
Buttermilk Benefits for Summer in Hindi: छाछ प्रोटीन, कैल्शियम, पोटैशियम और फॉस्फोरस का अच्छा सोर्स है। इसमें फैट और कैलोरी कम पाई जाती है। अधिकतर लोग गर्मियों में छाछ का सेवन करते हैं। छाछ को गर्मी से राहत देने वाला एक बेहतरीन पेय पदार्थ माना जाता है। गर्मियों में छाछ का सेवन सुबह, दोपहर या फिर शाम को किसी भी समय किया जा सकता है। वहीं, कई लोग रात में खाना खाने के बाद भी छाछ पीना पसंद करते हैं। रात में छाछ पीने से आपकी दिनभर की थकान दूर होगी। साथ ही, आपके एनर्जी मिलेगी और आप अच्छा महसूस करेंगे। तो आइए, आरोग्य डाइट और न्यूट्रीशन क्लीनिक की डॉ. सुगीता मुटरेजा से जानते हैं रात में छाछ पीने के फायदे (Garmi me Raat ko Chach Peene ke Fayde)-
रात में छाछ पीने के फायदे- Buttermilk at Night in Summer
1. शरीर को ठंडा रखे
छाछ शरीर को ठंडा रखने में मदद करती है। शरीर को ठंडक प्रदान करने के लिए आप रोज रात को खाना खाने के बाद छाछ पी सकते हैं। आप इसमें जीरा, पुदीना और काला नमक मिला सकते हैं। आप चाहें तो इसमें आइसक्यूब भी डाल सकते हैं। अगर मेनोपॉज वाली महिलाएं रोज छाछ पिएंगे, तो इससे हॉट फ्लैशेज से राहत मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें- गर्मियों में करें इन 5 ठंडी तासीर वाली जड़ी-बूटियों का सेवन, शरीर को मिलेगी ठंडक
2. स्किन को हाइड्रेट रखे
छाछ में 90 प्रतिशत से ज्यादा पानी होता है। इसमें पोटैशियम और इलेक्ट्रोलाइट्स भी होते हैं। छाछ पीने से शरीर में पानी की पूर्ति होती है। गर्मियों में बॉडी डिहाइड्रेट होने लगती है। ऐसे में अगर आप रोज रात को छाछ पिएंगे, तो इससे आपको निर्जलीकरण से राहत मिल सकती है।
3. एनर्जी बढ़ाए
गर्मियों में धूप और गर्मी की वजह से थकान महसूस होने लगती है। ऐसे में अगर आप रात को छाछ पिएंगे, तो पूरे दिन भी थकान मिट सकती है। छाछ में विटामिन्स और मिनरल्स की मात्रा काफी अधिक होती है। इसमें राइबोफ्लेविन भी होता है, जो एक विटामिन बी है। यह विटामिन शरीर में ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने में मदद करता है।
4. पाचन बेहतर बनाए
गर्मियों में पाचन से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ने लगती हैं। छाछ पीने से पाचन से जुड़ी प्रॉब्लम्स को ठीक करने में मदद मिल सकती है। छाछ में हेल्दी बैक्टीरिया और लैक्टिक एसिड होते हैं, जो पाचन में मदद करते हैं। छाछ मेटाबॉलिज्म में भी सुधार करते हैं। अगर कब्ज की समस्या बनी हुई है, तो आप गर्मी में छाछ पी सकते हैं। छाछ मल त्याग को बढ़ाने में मदद करता है। यह पेट के संक्रमण को भी रोकने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें- गर्मी में छाछ, लस्सी या दही? तीनों में से क्या पीना है ज्यादा फायदेमंद
5. एसिडिटी से राहत दिलाए
मसालेदार और ऑयली खाना खाने से एसिडिटी की समस्या हो सकती है। इसकी वजह से आपको सीने और पेट में जलन हो सकती है। गर्मी में रोज रात को छाछ पीने से एसिडिटी से निजात मिल सकता है। एसिडिटी से राहत पाने के लिए आप छाछ में जीरा पाउडर और काला नमक डाल सकते हैं।