Gehu Ghughri Benefits In Hindi: गेंहू के आटे से बनी रोटियां तो आपने कई बार खाई होंगी। लेकिन क्या आपने कभी गेंहू की घुघरी खाई है? अगर नहीं, तो एक बार जरूर ट्राई करें। गेंहू की घुघरी उत्तर प्रदेश और बिहार का एक प्रचलित नाश्ता है। यह खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होती है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटैशियम, फोलेट, फॉस्फोरस, नियासिन और थियामिन जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। नाश्ते में गेंहू की घुघरी खाने से शरीर को पर्याप्त एनर्जी मिलती है। नियमित रूप से गेंहू की घुघरी का सेवन करने से शरीर को कई लाभ हो सकते हैं। यह वजन घटाने से लेकर पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने तक में फायदेमंद साबित हो सकता है। आज इस लेख में डाइट्रीफिट की डाइटीशियन अबरना मैथ्यूवनन से जानेंगे गेंहू की घुघरी खाने के फायदे और इसे बनाने का तरीका -
गेंहू की घुघरी खाने के फायदे - Gehu Ghughri Benefits In Hindi
कब्ज से राहत दिलाए
गेंहू की घुघरी का सेवन आपके पाचन स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर मौजूद होता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह मल त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाता है, जिससे पेट आसानी से साफ हो जाता है। गेंहू की घुघरी खाने से आपको कब्ज, गैस और अपच जैसी पाचन संबंधी समस्याओं से छुटकाता मिल सकता है।
वजन घटाने में मददगार
अगर आप मोटापे से परेशान हैं और वजन कम करना चाहते हैं, तो गेंहू की घुघरी का सेवन कर सकते हैं। दरअसल, इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है। नाश्ते में गेंहू की घुघरी खाने से आपको बार-बार भूख नहीं लगेगी और आप ओवरईटिंग करने से बच जाएंगे। इससे आपको वजन कम करने में मदद मिल सकती है।
ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करे
गेंहू की घुघरी खाने से हाई ब्लड प्रेशर की परेशानी दूर हो सकती है। इसमें पोटैशियम होता है, जो ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करता है। इसे खाने से शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर भी कम हो सकता है। इसके सेवन से दिल हेल्दी रहता है और हृदय रोगों का जोखिम भी कम हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: गेहूं से है एलर्जी तो खाएं इन 4 आटों की रोटियां, सेहत को भी मिलेंगे कई जबरदस्त फायदे
डायबिटीज में फायदेमंद
गेंहू की घुघरी का सेवन डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकता है। इसमें फाइबर होता है, जो ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करता है। यह शरीर में अचानक इंसुलिन स्पाइक होने से रोकता है, जिससे डायबिटीज में फायदा होता है। अगर आपको डायबिटीज है, तो आप डॉक्टर की सलाह से इसका सेवन कर सकते हैं।
शरीर को एनर्जी मिलती है
सुबह नाश्ते में गेंहू की घुघरी खाने से आपके शरीर को पर्याप्त एनर्जी मिल जाती है। दरअसल, इसमें कार्ब्स और अन्य पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं। इसे खाने से शरीर में ऊर्जा का स्तर बढ़ता है और आप एक्टिव रहते हैं। इसके नियमित सेवन से शरीर में खून की कमी, कमजोरी और थकान जैसी समस्याएं भी दूर हो सकती हैं।
गेंहू की घुघरी बनाने का तरीका - Gehu Ghughri Recipe In Hindi
सामग्री
- चना - 1/2 कटोरी
- गेहूं के बीज- 1/2 कटोरी
- अमचूर पाउडर – 1 चम्मच
- घी- 1 चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 चम्मच
- गरम मसाला- 1/2 चम्मच
- हींग पाउडर- 1/4 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
विधि
- गेंहू की घुघरी बनाने के लिए गेंहू और चने को 1 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें।
- इसके बाद इन्हें कुकर में डालकर उबाल लें।
- अब एक पैन में घी गर्म करें।
- जब घी गर्म हो जाए, तो इसमें जीरा डालकर भून लें।
- इसके बाद इसमें गेंहू और चना डाल दें।
- फिर इसमें धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
- आपकी गेंहू की घुघरी बनकर तैयार है।