Fri Sep 11, 2026 | 07:34 PM IST

Medically Reviewed by Dr. Saurabh Singhal , Senior Consultant & Director - Centre for Liver- GI Diseases and Transplantation (CLDT)

क्या फैटी लिवर से लिवर डैमेज हो सकता है? जानें डॉक्टर की राय

फैटी लिवर आमतौर पर शुरुआती स्टेज में गंभीर नहीं होता, लेकिन अगर समय पर ध्यान न दिया जाए तो यह लिवर डैमेज का कारण बन सकता है। हालांकि, सही डाइट, नियमित एक्सरसाइज और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाकर फैटी लिवर को कंट्रोल और रिवर्स किया जा सकता है।

आजकल बदलती लाइफस्टाइल, अनहेल्दी डाइट और बढ़ते मोटापे के कारण फैटी लिवर की समस्या तेजी से आम होती जा रही है। कई लोग इसे हल्के में लेते हैं, लेकिन समय रहते ध्यान न देने पर यह गंभीर रूप ले सकती है। ऐसे में अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या फैटी लिवर से लिवर डैमेज हो सकता है और यह समस्या कितनी खतरनाक हो सकती है? इसी विषय पर सही जानकारी पाने के लिए हमने, आकाश हेल्थकेयर दिल्ली के सेंटर फॉर लिवर-जीआई डिजीज एंड ट्रांसप्लांटेशन विभाग के वरिष्ठ सलाहकार और निदेशक डॉ. सौरभ सिंघल से बात की।

क्या फैटी लिवर से लिवर डैमेज हो सकता है?

डॉ. सौरभ सिंघल के अनुसार, ''फैटी लिवर की समस्या धीरे-धीरे बढ़ती है और इसके कई अलग-अलग स्टेज हैं। शुरुआती स्टेज में इसके लक्षण ज्यादा दिखाई नहीं देते, इसलिए लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते, लेकिन समय के साथ यह स्थिति लिवर में सूजन, स्कार टिशू और अंत में सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारी का कारण बन सकती है। इसलिए फैटी लिवर को समझना और समय पर इसका इलाज करना बहुत जरूरी है। अगर फैटी लिवर को शुरुआती अवस्था में कंट्रोल न किया जाए तो यह धीरे-धीरे लिवर को डैमेज कर सकता है।''

1. सिंपल फैटी लिवर क्या होता है?

फैटी लिवर की पहली स्टेज को सिंपल फैटी लिवर कहा जाता है। इस अवस्था में लिवर की कोशिकाओं में फैट जमा होने लगता है, लेकिन आमतौर पर इससे लिवर को ज्यादा नुकसान नहीं होता। कई लोगों को इस स्टेज में कोई खास लक्षण भी महसूस नहीं होते और अक्सर यह समस्या नियमित हेल्थ चेकअप या अल्ट्रासाउंड के दौरान ही व्यक्ति को पता चलती है। डॉ. सौरभ सिंघल के अनुसार, अगर इस अवस्था में लाइफस्टाइल में बदलाव कर लिया जाए, जैसे कि वजन कम करना, सही डाइट लेना और नियमित एक्सरसाइज और योग करना, तो फैटी लिवर को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें: फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस में क्या अंतर होता है? डॉक्टर से जानें

2. नॉन-अल्कोहोलिक स्टीटोहेपेटाइटिस (NASH) क्या है?

अमेरिकन एसोसिएशन फॉर द स्टडी ऑफ लिवर डिजीज (AASLD) के अनुसार, NASH का रिप्लेसमेंट शब्द अब मेटाबोलिक डिसफंक्शन-एसोसिएटेड स्टीटोहेपेटाइटिस (MASH) है।अगर सिंपल फैटी लिवर को समय रहते कंट्रोल नहीं किया जाए, तो यह आगे चलकर मेटाबोलिक डिसफंक्शन-एसोसिएटेड स्टीटोहेपेटाइटिस (MASH) में बदल सकता है। किसी भी मरीज में यह अवस्था ज्यादा गंभीर मानी जाती है क्योंकि सूजन के कारण लिवर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचने लगता है। कुछ लोगों में इस दौरान थकान, पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द, कमजोरी या भूख कम लगने जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।

डॉ. सौरभ सिंघल के अनुसार, यह वह स्टेज है जहां से लिवर को स्थायी नुकसान होने का खतरा बढ़ जाता है।

इसे भी पढ़ें: क्या मोटापा फैटी लिवर का कारण है? जानें डॉक्टर की राय

Can Fatty Liver Lead to Liver Damage

3. फाइब्रोसिस की स्थिति क्या होती है?

डॉ. सौरभ सिंघल बताते हैं कि जब लिवर में लंबे समय तक सूजन बनी रहती है, तो शरीर उस नुकसान को ठीक करने की कोशिश करता है। इस प्रक्रिया में लिवर के अंदर स्कार टिशू बनने लगते हैं। इसी स्थिति को फाइब्रोसिस कहा जाता है। फाइब्रोसिस के दौरान लिवर की सामान्य संरचना धीरे-धीरे प्रभावित होने लगती है। अगर इसे नजरअंदाज किया जाए, तो यह आगे चलकर लिवर की गंभीर बीमारी में बदल सकता है। 

World Journal of Gastroenterology में साल 2021 में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD जिसे अब MASLD) में लिवर फाइब्रोसिस मृत्यु दर और लिवर संबंधी जटिलताओं का सबसे जरूरी संकेतक है। बढ़ती फाइब्रोसिस से हार्ट डिजीज और कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। इस स्टडी के अनुसार, शुरुआती पहचान के लिए लिवर बायोप्सी के बजाय 'फाइब्रो-4 इंडेक्स' जैसे ब्लड टेस्ट और 'इलास्टोग्राफी' जैसी तकनीकें प्रभावी हैं। समय रहते जांच और निगरानी से गंभीर नुकसान और लिवर फेलियर को रोका जा सकता है।

इसे भी पढ़ें: फैटी लिवर में वजन कैसे कम करना चाहिए? डॉक्टर से जानें

4. लिवर सिरोसिस

डॉ. सौरभ सिंघल बताते हैं कि फैटी लिवर की सबसे गंभीर अवस्था लिवर सिरोसिस मानी जाती है। इस स्थिति में लिवर के अंदर बहुत ज्यादा स्कार टिशू बन जाते हैं, इस कारण लिवर का फंक्शन काफी कम हो जाता है और शरीर के कई जरूरी कार्य प्रभावित होने लगते हैं। लिवर सिरोसिस के दौरान पेट में सूजन, पैरों में सूजन, बहुत ज्यादा थकान और वजन कम होना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। डॉक्टर डॉ. सौरभ सिंघल का कहना है कि सिरोसिस एक गंभीर स्थिति है, जिसमें कई बार लिवर ट्रांसप्लांट की जरूरत भी पड़ सकती है। 

Journal of Clinical and Experimental Hepatology के साल 2022 के रिव्यू के अनुसार, निष्कर्ष यह है कि शराब से जुड़ी लिवर की गंभीर बीमारी (ARLD) के लिए 'लिवर ट्रांसप्लांट' एक बहुत ही सफल इलाज है। रिसर्च के अनुसार, ट्रांसप्लांट के बाद मरीजों के जीवित रहने की दर अन्य बीमारियों के समान ही अच्छी है। हालांकि, कई अस्पताल मरीज को 6 महीने तक शराब से दूर रहने (abstinence) के बाद ही सर्जरी की अनुमति देते हैं।

5. लिवर फेल्योर और कैंसर

डॉ. सौरभ सिंघल के अनुसार अगर फैटी लिवर को लंबे समय तक अनदेखा किया जाए, तो यह आगे चलकर लिवर फेल्योर और लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण भी बन सकता है। लिवर फेलियर की स्थिति में लिवर शरीर के जरूरी कामों को नहीं कर पाता है। वहीं कुछ मामलों में लंबे समय तक लिवर को नुकसान पहुंचने से लिवर कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए डॉक्टर सलाह देते हैं कि अगर फैटी लिवर की समस्या का पता चले, तो इसे हल्के में न लें और समय रहते इलाज जरूर शुरू करें। 

National Cancer Institute की 2023 की एक रिपोर्ट के अनुसार, कैंसर और फैटी लिवर बीमारी के बीच गहरा संबंध है। इस रिसर्च के अनुसार, फैटी लिवर (Fatty Liver) शरीर में लिवर ऐसे छोटे कण बनाता है जो शरीर में इधर-उधर संदेश पहुंचाने का काम करते हैं, जो कैंसर कोशिकाओं को लिवर में बढ़ने में मदद करते हैं। ये संदेश कैंसर को न केवल तेजी से फैलाते हैं, बल्कि हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता (immune system) को भी उन्हें रोकने से रोकते हैं। इससे कोलोरेक्टल कैंसर जैसे रोगों का लिवर में फैलना आसान हो जाता है। ऐसे में लिवर को हेल्दी रखना कैंसर के खतरे को कम करने के लिए बहुत जरूरी है।

डॉक्टर से कब मिलें?

डॉ. सौरभ सिंघल के अनुसार, फैटी लिवर की समस्या अक्सर शुरुआत में बिना किसी खास लक्षण के रहती है, लेकिन कुछ संकेत ऐसे होते हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर समय रहते डॉक्टर से सलाह ले ली जाए, तो गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है। कुछ खास लक्षणों में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है, जैसे पेट के दाहिने ऊपरी हिस्से में लगातार दर्द या भारीपन, बार-बार थकान और कमजोरी महसूस होना, बिना कारण वजन कम होना, भूख कम लगना या मतली आना, पेट या पैरों में सूजन, स्किन और आंखों का पीला पड़ना, पेशाब का रंग गहरा होना और शरीर में खुजली या असामान्य थकावट। इसके अलावा, जिन लोगों को मोटापा, डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल या हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं हैं, उन्हें नियमित रूप से लिवर की जांच करवानी चाहिए, क्योंकि इनमें फैटी लिवर का खतरा ज्यादा होता है। डॉक्टर का कहना है कि अगर फैटी लिवर का समय पर पता चल जाए और सही इलाज व लाइफस्टाइल में बदलाव किए जाएं, तो इसे कंट्रोल किया जा सकता है और लिवर को गंभीर नुकसान से बचाया जा सकता है।

Can Fatty Liver Lead to Liver Damage

निष्कर्ष

फैटी लिवर एक ऐसी समस्या है जो शुरुआत में साधारण लग सकती है, लेकिन समय पर ध्यान न देने पर यह लिवर में सूजन, फाइब्रोसिस, सिरोसिस, लिवर फेल्योर और यहां तक कि कैंसर जैसी गंभीर स्थितियों का कारण बन सकती है। अच्छी बात यह है कि शुरुआती स्टेज में सही खानपान, नियमित एक्सरसाइज, वजन कंट्रोल रखने और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने से इसे काफी हद तक रोका और कंट्रोल किया जा सकता है। इसलिए लक्षण नजरअंदाज न करें और समय-समय पर डॉक्टर से जांच कराते रहें।

FAQ

  • फैटी लिवर कितना खतरनाक होता है?

    फैटी लिवर पहली स्टेज में अक्सर ज्यादा खतरनाक नहीं होता लेकिन इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि बिना लक्षणों के यह आगे बढ़ सकता है। लंबे समय तक समस्या को अनदेखा करने पर सूजन, लिवर सिरोसिस और लिवर फेल होने का खतरा बढ़ सकता है।
  • फैटी लिवर में कहां दर्द होता है?

    फैटी लिवर की समस्या में आमतौर पर दाईं तरफ ऊपरी पेट में दर्द या भारीपन महसूस हो सकता है। कभी-कभी थकान, पेट फूलना या भूख कम लगने जैसे लक्षण भी दिखते हैं।
  • कैसे पता चलेगा कि लिवर फैटी है?

    फैटी लिवर का पता अल्ट्रासाउंड, ब्लड टेस्ट (LFT) या डॉक्टर की जांच से चलता है। कई बार कोई खास लक्षण नहीं होते हैं और जब लक्षण नजर आते हैं तब तक स्टेज 2 या 3 तक पहुंच जाती है।
  • लिवर डैमेज होने पर क्या होता है?

    लिवर डैमेज होने पर पेट में दर्द, कमजोरी, पीलिया, पेट में सूजन, उल्टी, भूख कम लगना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
  • लिवर डैमेज क्यों होता है?

    लिवर डैमेज होने के अनेक कारण हो सकते हैं, जैसे कि ज्यादा शराब, मोटापा, जंक फूड, डायबिटीज, हेपेटाइटिस वायरस, कुछ दवाइयों का ज्यादा या गलत उपयोग और लंबे समय तक अनहेल्दी लाइफस्टाइल लिवर डैमेज का कारण बन सकती है।

Read Next

क्‍या फैटी लि‍वर र‍िकवरी के बाद दोबारा हो सकता है?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Akanksha Tiwari

Senior Sub Editor

आकांक्षा तिवारी हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 6 साल का अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और फिलहाल जागरण न्यू मीडिया (Onlymyhealth) में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। आकांक्षा को स्वास्थ्य, पोषण और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखने का अच्छा अनुभव है। वे पत्रकारिता और जनसंचार में पोस्ट ग्रैजुएट हैं। रिसर्च, SEO और फैक्ट-चेकिंग में उनकी खास पकड़ है और वे हमेशा प्रमाणिक और भरोसेमंद जानकारी देने की कोशिश करती हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Apr 03, 2026 17:17 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Apr 03, 2026 17:17 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Apr 03, 2026 17:17 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Apr 03, 2026 17:17 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr. Saurabh Singhal

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content