
Buransh flower benefits: उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में कई ऐसे पेड़-पौधे और जड़ी-बूटियां पाई जाती हैं, जिनका इस्तेमाल स्वास्थ्य, त्वचा संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए किया जाता है। इन्हीं में से एक है बुरांश। बुरांश का पौधा पहाड़ी क्षेत्रों में पाया जाता है। बुरांश के फूलों, पंखुडियों, पत्तों को स्वास्थ्य के लिए काफी लाभकारी माना जाता है। बुरांश की पंखुडियों में क्विनिक एसिड पाया जाता है। साथ ही इसके फूल भी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। पहाड़ों में बुरांश के फूलों का जूस बनाया जाता है। यह जूस स्वादिष्ट होने के साथ ही पौषक तत्वों से भी भरपूर होता है। बुरांश के औषधीय गुण के कारण इसका इस्तेमाल रोगों के इलाज के लिए किया जाता है जानें बुरांश के फूल के फायदे-
बुरांश के फूल के फायदे (Buransh flower benefits)
1. एनीमिया से बचाव
एनीमिया यानी शरीर में खून की कमी। अधिकतर महिलाओं को शरीर में खून की कमी की समस्या का सामना करना पड़ता है। खून की कमी कई स्वास्थ्य समस्याओं का भी कारण बनता है। ऐसे में बुरांश का फूल लाभकारी होता है। बुरांश के फूल में आयरन की मात्रा अच्छी होती है, जो एनीमिया से बचाव करता है। आयरन खून की कमी की भी पूर्ति करता है। बुरांश का फूल आपके हीमोग्लोबिन को बढ़ाने में मदद करता है।
2. हड्डियों को मजबूत बनाए
उम्र बढ़ने के साथ ही हड्डियों से जुड़े रोग भी होने लगते हैं। ऐसे में आप बुरांश के फूलों को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। बुरांश के फूल में कैल्शियम अच्छी मात्रा में होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है। इससे हड्डियों, जोड़ों में दर्द की शिकायत भी दूर होती है।
इसे भी पढ़ें - अर्जुन के फल के फायदे: अर्जुन का फल खाने से दूर होती हैं ये 5 समस्याएं
3. जलन को शांत करे बुरांश
बुरांश के फूल शरीर, त्वचा की शांत को भी शांत करने में कारगर होता है। कुछ लोगों को शरीर में गर्मी बनी रहती है, इससे उन्हें जलन होती है। ऐसे में बुरांश के फूलों का शर्बत पीना फायदेमंद होता है। इससे जलन शांत होती है।
4. डायबिटीज रोगियों के लिए फायदेमंद
बुरांश डायबिटीज रोगियों के लिए भी लाभकारी होता है। बुरांश का सेवन करने से ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल में रहता है। बुरांश में एंटी हिपेरग्लिसेमिक गुण पाया जाता है, जो शरीर में शुगर लेवल को नियंत्रण में रखता है। लेकिन अगर आपका शुगर लेवल बढ़ा हुआ है, तो आपको डॉक्टर की सलाह पर ही इसे लेना चाहिए।
5. शारीरिक कमजोरी दूर करे
बुरांश पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें आयरन, कैल्शियम, जिंक और कॉपर अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। ऐसे में यह शरीर की कमजोरी को भी दूर करता है। अगर आप शारीरिक रूप से कमजोर हैं, तो बुरांश का सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें - मरुआ के फायदे: मरुआ के पत्ते खाने से सेहत को मिलते हैं ये 5 फायदे, जानें सेवन का तरीका
बुरांश के फूलों का सेवन करने का तरीका
बुरांश के फूलों का सेवन करना लाभकारी होता है। ऐसे में आप इसका सेवन किस तरह से कर सकते हैं? तो आप बुरांश के फूलों का सेवन जूस या शर्बत के रूप में कर सकते हैं। बुरांश के फूल का जूस सेहत को कई लाभ पहुंचाता है।
बुरांश के फूलों के साथ ही इसके पत्ते भी लाभकारी होते हैं। ऐसे में आप चाहें तो इसके पत्तों को भी उपयोग में ला सकते हैं। लेकिन अगर आप किसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं, तो डॉक्टर की सलाह पर ही बुरांश के फूलों या पत्तों का उपयोग करें।