
Benefits of chakra phool: जैसे ही सर्दियां शुरू होती है, लोग खुद को गर्म रखने के लिए गर्म चीजों का सेवन शुरू कर देते हैं। इसके साथ ही सर्दियों में जुकाम, खांसी और बलगम जैसी परेशानियां भी होने लगती हैं। इसलिए लोग अपनी इम्युनिटी बढ़ाने पर भी जोर देते हैं। इम्युनिटी बढ़ाने के लिए आयुर्वेद चक्रफूल (star anise) की चाय पीने की सलाह देता है। चक्र फूल की चाय कैसे फायदेमंद है और इसे बनाने का क्या तरीका है, इस बारे में जानने के लिए हमने फरीदाबाद के सर्वोदय अस्पताल के सीनियर आयुर्वेदिक पंचकर्मा कंसल्टेंट डॉ. चेतन शर्मा (Dr. Chetan Sharma, Sr. Ayurveda Panchakarma Consultant, Sarvodaya Hospital, Faridabad & Noida) से बात की।
इस पेज पर:-
सर्दियों में चक्र फूल की चाय क्यों जरूरी?
डॉ. चेतन कहते हैं, “चक्र फूल सर्दी के मौसम में प्राकृतिक औषधि की तरह काम करता है। इसे सालों से भारत में सुगंधित मसाले के रूप में जाना जाता है, जिसका इस्तेमाल खाना बनाते समय किया जाता है। तारे जैसी आकृति वाले इस फल में कई औषधीय गुण होते हैं। आयुर्वेद में इसे ‘उष्ण’ यानी कि गर्म माना जाता है। इसे खाने से शरीर गर्म रहता है।”

इसे भी पढ़ें: बालों की ग्रोथ में मदद करेगा चक्र फूल, इन 5 तरीकों से करें इस्तेमाल
सर्दियों में चक्र फूल की चाय के फायदे
डॉ. चेतन कहते हैं कि चक्र फूल की चाय पीने से खांसी-कफ, डाइजेशन और स्ट्रेस कंट्रोल होता है। इसके साथ चक्र फूल लेने से इम्युनिटी भी बेहतर होती है।
शरीर को गर्मी मिलना
सर्दियों में हाथ-पैर सबसे ज्यादा ठंडे रहते हैं और शरीर भारी महसूस होता है और इसके साथ मेटाबॉलिज्म भी धीमा पड़ जाता है। ऐसे में चक्र फूल की चाय शरीर में हल्की नेचुरल गर्मी पैदा करती है। इससे शरीर को एनर्जी मिलती है और शरीर की अकड़न दूर होती है। सर्दियों में लोग अक्सर सुस्ती महसूस करते हैं, इसलिए चक्र फूल की चाय सुस्ती कम करती है। सर्दियों में रोजाना सुबह या शाम एक कप चक्र फूल की चाय पूरे मौसम में आराम देती है।
खांसी और बलगम से राहत
सर्दियों में आमतौर पर खांसी, कफ और नाक बंद की समस्या आम रहती है। चक्र फूल का स्वाद, सुगंध और औषधीय गुण बलगम को ढीला करते हैं और गले की सूजन कम करते हैं। इससे कफ पतला हो जाता है और सांस लेने में राहत मिलती है। गले की खराश दूर होती है और सर्दी-जुकाम कम करता है। जिन लोगों को बार-बार कफ की समस्या रहती है, उन्हें दिन में दो बार इसका इस्तेमाल करना चाहिए।
डाइजेशन में सुधार
सर्दियों में लोग गाजर का हलवा, लड्डू, गर्मागर्म परांठे जैसी भारी चीजें खाते हैं, जिससे पेट में गैस, एसिडिटी और भारीपन महसूस होता है। चक्र फूल की चाय इन समस्याओं का नेचुरली इलाज कर देती है। भारी भोजन करने के बाद एक कप चक्र फूल की चाय पेट की ऐंठन को कम करती है और पाचन अग्नि को बैलेंस करती है। इससे पेट हल्का और आरामदायक महसूस होता है।
स्ट्रेस कम होना
चक्र फूल की खुशबू बुहत ही अच्छी होती है और अगर इस चाय को शाम और रात के समय पिया जाए, तो मन को शांति मिलती है। इससे दिनभर का स्ट्रेस कम होता है। नर्व सिस्टम रिलैक्स होता है और नींद अच्छी आती है। जिन्हें रात में नींद आने में दिक्कत होती है, उन्हें सोने से आधा घंटा पहले चक्र फूल की चाय पीनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: चक्र फूल (Star Anise) के पानी से शरीर को करें डिटॉक्स, निकल जाएगी शरीर की सारी गंदगी
इम्युनिटी बढ़ना
सर्दियों में ठंडक होने के कारण इंफेक्शन बुहत जल्दी फैल सकता है। चक्र फूल में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-माइक्रोबियल गुण शरीर की इम्युनिटी को मजबूत बनाते हैं। इससे वायरल रोगों से बचाव होता है। बैक्टीरियल इंफेक्शन की संभावना कम हो जाती है। बच्चों और बुजुर्गों का मौसमी बीमारियों से बचाव होता है।
महिलाओं के पीरियड क्रैम्प्स सहज करना
सर्दियों में महिलाओं को पीरियड्स के दौरान क्रैम्प्स काफी ज्यादा महसूस होते हैं क्योंकि शरीर ठंडा होने के कारण ब्लड फ्लो धीमा हो जाता है। चक्र फूल की चाय पीने से पेट की ऐंठन शांत होती है और मूड स्विंग्स भी कम होते हैं।
चक्र फूल की चाय कैसे बनाएं?
डॉ. चेतन ने चक्र फूल की चाय बनाने की आसान रेसिपी बताई है।
सामग्री:
1 कप पानी
1 या 2 चक्र फूल
थोड़ा सा शहद (जरूरत हो तो)
विधि:
1. एक कप पानी को उबालें
2. उबलते पानी में चक्रफूल डालें
3. 3–4 मिनट धीमी आंच पर पकाएं
4. चाहे तो शहद मिलाएं
5. गरम-गरम पिएं
चक्र फूल की चाय कब और कैसे पिएं?
डॉ. चेतन कहते हैं, “चक्र फूल की चाय सुबह खाली पेट या शाम के समय भी पी जा सकती है। अगर किसी को खांसी या कफ है, तो दिन में दो बार पी सकते हैं। नींद न आने पर सोने से आधा घंटा पहले पी सकते हैं। प्रेग्नेंट महिलाओं, बीपी की समस्या वाले लोगों को चक्र फूल की चाय पीने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। बच्चों को भी इस चाय की मात्रा कम ही दें और अगर किसी को चक्रफूल से एलर्जी है, तो इसे बिल्कुल न लें।
निष्कर्ष
चक्र फूल की चाय सर्दियों के लिए बेहतरीन और घरेलू औषधि है, जो शरीर को गर्म तो रखती ही है साथ में मौसमी बीमारियों से भी बचाती है। इसलिए अगर आप किसी प्राकृतिक औषधि की तलाश में है, तो चक्र फूल की चाय आपके लिए सही विकल्प हो सकती है। बस इस बात का ध्यान रखें कि चक्रफूल की चाय बहुत मात्रा में न पिएं।
यह विडियो भी देखें
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version
Nov 18, 2025 16:53 IST
Modified By : Aneesh RawatNov 18, 2025 16:53 IST
Published By : Aneesh Rawat