
Causes Of Frequent Abdominal Pain In Children In Hindi: बच्चों के पेट में दर्द होना होना कई तरह की बीमारियों का एक सामान्य लक्षण है। कई बार तो यह भी देखने में आया है कि बच्चों को सामान्य सी समस्या में भी पेट में दर्द होता है। यही कारण है कि ज्यादातर पेरेंट्स बच्चों के पेट दर्द को लेकर शुरुआती स्तर में ज्यादा सजग नजर नहीं आते। वे बाजार में या केमिस्ट में मिलने वाली दवा से खुद ही अपने बच्चे के पेट दर्द का उपचार करने लगते हैं। जबकि ऐसा करना जरा भी सही नहीं है। ध्यान रखें कि कई बार ऐसा होता है कि पेट दर्द किसी गंभीर बीमारी का लक्षण है। इसलिए जब भी बच्चे के पेट में दर्द हो, तो जरूरी है कि आप उसके शरीर में नजर आ रहे अन्य लक्षणों पर भी नजर रखें। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि पेट में दर्द होने की क्या-क्या वजहें हो सकती हैं। साथ ही इनका इलाज कैसे संभव है।
बच्चों पेट दर्द की वजह
नई दिल्ली के शालीमार बाग स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पीटल के हेड ऑफ डिपार्टमेंट पिडियाट्रिक्स डॉ. पारविंदरसिंह नारंग का कहना है, ‘पेट में दर्द होने की कई वजहें हो सकती हैं, जैसे पेट में संक्रमण। पेरेंट्स को चाहिए कि उनके पेट दर्द होने के साथ-साथ अन्य लक्षणों पर गौर जरूर करें।’ इसके अलावा, डॉ. पारविंदरसिंह नारंग के अनुसार बच्चों में पेट दर्द के कई अन्य वजहें हो सकती हैं, जैसे-
गैस्ट्रोएंट्राइटिस: बच्चों में पेट दर्द की यह एक बड़ी वजह है। यह वायरल भी होता है और बैक्टीरियल भी होता है। वायरल होने की वजह है, रोटा वायरस। इसके लिए बच्चों को बचपन से ही वैक्सीनेशन दिया जाता है। इसके अलावा नॉरवॉक वायरस, एडिनो वायरस, एंटेरोवायरस। इसके अलावा बैक्टीरियर इंफेक्शन जैसे सालमोनेला आदि।
कब्ज या गैस बनना: आमतौर पर खाने से पेट में गैस नहीं बनती है। अगर बच्चे ने ओवर ईटिंग कर ली है या कोई खराब चीज खा ली है, तो भी उसके पेट में गैस बन सकती है। गैस बनने की वजह से कई बार बच्चे के पेट में दर्द हो सकता है।
पेट फूलना: कई बार बच्चों के पेट के फूलने की वजह से उसके पेट में दर्द हो सकता है। बच्चे में ऐसी समस्या देखने पर तुरंत आपको उसका इलाज करवाना चाहिए।
एपेंडिसाइटिस: बच्चों में कई बार पेट दर्द की वजह एपेंडिसाइटिस भी होता है। एपेंडिसाइटिस का दर्द होने पर बच्चे के पेट के बीचों-बीच से दर्द उठता है, जो धीरे-धीरे पेट के दाईं ओर फैलने लगता है।
मेडिकल कंडीशंस: कई बार यह देखने में आया है कि बच्चों को पेट में तीव्र दर्द यनी सीवियर एब्डोमिनल पेन होता है, तो इसकी वजह मेडिकल कंडीशंस होते हैं, जैसे पेट फूलना या उल्टी होना। अगर बच्चे की उल्टी हरे रंग की हो रही है और साथ में पेट फूल रहा है, तो इसका मतलब है कि बच्चे के पेट में संक्रमण हो गया है। इस तरह के संक्रमण की वजह से बच्चे के पेट में दर्द होता है।
इसे भी पढ़ें : बच्चों को अकसर क्यों सताता है पेट दर्द? डॉक्टर से जानें इसके कारण, इलाज और बचाव के टिप्स
बच्चों में पेट दर्द से बचने के उपाय
- बच्चों से कहें कि अपना हाथ साफ रखें।
- शौच जाने के बाद हाथों को साबुन से जरूर धोएं।
- बच्चां को ताजा खाना खाने के लिए दें।
- बच्चों के नाखून काटकर रखें। नाखूनों को साफ रखें।
- बच्चों को पीने के लिए फिल्टर या उबला पानी दें।
बच्चों में पेट दर्द का ट्रीटमेंट
बच्चों के पेट में दर्द होने की वजह जानकर ही उसका ट्रीटमेंट करवाया जाता है। इस संबंध में डॉ. पारविंदरसिंह नारंग का कहना है, ‘बच्चों के पेट में दर्द की कई वजहें हो सकती हैं। खासकर अगर बच्चे के पेट में दर्द के साथ उसे उल्टी, पेट फूलने जैसी समस्या हो, तो पेरेंट्स को इन लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए और जरूरी उपचार करवाना चाहिए।’ याद रखें कि बच्चे के पेट में हो रहे दर्द के आधार पर ही उसका इलाज संभव है। जैसे अगर बच्चे को एपेंडिसाइटिस की वजह से दर्द है, तो डॉक्टर जरूरी होने पर उसका ऑपरेशन कर सकते हैं। कहने का मतलब यही है कि आप खुद से बच्चे का इलाज न करें। डॉक्टर को दिखाएं और उनके अनुसार अपने बच्चे को ट्रीटमेंट दें।
image credit : freepik