ज्यादा देर तक न रुकें।
5. भीड़ में ज्यादा देर तक न रुकें
छठ घाट पर एक साथ काफी बड़ी संख्या में लोग होते हैं। ऐसे में खराब AQI और वहां भीड़ ज्यादा होने के कारण सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। अस्थमा या सांस से जुड़ी बीमारियों के मरीजों को भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहना चाहिए। अस्थमा के मरीज परिवा के साथ ही घाट पर जाए और अगर सांस लेने में परेशानी महसूस होने लगे, तो तुरंत वहां से निकलकर साफ हवा वाली जगह पर जाएं।
6. घर के अंदर की हवा को भी साफ रखें
छठ की पूजा के दौरान घर पर अगरबत्ती, धूप या प्रसाद बनाते समय ज्यादा धुआं न करें। इससे अस्थमा के रोगियों को सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। अगर अस्थमा के मरीज को सांस लेने में दिक्कत हो, तो कमरे में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा, घर की साफ-सफाई रखें, ताकि घर में धूल जमा न हो।
7. लक्षणों को इग्नोर न करें
अगर छठ पूजा के दौरान लगातार खांसी, सीने में जकड़न, घरघराहट या सांस फूलने लगे, तो इसे नॉर्मल न समझें। ऐसे में जरूरी है कि अस्थमा के रोगी डॉक्टर से सलाह लें और इनहेलर का इस्तेमाल करें। पूजा के दौरान कई लोग लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो बाद में अस्थमा अटैक का कारण बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: नहाय-खाय में क्यों खाया जाता है कद्दू-भात? जानें इसे खाने के फायदे
निष्कर्ष
अस्थमा, COPD, ब्रोंकाइटिस और फेफड़ों की पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों को प्रदूषण के दौरान खास सावधानी बरतनी चाहिए। जिन लोगों को सांस से जुड़ी समस्याएं हैं, उन्हें छठ पूजा से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। इसके साथ, मरीजों को खराब AQI में बाहर जाने से बचना चाहिए।
All Image Credit: Magnific
FAQ
घाट से घर लौटने के बाद अस्थमा के मरीजों को फेफड़ों को शांत करने के लिए क्या करना चाहिए?
घर लौटते ही सबसे पहले गुनगुने पानी से हाथ-मुंह धोएं और कपड़े बदलें ताकि कपड़ों पर चिपके धुएं और धूल के कण सांस में न जाएं। इसके बाद सादे पानी की भाप लें या गुनगुना पानी पिएं, अगर व्रत पारण हो चुका हो।क्या छठ पूजा के दौरान इनहेलर लेने से निर्जला व्रत टूट जाता है?
मेडिकल में यह एक जीवनरक्षक दवा है। यह खाना या पानी नहीं है और इनहेलर से दवा फेफड़ों में पहुंचती है, ना कि पेट में, तो इनहेलर को छठ पूजा में लिया जा सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
