गर्मियों के मौसम में जब चिलचिलाती धूप और लू शरीर का बुरा हाल करती है, तो सिर्फ ठंडे और सादे पानी से प्यास बुझा पाना अक्सर मुश्किल हो जाता है। इतना ही नहीं, इस मौसम में हम खाने से ज्यादा पानी पीते हैं, जिस कारण पोषक तत्व भरपूर मात्रा में नहीं ले पाते हैं। ऐसे में गर्मियों में शरीर को अंदर से ठंडा रखने के लिए गोंद कतीरा खाने की सलाह दी जाती है। इसलिए, गर्मियों में अपने शरीर को ठंडक देने और प्यास बुझाने के लिए आप अपनी डाइट में गोंद कतीरा और नींबू से बना ये स्पेशल शिकंजी शामिल कर सकते हैं। आइए हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से जानते हैं गोंद कतीरा नींबू शिकंजी के फायदे और इसे बनाने की रेसिपी के बारे में।
गोंद कतीरा नींबू ड्रिंक के फायदे
डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, गोंद कतीरा की तासीर ठंडी होती है, जो गर्मियों में लू से बचाने और शरीर की जलन को शांत करने में मदद करती है। 2025 में Research Journal of Pharmacology and Pharmacodynamics में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार गोंद कतीरा शरीर के तापमान को कंट्रोल करने, अंदर की सूजन को शांत करने और ज्यादा गर्मी की स्थितियों में शरीर में पानी की कमी न होने देने में अहम भूमिका निभाता है।
- गर्मी में नकसीर फूटने के कारण नाक से खून आने की समस्या में यह ड्रिंक काफी फायदेमंद हो सकती है, क्योंकि यह आपके शरीर के अंदर की गर्मी को शांत करने का काम करती है।
- गोंद कतीरा के साथ इसमें मौजूद नींबू और काला नमक आपके पाचन में सुधार करने में मदद करता है, जिससे कब्ज की समस्या दूर हो सकती है और पेट को साफ करने में अहम भूमिका निभाता है।
- यह ड्रिंक आपकी स्किन के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है। इस ड्रिंक में एंटी-एजिंग गुण स्किन पर झुर्रियों को कम करने और चेहरे के ग्लो को बनाए रखने में मदद करते हैं।
- यह ड्रिंक आपके शरीर में पानी की कमी पूरी करने और एनर्जी को बनाए रखने का काम करता है। खासकर भीषण गर्मी में भी एनर्जी लेवल बनाए रखने में मदद मिलती है।
इसे भी पढ़ें: क्या बरसात में भी खा सकते हैं गोंद कतीरा? पहले आयुर्वेदाचार्य से जानें फायदे और नुकसान
गोंद कतीरा नींबू ड्रिंक की रेसिपी
गोंद कतीरा नींबू ड्रिंक बनाने के लिए आप 1 चम्मच गोंद कतीरा को एक गिलास पानी में रात भर के लिए भिगो कर रख दें। फूलने के बाद यह इस्तेमाल के लिए तैयार रहेगा। इस ड्रिंक को बनाने के लिए आपको ये सामग्रियां चाहिए-
- रातभर भीगा हुआ गोंद कतीरा- 2 बड़े चम्मच
- नींबू का रस- 1 नींबू
- ठंडा पानी- 1 गिलास
- मिठास- 1 चम्मच मिश्री पाउडर या शहद
- काला नमक- स्वादानुसार
- पुदीना- 4-5 पत्तियां
इसे भी पढ़ें: गर्मियों में फायदेमंद है गोंद कतीरा, गुलकंद और सब्जा का मिश्रण, जानें सेवन का सही तरीका
बनाने का तरीका
- इस ड्रिंक को बनाने के लिए एक गिलास ठंडे पानी में मिश्री और नींबू का रस मिलाएं।
- अब इसमें काला नमक और पुदीने की पत्तियों को हल्का कूटकर डालें।
- इसके बाद 2 चम्मच भिगोकर रखे हुए गोंद कतीरा को डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं।
- आपका गोंद कतीरा नींबू ड्रिंक तैयार है इसे ताजा-ताजा ही पिएं।
निष्कर्ष
गर्मी के मौसम में गोंद कतीरा नींबू ड्रिंक का सेवन काफी फायदेमंद होता है और इसे बनाना भी आसान है। इसलिए, गर्मी से बचाव और इसके कारण होने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए आप अपनी डाइट में इस ड्रिंक को शामिल कर सकते हैं।
Image Credit: Freepik
FAQ
गोंद कतीरा को कितनी देर तक भिगोना चाहिए?
गोंद कतीरा को सही तरह और समय तक भिगोकर रखने से यह अच्छी तरह जेली जैसा फूल जाता है। इसलिए, आपको कम से कम 8 घंटे तक इसे भिगोकर रखना चाहिए।एक दिन में कितना गोंद कतीरा खाना सुरक्षित है?
एक दिन में हेल्दी व्यक्ति को 1 से 2 बड़े चम्मच भीगा हुआ गोंद कतीरा खाना चाहिए। ज्यादा मात्रा में इसका सेवन हानिकारक हो सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Apr 28, 2026 19:40 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Apr 28, 2026 19:40 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma