कंप्यूटर और मोबाइल के आगे घंटों बैठने से आपकी आंखों की रोशनी प्रभावित हो सकती है। आज के समय ज्यादातर काम कंप्यूटर से किया जाता है। ऐसे में ऑफिस में आठ से नौ घंटे कंप्यूटर के आगे बिताने से आंखों पर दबाव पड़ सकता है। वहीं, बच्चे भी फ्री टाइम में मोबाइल में गेम खेलना ही पसंद करते हैं। यह सभी आदतें आंखों से जुड़ी समस्याओं की मुख्य वजह मानी जाती है। इसके साथ ही, समय पर भोजन न करना और बाहर का जंक फूड खाने भी आपको कुपोषण का शिकार बना सकता है। पर्याप्त पोषण न मिलने की वजह से आंखों की रोशनी धीरे-धीरे कमजोर हो सकती है। ऐसे में डॉक्टर डाइट में संपूर्ण पोषण लेने की सलाह देते हैं। विटामिन ए, बी और अन्य के अलावा जिंक भी आंखों की रोशनी को बनाए रखने में मुख्य भूमिका निभाता है। इस लेख में जगत फार्मा के नेत्र विशेषज्ञ और आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ. मनदीप सिंह बासु से जानते हैं कि आंखों की रोशनी को बढ़ाने में जिंक के क्या फायदे होते हैं और इसे किन चीजों से प्राप्त किया जा सकता है?
जिंक आंखों के लिए क्यों जरूरी होता है? - Benefits Of Zinc To Improve Eyesight In Hindi
रेटिना को नुकसान पहुंचाने से बचाए
रेटिना (Retina) की कोशिकाओं की सुरक्षा के लिए जिंक सहायक माना जाता है। रेटिना हमारी आंख में पड़ने वाली रोशनी को महसूस करके मस्तिष्क को संकेत भेजता है। जिंक का पर्याप्त मात्रा में सेवन करने से रेटिन की कोशिकाएं ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से प्रभावित नहीं होती है जिससे अधिक उम्र में आंखों की रोशनी कम होने की संभावना कम हो जाती है।
विटामिन A के अवशोषण में मददगार
जिंक शरीर और आंखों के लिए आवश्यक माने जाने वाले विटामिन ए को अवशोषित करने में मदद करता है। विटामिन ए की कमी से व्यक्ति को रात में न दिखाई देने की समस्या हो सकती है, इस समस्या को नाइट बलाइनेंस (night blindness) के रूप में पहचाना जाता है। ऐसे में विटामिन ए और जिंक लेने की सलाह दी जाती है।
इम्यूनिटी को मजबूत बनाएं
जिंक इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है, जिससे आंखों में इंफेक्शन होने की संभावना कम होती है। आंखों में बार-बार होने वाली जलन, सूजन या एलर्जी की समस्याएं भी जिंक की पर्याप्त मात्रा से दूर हो सकती हैं।
बढ़ती उम्र में आंखों से जुड़ी समस्या को कम करें
उम्र बढ़ने के साथ एज-रिलेटेड मैक्युलर डिजनरेशन (AMD) की समस्या देखने को मिलती है। इसमें उम्र के साथ आंखें की रोशनी खराब होने लगती है। लेकिन, जिंक युक्त आहार के सेवन से आप इस समस्या से बच सकते हैं और जिंक एएमडी की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद कर सकता है।
घाव भरने में मददगार
यदि आंखों में कोई चोट या ऑपरेशन हुआ हो, तो जिंक कोशिकाओं को दोबारा बनने और घाव भरने की प्रक्रिया को तेज करता है। यह आंखों की रिपेयर प्रणाली को मजबूत बनाता है।
व्यक्ति को रोजाना जिंक की कितनी मात्रा में आवश्यकता होती है?
एक व्यस्क पुरुष को रोजाना करीब 11 मिलीग्राम और महिलाओं को लगभग 8 मिलीग्राम जिंक की आवश्यकता होती है। जिन लोगों में जिंक की कमी होती है उन्हें डॉक्टर सप्लीमेंट लेने की सलाह दे सकते हैं। फिलहाल, स्वस्थ व्यक्ति आहार से ही जिंक की पूर्ति कर सकते हैं।
जिंक युक्त आहार के सोर्स - Zinc Food Source in Hindi
- कद्दू के बीजों (Pumpkin Seeds) में भरपूर मात्रा में जिंक होता है। इन्हें आप सलाद में सीधे ही खा सकते हैं।
- चना, मसूर, मूंग आदि जिंक के अच्छे शाकाहारी स्रोत हैं। इनका नियमित सेवन आंखों के लिए फायदेमंद है।
- दूध, दही और पनीर जैसे उत्पादों में भी जिंक पाया जाता है, जो शरीर को आसानी से अवशोषित होता है।
- बादाम, अखरोट, सूरजमुखी के बीज और तिल आदि।
- अंडे जिंक का एक अच्छा सोर्स माने जाते हैं, खासतौर पर अंडे की जर्दी में जिंक मौजूद होता है।
- इसके अलावा फिश और रेड मीट में भी जिंक पाया जाता है।
इसे भी पढ़ें: आयुर्वेद में कैसे किया जाता है आंखों में इंफेक्शन का इलाज? जानें डॉक्टर से
How much zinc for eye health: आंखों से जुड़ी समस्याओं से बचने के लिए आप डाइट में जिंक युक्त आहार का सेवन कर सकते हैं। पर्याप्त पोषण न मिलने की वजह से भी आंखों की रोशनी कमजोर हो सकती है। संतुलित भोजन करने से आपको पर्याप्त पोषण मिलता है और आपको स्वास्थ्य और आंखों से जुड़ी समस्या की संभावना कम होती है। यदि, आपको धुंधला दिखाई दे रहा हो या आंखों में जलन आदि की समस्या हो रही हो तो ऐसे में तुरंत डॉक्टर से मिलें और बिना डॉक्टर की सलाह के डाइट में बदलाव न करें।