Badam Sharbat Benefits In Hindi: गर्मी के मौसम में तपती धूप से घर लौटने के बाद हम सभी का कुछ ठंडा पीने का मन करता है। ऐसे में अधिकतर लोग फ्रिज का ठंडा पानी या कोल्ड ड्रिंक का सेवन करते हैं। लेकिन ये ड्रिंक्स आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं। ऐसे में अगर आप कुछ टेस्टी और हेल्दी पीना चाहते हैं, तो बादाम का शर्बत पी सकते हैं। जी हां, बादाम का शर्बत पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें विटामिन ई, प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम और ओमेगा 3 फैटी एसिड जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो सेहत को कई लाभ पहुंचाते हैं। बादाम का शर्बत पीने से शरीर हाइड्रेटेड रहता है और इंस्टेंट एनर्जी भी मिलती है। इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर की कई समस्याओं को कम करने में मदद कर सकते हैं। तो आइए, डाइट्रीफिट की डाइटिशन अबरना मैथ्यूवनन से जानते हैं बादाम का शर्बत पीने के फायदे क्या हैं। साथ ही, हम आपको इसे बनाने की आसान रेसिपी भी बता रहे हैं।
बादाम का शर्बत पीने के फायदे - Badam Sharbat Benefits In Hindi
इम्यूनिटी बूस्ट करे
शरीर को स्वस्थ और बीमारियों से रखने के लिए शरीर की इम्यूनिटी का मजबूत होना बहुत जरूरी है। बादाम का शर्बत पीने से इम्यूनिटी को बूस्ट करने में मदद मिल सकती है। यह विटामिन ई, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होता है, जो इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। इसका सेवन करने से आप वायरस और बैक्टीरिया की चपेट में आने से बच सकते हैं। इससे कई गंभीर बीमारियों का जोखिम कम हो सकता है।
पाचन तंत्र को दुरुस्त करे
गर्मियों में कई लोगों को पाचन संबंधी समस्याएं हो जाती हैं। ऐसे में बादाम के शर्बत का सेवन आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। दरअसल, इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसके सेवन से आपको कब्ज, अपच और एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है।
हड्डियों के लिए लाभकारी
बादाम का शर्बत हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए भी बहुत फायदेमंद हो सकता है। इसमें कैल्शियम और विटामिन डी भरपूर मात्रा में होते हैं, जो हड्डियों को मजबूती प्रदान करने और इनके विकास में मददगार हो सकते हैं। बादाम का शर्बत पीने से हड्डियों से जुड़ी समस्याओं का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।
एनर्जी बढ़ाए
गर्मी के मौसम में बॉडी डिहाइड्रेट हो सकती है, जिसकी वजह से कमजोरी और सुस्ती जैसी समस्याएं सकती हैं। बादाम का शर्बत प्रोटीन, कैल्शियम और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसे पीने से आप दिनभर एनर्जेटिक बने रहेंगे। साथ ही, आपको ताकत भी मिलेगी। थकान और कमजोरी महसूस होने पर इसका सेवन करना फायदेमंद हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: गर्मी में अंजीर कैसे खाएं? जानें तरीका और इससे सेहत को मिलने वाले फायदे
दिल के लिए फायदेमंद
बादाम के शर्बत का सेवन हार्ट के लिए भी फायदेमंद होता है। इसमें फाइबर और ओमेगा 3 फैटी एसिड जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो दिल को स्वस्थ रखने में मददगार होते हैं। इसके सेवन से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल कम होता है, जिससे हृदय संबंधी बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
स्वस्थ आंखों के लिए
बादाम के शर्बत में विटामिन ए और विटामिन ई की अच्छी मात्रा पाई जाती है। यह आंखों की रोशनी में सुधार करने में मदद कर सकता है। साथ ही, इसके नियमित सेवन से मोतियाबिंद जैसी आंखों से जुड़ी बीमारियों का जोखिम भी कम हो सकता है।
बादाम का शर्बत बनाने का तरीका - Badam Sharbat Recipe In Hindi
सामग्री
- बादाम - 1 कप
- ठंडा दूध - 1 गिलास
- चीनी - जरूरत या स्वाद के अनुसार
- इलाइची पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- केसर - 4-5 धागे
विधि
- बादाम का शर्बत बनाने के लिए एक कप बादाम को रातभर पानी में भिगोकर रख दें।
- अगले दिन पानी को छान लें और बादाम के छिलके निकाल दें।
- अब मिक्सी में बादाम और आधा कप पानी डालकर ब्लेंड कर लें।
- अब एक पैन में बादाम का पेस्ट और 4 कप पानी डालें। इसे मीडियम आंच पर एक उबाल आने तक पकाएं।
- जब एक उबाल आ जाए, तो गैस की आंच कम कर दें और 10 मिनट तक पकाएं।
- इसके बाद इसमें चीनी, इलाइची पाउडर और केसर वाला दूध डालें और अच्छी तरह मिक्स कर लें।
- अब गैस बंद कर दें और इस मिश्रण को अच्छी तरह ठंडा कर लें।
- अब इस मिश्रण को एक कांच के एयरटाइट कंटेर में डालकर फ्रिज में रख दें।
- शर्बत बनाने के लिए इस मिश्रण को एक गिलास ठंडे दूध में मिलाएं।
- आइस क्यूब्स और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करके सर्व करें।
गर्मियों में बादाम का शर्बत पीने से सेहत को कई फायदे मिल सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि बादाम की तासीर गर्म होती है, इसलिए इस शर्बत का सेवन सीमित मात्रा में ही करें। अगर आपको कोई बीमारी या एलर्जी है, तो इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।